Archive | August 14th, 2018

आई0ए0एस0 अधिकारी प्रशासनिक व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी : मुख्यमंत्री

Posted on 14 August 2018 by admin

विकास कार्यों के क्रियान्वयन में प्रशासनिक अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका

प्रशासनिक अधिकारी सदैव सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य करें

press-172कानून-व्यवस्था को बनाए रखने में भी
प्रशासनिक अधिकारियों की प्रभावी भूमिका होती है

मुख्यमंत्री से भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रशिक्षु अधिकारियों ने भेंट की

लखनऊ : 14 अगस्त, 2018
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से आज यहां शास्त्री भवन में भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रशिक्षु अधिकारियों ने भेंट की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आई0ए0एस0 अधिकारी प्रशासनिक व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। विकास कार्यों के क्रियान्वयन में इन अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी सदैव सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य करें। उनके लिए यह सकारात्मक दृष्टिकोण न केवल सेवाकाल में, बल्कि जीवन में भी उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी संवाद के माध्यम से जनता की समस्याओं का समाधान कर सकते हैं। press-422
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का लाभ जनता तक पहुंचे, इसके लिए जरूरी है कि अधिकारी तमाम विषयों और मुद्दों से भली-भांति परिचित हों। उन्हें अपने दायित्वों का भली प्रकार निर्वहन करने के लिए परिश्रमी और तेजी से फैसले लेने में भी सक्षम होना चाहिए। साथ ही, मामलों का निस्तारण पारदर्शी तथा समयबद्ध ढंग से किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कानून-व्यवस्था को बनाए रखने में भी प्रशासनिक अधिकारियों की प्रभावी भूमिका होती है। कभी-कभी एक छोटी सी घटना भी बड़े विवाद का रूप ले लेती है, जिसे प्रारम्भिक चरण में ही संवाद के माध्यम से निस्तारित कर लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे विशाल और विविधतापूर्ण राज्य में अधिकारियों को अपनी क्षमता व दक्षता दिखाने का अवसर मिला है। बगैर किसी भेदभाव, दबाव व पक्षपात के जनसंवाद के आधार पर कार्य करके, वे एक कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में अपनी पहचान बनाने में सफल हो सकेंगे। उन्होंने नव नियुक्त अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक श्री मुकुल सिंघल, उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबन्धन अकादमी के महानिदेशक श्री कुमार अरविन्द सिंह देव, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री श्री एस0पी0 गोयल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

Comments (0)

मुख्यमंत्री ने तपसी धाम, बस्ती में पर्यटन विभाग के 4.38 करोड़ रु0 के कार्यों का शिलान्यास किया

Posted on 14 August 2018 by admin

पेयजल एवं सौर ऊर्जा आधारित कार्यों का लोकार्पण

तपसी धाम क्षेत्र हमेशा से आध्यात्मिक और
सामाजिक क्षेत्र का जागृत केन्द्र रहा है : मुख्यमंत्रीpress-131

स्वतंत्रता दिवस पर 09 करोड़ पौध रोपण अभियान के तहत
लोगों को कम से कम एक पौधा लगाकर सहभागी बनना चाहिए

मुख्यमंत्री ने तपसी धाम परिसर में रूद्राक्ष का पौधा रोपित किया
लखनऊ : 14 अगस्त, 2018

