Archive | लखनऊ.

उत्तर प्रदेश में पर्यटन के विकास को केन्द्र से मिलेगा बड़ा सहयोग

Posted on 16 February 2018 by admin

केन्द्र की दस आइकाॅनिक साइट्स के अंतर्राष्ट्रीय स्तर के विकास की योजना में ताजमहल और फतेहपुर सीकरी भी शामिल

वर्ष 2019 के होने वाले कुम्भ के अंतर्राष्ट्रीय प्रचार पर बनेगी केन्द्र से योजना -श्रीमती रश्मि वर्मा सचिव पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार
यू0पी0 में पर्यटन स्थलों पर विकसित होंगी विश्व स्तरीय सुविधाएं - प्रमुख सचिव पर्यटन उ0प्र0 श्री अवनीश कुमार अवस्थी

लखनऊः 16 फरवरी, 2018
प्रदेश में पर्यटन के विकास के लिए केन्द्र सरकार द्वारा दिए जा रहे सहयोग की जानकारी देते हुए आज सचिव पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार श्रीमती रश्मि वर्मा ने बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा बड़े स्तर पर पर्यटन की ‘स्वदेश दर्शन’ और ‘प्रसाद’ की योजनाओं का लाभ उत्तर प्रदेश को दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि केन्द्र द्वारा पूरे देश में दस आइकाॅनिक साइट्स को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने के लिए चयनित किया गया है जिसमें दो साइट्स उ0प्र0 से ताजमहल और फतेहपुर सीकरी हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र द्वारा इलाहाबाद में वर्ष 2019 में होने वाले कुम्भ को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने की योजना बनाई जा रही है।
सचिव पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार आज गोमती नगर लखनऊ स्थित एक होटल में पर्यटन की ‘रीजनल रिव्यु मीटिंग-नार्थ रीजन’ की दो दिवसीय बैठक के दौरान आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी दे रही थीं। उन्होंने प्रेसवार्ता में केन्द्र की पर्यटन योजनाओं और आगामी नीतियों की जानकारी भी दी। प्रमुख सचिव पर्यटन उ0प्र0 श्री अवनीश कुमार अवस्थी ने प्रदेश में पर्यटन के विकास के साथ-साथ इससे विविध क्षेत्रों में होने वाले लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पर्यटन को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का बनाने के लिए यहां की सुविधाएं भी उसी स्तर की निर्मित की जायेगी। उन्होंने कहा कि हम कुम्भ को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ले जाने का कार्य कर रहे हैं, शीघ्र ही अयोध्या की दीवाली और ब्रज की होली को भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर के पर्यटन से जोड़ दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में ईको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए हम वन-विभाग के साथ संयुक्त रूप से कार्य के लिए अग्रसर हो चुके हैं। प्रदेश के पर्यटन की ब्रान्डिग अंग्रेजी भाषा में भी की जायेगी और कुम्भ का लोगो शीघ्र ही अंग्रेजी में भी लाया जायेगा।
प्रमुख सचिव पर्यटन उ0प्र0 ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री पर्यटकों की संख्या में बढ़ोत्तरी कर इसके बड़े विस्तार को लेकर गम्भीर है। पर्यटन के द्वारा रोजगार में विस्तार तथा उद्योगों को भी लाभ प्राप्त होगा। उ0प्र0 में तीर्थ यात्रियों की सुविधाएं बढ़ेगी प्रदेश में पर्यटकों की सुरक्षा के लिए भी प्रतिबद्धता से कार्य किया जा रहा है।

Comments (0)

स्वाती सिंह ने आशियाना में दो सड़कों और नालों का निर्माण प्रारम्भ करने के लिए किया भूमि पूजन