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज जनपद बस्ती के ग्राम कसैला स्थित तपसी धाम में आयोजित कार्यक्रम में पर्यटन विभाग के 4.38 करोड़ रुपए के कार्यों का शिलान्यास किया। इसके तहत तपसी धाम आश्रम के सौन्दर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार सम्बन्धी कार्य कराए जाएंगे। इस धाम में श्रद्धालुओं के ठहरने हेतु आवास, मनोरमा नदी पर 100 मीटर लम्बे घाट का निर्माण तथा आश्रम की बाउण्ड्रीवॉल का निर्माण किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने तपसी धाम में पेयजल एवं सौर ऊर्जा आधारित कार्यों का भी लोकार्पण किया।press-82
मुख्यमंत्री जी ने इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि तपसी धाम क्षेत्र हमेशा से आध्यात्मिक और सामाजिक क्षेत्र का जागृत केन्द्र रहा है। यह स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी गतिविधियों और कार्यों का भी केन्द्र रहा है। यह स्थान आध्यात्मिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक एकता का सन्देश देता है। ज्ञातव्य है कि तपसी धाम आश्रम में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक वर्ष 03 दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। भारत में तपसी धाम एक ऐसा केन्द्र है, जहां पर आध्यात्मिकता के साथ-साथ सामाजिक बिन्दुओं पर भी चर्चा होती है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश का हर बच्चा स्कूल जाए तथा उसे यूनिफार्म, पाठ्य-पुस्तकें, जूता-मोजा आदि मिले, इसके लिए कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा तीर्थ स्थानों को परस्पर जोड़ेने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने इस अवसर पर देश के विकास और प्रगति के लिए सभी से अपना सार्थक योगदान देने तथा नदियों के प्रदूषण को दूर करने का संकल्प लेने की बात कही। उन्होंने मनोरमा नदी को प्रदूषण मुक्त किए जाने की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि नदियों में शहरों और गांवों के गन्दे नालों व प्रदूषित जल को जाने से रोकना होगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर राज्य सरकार ने 09 करोड़ पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया है। सभी लोगों को कम से कम एक पौधा लगाकर इस अभियान में सहभागी बनना चाहिए। मुख्यमंत्री जी ने तपसी धाम परिसर में रूद्राक्ष का पौधा रोपित किया। इस अवसर पर 1000 से ज्यादा पौधे रोपित किए गए, जिनमें मुख्य रूप से रूद्राक्ष, कदम्ब, जामुन, बेल, अमरूद आदि के पौधे थे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आजादी के आन्दोलन में अनेक लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दी। उनके योगदान से देश को आजादी मिली। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी को बधाई व शुभकामनाएं देते हुए इस पर्व को शान्ति एवं उल्लास के वातावरण में मनाने की अपील की।
अपर मुख्य सचिव सूचना एवं पर्यटन श्री अवनीश कुमार अवस्थी ने पर्यटन विभाग की योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज जिन कार्यों का शिलान्यास सम्पन्न हुआ, उन्हें शीघ्र पूर्ण किया जाएगा।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, सन्तगण एवं अन्य नागरिक उपस्थित थे।

Comments (0)

मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनपदों के 73 व्यक्तियों को 88 लाख 32 हजार रु0 की आर्थिक सहायता प्रदान की

Posted on 14 August 2018 by admin

लखनऊ : 14 अगस्त, 2018
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने गम्भीर बीमारियों से ग्रसित विभिन्न जनपदों के 73 व्यक्तियों को
88 लाख 32 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की है। यह आर्थिक सहायता मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से दी गई है।
यह जानकारी देते हुए राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि लाभार्थियों में जनपद कुशीनगर के श्री रूदल चौहान, महराजगंज के श्री कुतबुद्दीन अंसारी तथा उन्नाव की श्रीमती नीतू आदि शामिल हैं। लाभार्थियों में अधिकतर कैंसर, हृदय, किडनी तथा लिवर से सम्बन्धित बीमारियों से ग्रसित हैं।

Comments (0)

झण्डा रोहण - भाजपा पार्टी मुख्यालय

Posted on 14 August 2018 by admin

लखनऊ 14 अगस्त 2018, भारतीय जनता पार्टी के राज्य मुख्यालय पर कल 10 बजे झण्डा रोहण किया जायेगा। इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश उपाध्यक्ष जे.पी.एस. राठौर, मुख्यालय प्रभारी भारत दीक्षित सहित कई अन्य प्रमुख पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।

Comments (0)

स्वतंत्रता दिवस पर बधाई व शुभकामनाएं - डा0 महेन्द्र नाथ पाण्डेय

Posted on 14 August 2018 by admin

लखनऊ 14 अगस्त 2018, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा0 महेन्द्र नाथ पाण्डेय एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस पर बधाई व शुभकामनाएं दी है।
प्रदेश अध्यक्ष डा0 महेन्द्र नाथ पाण्डेय कल वाराणसी स्थित पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय पर प्रातः 9.30 बजे झण्डा रोहण करेंगे।
पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर प्रातः 10 बजे प्रदेश उपाध्यक्ष जे.पी.एस. राठौर झण्डा रोहण करेंगे।

Comments (0)

नई वेबसाइट से आई0ए0एस0/पी0सी0एस0 अधिकारियों की तैनात का विवरण जन सामान्य के लिये पारदर्शिता के साथ होगा उपलब्ध: डाॅ0 अनूप चन्द्र पाण्डेय

Posted on 14 August 2018 by admin

उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव डाॅ0 अनूप चन्द्र पाण्डेय ने कहा कि नियुक्ति
विभाग की कार्यप्रणाली के सुगम और सुचारु रूप से संचालित कराने एवं भारत सरकार
के निर्धारित मानकों को पूर्ण करने को दृष्टिगत रखते हुये नियुक्ति विभाग की
नई वेबसाइट विकसित करायी गयी है। नई वेबसाइट में आई0ए0एस0/पी0सी0एस0
अधिकारियों की तैनाती का विवरण जन सामान्य के लिये पारदर्शिता के साथ उपलब्ध
रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की योजनाओं एवं कार्यक्रमों को
पारदर्शिता के साथ क्रियान्वयन सुनिश्चित कराने के अतिरिक्त प्रदेश में तैनात
प्रशासनिक अधिकारियों के बारे में भी वांछित जानकारी पारदर्शिता के साथ उपलब्ध
कराने हेतु बेहतर पहल की गयी है।photo3

मुख्य सचिव आज शास्त्री भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष के सभागार में नियुक्ति
विभाग की वेबसाइट *www.niyuktionline.upsdc.gov.in

http://www.niyuktionline.upsdc.gov.in का शुभारम्भ करने के उपरान्त अपने
विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के स्थानान्तरण के
फलस्वरूप उनकी तैनाती की सूचना तत्काल वेबसाइट पर नियुक्ति विभाग में तैनात
कम्प्यूटर आॅपरेटर द्वारा अद्यतन की जाती रहेगी।

कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक श्री मुकुल सिंघल, विशेष
सचिव नियुक्ति श्री संजय कुमार, विशेष सचिव कार्मिक श्री शीतला प्रसाद,
संयुक्त सचिव नियुक्ति श्री धनन्जय शुक्ल सहित सम्बन्धित विभाग के अन्य
अधिकारीगण उपस्थित थे।

Comments (0)

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर सम्मान के साथ समाज से जोड़ने की दिशा में उठाया गया यह कदम-प्रो0 रीता बहुगुणा जोशी