Posted on 16 February 2018 by admin

लखनऊः 16 फरवरी, 2018
राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती स्वाती सिंह ने आज लखनऊ की आशियाना काॅलोनी में दो सड़कों और नालों का निर्माण कार्य प्रारम्भ करने हेतु भूमि पूजन किया। ज्ञात हो कि आशियाना कानपुर रोड योजना के सेक्टर एम0 में पेट्रोल पंप के सामने गुरूद्वारा वाली सड़क तथा नागेश्वर मंदिर के सामने की सड़क का और नालों का निर्माण स्वीकृत है, जिसमें पेट्रोल पंप के सामने गुरूद्वारा वाली टू वे रोड का लगभग 2400 मीटर तथा नागेश्वर मंदिर के सामने लगभग 1100 मीटर निर्माण किया जाना है।
इस अवसर पर श्रीमती स्वाती सिंह ने बताया कि पेट्रोल पम्प के सामने गुरूद्वारा वाली सड़क लगभग 3.60 लाख रुपयों तथा नागेश्वर मंदिर के सामने की सड़क निर्माण लगभग 85 लाख रुपये से किया जायेगा। उन्होंने निर्माण कार्य के लिए अधिकृत विकास प्राधिकरण के अभियंताओं को निर्देश दिया कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता तथा समय सीमा का पूरा ध्यान रखा जाये।
निर्माण कार्य के प्रारम्भ हेतु भूमि पूजन किए जाने से जर्जर सड़क की समस्या से परेशान स्थानीय नागरिकों ने राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती सवाती सिंह के इस कदम पर हर्ष प्रकट किया।
इस अवसर पर विकास प्राधिकरण के सम्बन्धित अधिकारी, जनप्रतिनिधि विमल तिवारी, कौशलेन्द्र द्विवेदी, बीना रावत, पुष्कर शुक्ला, अनूप मिश्रा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

Comments (0)

राज्य सूचना आयुक्त श्री हाफिज उस्मान ने सूचना उपलब्ध न कराने के दोषी 22 जनसूचना अधिकारियों पर लगाया अर्थदण्ड

Posted on 16 February 2018 by admin

लखनऊः 16 फरवरी, 2018
राज्य सूचना आयुक्त श्री हाफिज उस्मान ने आरटीआई अधिनियम के तहत 22 अधिकारियों को सूचना न उपलब्ध कराने का दोषी मानते हुए 05 लाख 50 हजार रुपये का अर्थदण्ड लगाया है। आयोग ने इन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर वादी को 30 दिन में सूचना उपलब्ध कराने को कहा था।
श्री उस्मान द्वारा उपलब्ध करायी गई सूचना के अनुसार इन अधिकारियों में ज0सू0अ0, कार्यालय मण्डलायुक्त, मुरादाबाद, अपर जिलाधिकारी, सम्भल, तहसीलदार तहसील शामली, जनपद शामली, तहसीलदार तहसील देवबन्द, सहारनपुर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सहारनपुर, विकास प्राधिकरण, सहारनपुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बिजनौर, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला चिकित्सालय, रामपुर, अधिशासी अभियन्ता, विद्युत वितरण खण्ड खतौली, मुजफ्फरनगर, अधिशासी अधिकारी, नगरपालिका परिषद चन्दौसी, सम्भल, अधिशासी अधिकारी, नगरपालिका परिषद, बिजनौर, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी, सम्भल, मुख्य अभियन्ता (वि0) पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लि0 मुरादाबाद, जिला पूर्ति अधिकारी, सहारनपुर, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला चिकित्सालय, रामपुर, अधिशासी अभियन्ता, विद्युत वितरण खण्ड, सम्भल, जिला विद्यालय निरीक्षक, सम्भल, खण्ड विकास अधिकारी विकास खण्ड आॅकू नहटौर, बिजनौर, ग्राम पंचायत अधिकारी टोडा विकास खण्ड ऊन, शामली, ग्राम पंचायत अधिकारी, पीतपुर नैया खेड़ा, कुन्दरकी, मुरादाबाद, ग्राम पंचायत अधिकारी जलालपुरा विकास खण्ड नकुड़, सहारनपुर, ग्राम पंचायत अधिकारी, लाडपुर बीबी ब्लाॅक स्वार, रामपुर पर 25-25 हजार रूपये का अर्थदण्ड लगाया गया है।
जिन अधिकारियों ने वादी को सूचना देने में विलम्ब किया है, और जानबूझकर वादी को परेशान किया है, जिसकी वहज से उसका मानसिक उत्पीड़न हुआ है, ऐसे अधिकारियों को आदेश दिया कि वादी को बतौर क्षतिपूर्ति उपलब्ध कराये। इनमें जनसूचना अधिकारी, जिलाधिकारी, रामपुर पर 05 हजार रुपये, ग्राम पंचायत अधिकारी, खेड़की विकास खण्ड ऊन, शामली पर 05 हजार रुपये, प्रतिवादी जनसूचना अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, मुजफ्फरनगर पर 02 हजार रुपये एवं महामाया पाॅलीटेक्निक आॅफ आई0टी0 जे0पी0 नगर पर 01 हजार रुपये क्षतिपूर्ति के रूप में वादी को देने का आदेश दिया है।

Comments (0)

आपदा प्रबंधन के संबंध में जिलों के परिवीक्षा एवं बाल विकास अधिकारियों को दिया गया एक दिवसीय प्रशिक्षण

Posted on 16 February 2018 by admin

लखनऊ: 16 फरवरी, 2018
सभी विकास सेक्टरों में महिलाओं की भागीदारी व नेतृत्व को बढावा देना चाहिए क्योंकि वो किसी भी आपदा में सबसे ज्यादा प्रभावित होती है। आपदा से प्रभावित महिलाओं की विशेष आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए बड़ी संख्या में महिला वालंेटियर्स एवं स्वयं सहायता ग्रुप की भागीदारी बढाई जानी चाहिए। यह जानकारी आपदा विशेषज्ञ श्री नरेन्द्र तिवारी ने आज यहां ‘‘आपदा प्रबंधन में महिलायें एवं बच्चों की भूमिका‘‘ विषय पर राज्य आपदा प्रबंध प्राधिकरण, पिकअप भवन, लखनऊ में दी।
आपदा प्रबन्धन में महिलायें एवं बच्चे ज्यादा संवेदनशील होते हैं इनके सशक्तीकरण हेतु सचिव एवं राहत आयुक्त, उ0प्र0 श्री संजय कुमार के कुशल नेतृत्व एवं मार्ग दर्शन में प्रदेश के आपदा प्रभावित 35 जनपदों के जिला परिवीक्षा अधिकारी एवं जिला बाल विकास अधिकारी को एक दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
राज्य आपदा प्रबंध प्राधिकरण के परियोजना निदेशक, श्री बलबीर सिंह ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही प्रथम सत्र में एन0डी0आर0एफ0 के डिप्टी कमाण्डेन्ट श्री आर0पी0 भारती ने आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार पूर्वक चर्चा करते हुए अपने अनुभव साझा किये, तत्पश्चात इनके नेतृत्व में एन0डी0आर0एफ0 टीम के द्वारा कुशल पूर्वक माॅकड्रिल का प्रदर्शन भी किया गया। आपदा में महिलाओं की भूमिका के बारे में डा0 ललित मोहन जोशी ने प्रतिभागियों को टेबलटाॅप एक्सरसाइज के माध्यम से अवगत कराया।
डा0 विनोद चन्द्रा ने बताया कि महिलाओं और बच्चों को आपदा प्रबंधन के सम्बन्ध में विशेष ध्यान देना चाहिए। महिलाओं को पुरूषों की तरह समान दृष्टि से आपदा प्रबंधन में सहभागिता करनी चाहिए और पुरूषों को महिलाओं के प्रति सम्मान तथा उनकी क्षमताओं को बराबर से आॅकते हुए आपदा प्रबंधन के कार्यों में जोड़ना चाहिए। जेन्डर एवं डिजास्टर मैनेजमेन्ट विषय पर श्री संजय झल्डियाल ने जेन्डर बजटिंग, शरणालय प्रबंधन व राहत प्रबंधन पर विस्तृत चर्चा की तथा प्रतिभागियों के साथ उनके अनुभव भी साझा किये।

Comments (0)

दो दिवसीय प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी में आई हुई विभिन्न वर्गों की प्रविष्टियों के मूल्यांकन का कार्य जारी