Posted on 14 August 2018 by admin

लखनऊ: 14 अगस्त, 2018rita-bahuguna
प्रदेश की महिला कल्याण मंत्री प्रो0 रीता बहुगुणा जोशी ने आज जी0आर0पी0 लाइन्स, चारबाग लखनऊ में कौशल प्रशिक्षण केन्द्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण केन्द्र के द्वारा रेलवे स्टेशन या उसके आस-पास जीवन यापन कर रहे महिलाओं एवं बच्चों को सेल्फ एम्प्लाॅएड टेलर का प्रशिक्षण प्रदान किया जायेगा। उन्होंने बताया कि केन्द्र पर प्रशिक्षण करा रही कार्यदायी संस्था द्वारा 70 प्रतिशत प्रशिक्षुओं को रोजगार से जोड़ा जायेगा तथा जो प्रशिक्षु स्वयं अपना रोजगार स्थापित करना चाहेंगे उन्हें प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के माध्यम के लोन उपलब्ध कराकर सहायता की जायेगी।
प्रो0 जोशी ने जी0आर0पी0 लखनऊ का विशेष धन्यवाद देते हुए कहा कि स्टेशन के आस-पास बड़ी संख्या में निराश्रित, गरीब, परिव्यक्त, उपेक्षित महिलाएं और बच्चे अपना जीवन-यापन करते हैं, ऐसे में जी0आर0पी0 का प्रशिक्षण केन्द्र की स्थापना और संचालन से जुड़ना अपने-आप में बेहद महत्वपूर्ण है।
उ0प्र0 के डायरेक्टर जनरल आॅफ पुलिस श्री ओ0पी0 सिंह ने इस अवसर पर कहा कि यह पहला प्रयास है जब हम कौशल विकास प्रशिक्षण से जुड़ रहे हैं, लेकिन हमारा प्रयास होगा कि प्रदेश के सभी 75 जनपदों में हम ऐसे प्रशिक्षण केन्द्र खोलने की व्यवस्था करें। उन्होंने कहा कि समाज की मुख्य धारा से छूट गए, सड़क एवं रेलवे पर जीवन यापन करने वाले, अपराध का शिकार हुए बच्चों, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर सम्मान के साथ समाज से जोड़ने की दिशा में उठाया गया यह कदम बेहद सकारात्मक है और इस दिशा में उनके द्वारा आगे भी प्रयास जारी रखा जायेगा।
ज्ञात हो कि इस प्रशिक्षण केन्द्र में सेल्फ एम्प्लाॅएड टेलर कोर्स के अंतर्गत 60 अभ्यर्थियों को 30-30 के 02 बैच बनाकर 300 घंटे का प्रशिक्षण प्रदान किया जायेगा। प्रथम बैच का संचालन प्रातः 9ः00 बजे से दोपहर 01ः00 बजे तक एवं द्वितीय बैच का संचालन दोपहर 02ः00 बजे से सायं 05ः00 बजे तक किया जायेगा। जी0आर0पी0 लखनऊ द्वारा इस प्रशिक्षण केन्द्र की स्थापना व संचालन हेतु महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई है।
गौरतलब है कि महिला एवं बाल विकास द्वारा संचालित विभिन्न गृहों में रह रहे बच्चों और महिलाओं, आपकी सखी आशा ज्योति केन्द्रों के सम्पर्क में आने वाली पीड़ित महिलाओं, सड़को और रेलवे पर जीवन यापन कर रहे बच्चों और महिलाओं को सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभाग द्वारा कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार को इन्हें व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान करवाने का प्रस्ताव दिया गया था। जिसके क्रम में राष्ट्रीय कौशल विकास निगम द्वारा वर्ष 2017-18 में 08 जनपदों में प्रशिक्षण केन्द्रों की स्थापना की गई।
विभाग द्वारा इसी क्रम में आगे त्रिपक्षीय एम0ओ0यू0 क्रमशः राष्ट्रीय कौशल विकास निगम, महिला एवं बाल विकास विभाग व पुलिस विभाग के मध्य किया गया है। इस क्रम में आगे अब दस जनपदों में (पिछले आठ जनपदों सहित) आगामी तीन वर्षों में 11,000 अभ्यर्थियों को प्रशिक्षित किया जायेगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रो0 रीता बहुगुणा जोशी ने सभी अभ्यर्थियों की हौंसला आफजाई की तथा भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। डी0जी0पी0 उ0प्र0 श्री ओ0पी0 सिंह ने अभ्यर्थियों को कर्मठता के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर ए0डी0जी0-जी0आर0पी0 श्री विजय कुमार मौर्या, सी0ई0ओ0-एस0आर0सी0 डब्ल्यू0सी0 श्री कमल सक्सेना सहित समस्त विभागीय वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रशिक्षार्थी उपस्थित थे।

Comments (0)

प्रदेश भर में वृक्षारोपण अभियान चलायेंगे

Posted on 14 August 2018 by admin

लखनऊ 14 अगस्त 2018, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता कल 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर प्रदेश भर में वृक्षारोपण अभियान चलायेंगे। प्रदेश अध्यक्ष डा0 महेन्द्र नाथ पाण्डेय वाराणसी के सिंहपुर स्थिति चिरई गांव में वृक्षारोपण अभियान में सम्मलित होंगे। पार्टी के भारत गौरव कार्यक्रम के तहत पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा कल प्रत्येक बूथ पर कम से कम 11 पौधे को लगाने का लक्ष्य है। पार्टी द्वारा कल स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित किये जा रहे वृक्षारोपड़ अभियान में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय पदाधिकारी, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, सांसद, विधायक सहित बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता किसी न किसी बूथ पर वृक्षारोपण अभियान में सम्मलित होंगे।

Comments (0)

Advertise Here

Advertise Here

 

August 2018
M T W T F S S
« Jul   Sep »
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  
-->









 Type in