Posted on 16 February 2018 by admin

लखनऊ: 16 फरवरी, 2018
राजभवन प्रांगण में दो दिवसीय प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी 2018 में गमलों में लगे मौसमी फूलों के पौधों, सकुलेन्ट्स, बोनसाई, शाकभाजी, गुलाब, डहेलिया, औषधीय एवं सगंध पौधों, गमलों के कलात्मक समूह, गमलों में लगे बोगनबिलिया के पौधों तथा सदाबहार पत्ती वाले तथा अन्य गमलों के पौधों की जजिंग का कार्य केन्द्र व प्रदेश के औद्यानिकी से जुड़े संस्थानों प्रदेश के कृषि विश्वविद्यालयों तथा प्रदेश के उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग में कार्यरत एवं सेवानिवृत्त उद्यान-विशेषज्ञों के गठित निर्णायक मण्डलों द्वारा किया गया। कल दिनांक 17 फरवरी के पूर्वान्ह से फल, शाकभाजी, कटे मौसमी फूल, कलात्मक पुष्प सज्जा, रंगोली, शादी का मण्डप एवं फोटोग्राफी प्रतियोगिता के जंजिग का कार्य विषय-विशेषज्ञों द्वारा किया जायेगा। इस प्रदर्शनी में मुख्य रूप से राजभवन, मुख्यमंत्री आवास, कारागार, सेना, पी0ए0सी0, रेलवे, एच0ए0एल0, लखनऊ विकास प्राधिकरण, नगर निगम एवं व्यक्तिगत प्रतियोगियों के द्वारा विभिन्न श्रेणियों में व्यापक स्तर पर प्रतिभागिता की जा रही है।
इस बारे में जानकारी देते हुए प्रदेश के उद्यान निदेशक श्री एस0पी0 जोशी ने बताया कि प्रादेशिक पुष्प प्रदर्शनी के इतिहास में पहली बार वर्टिकल गार्डेन, फूलों से बनी आकृतियों की प्रतियोगिता, पाॅली हाउस में उत्पादित शाकभाजी एवं पुष्प की प्रतियोगिता, यूरोपियन सब्जियाँ के साथ साथ विशिष्ट फलों मशरूम, शहद एवं पान के पत्तों की प्रतियोगिता को शामिल किया गया है। इस प्रदर्शनी के ले-आउट में अप्रत्याशित परिवर्तन करते हुए प्रदर्शनी को और अधिक आकर्षक बनाने का प्रयास किया गया है।
पुष्प प्रदर्शनी का उद्घाटन 17 फरवरी को प्रदेश के मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ अपरान्ह् 03ः00 बजे राजभवन, लखनऊ के प्रांगण में करेंगे। तत्पश्चात्, प्रदर्शनी आम जनता के लिए खोली जायेगी। प्रादेशिक पुष्प प्रदर्शनी के अन्तर्गत विभिन्न श्रेणियों में आयोजित हो रही प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 18 फरवरी, 2018 को अपरान्ह् 04ः00 बजे प्रदेश के मा0 राज्यपाल श्री राम नाईक तथा प्रदेश शासन के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा पुरस्कृत किया जायेगा। स्कूलों के नर्सरी छात्र/छात्राएं प्रदर्शनी में निःशुल्क प्रवेश पा सकेंगे। इसके अलावा प्रदर्शनी में पाॅलीथीन का प्रयोग पूर्ण रूप से वर्जित है।

Comments (0)

उत्तर प्रदेश का बजट गांव, गरीब, किसान तथा युवाओं पर फोकस किया गया

Posted on 16 February 2018 by admin

लोक कल्याणकारी बजट के लिए संसदीय कार्य मंत्री ने
मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री जी को बधाई दी

लखनऊ: 16 फरवरी, 2018
उत्तर प्रदेश के संसदीय कार्य एवं नगर विकास मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने आज विधान सभा में पेश किये गये वर्ष 2018-19 के बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि इस बजट में गांव, गरीब, किसान तथा युवाओं को फोकस किया गया है। मौजूदा सरकार उद्योगों के माध्यम से नौजवानों को रोजगार देने एवं किसानों तथा गरीबों को आवास देने के लिए बजट में प्राथमिकता दी है।
संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्मार्ट सिटी से लेकर स्वच्छ भारत अभियान तथा छोटे नगरों को मूलभूत सुविधाओं से संतृप्त करने का संकल्प इस बजट में दोहराया है। बजट में समाज के सभी वर्गों के लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए कदम उठाये हैं, जिसका स्वागत किया जाना चाहिए।
श्री खन्ना ने कहा कि यह बजट सर्व समाज के लिए हितकारी है। उन्होंने बजट का स्वागत करते हुए यह भी कहा है कि इस कल्याणकारी बजट के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्य नाथ एवं वित्त मंत्री श्री राजेश अग्रवाल बधाई के पात्र है।

Comments (0)

सबका साथ-सबका विकास को समर्पित बजट - डाॅ. महेन्द्र नाथ पाण्डेय

Posted on 16 February 2018 by admin

लखनऊ 16 फरवरी 2018, भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष डा0 महेन्द्र नाथ पाण्डेय जी ने प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री आदरणीय योगी आदित्यनाथ जी को गरीबों और किसानों को समर्पित बजट प्रस्तुत करने पर बधाई दी। 4,28,348.52 करोड़ का विशाल बजट प्रस्तुत किया गया है। जो कि गत वर्ष के सापेक्ष 11.4 प्रतिशत अधिक है। बजट में 14341.89 करोड़ रूपये की नयी योजनाएं शामिल की गई है। विद्युतीकरण में गत वर्ष के सापेक्ष 54 प्रतिशत अधिक बजट में प्रावधान किया गया है। पीडब्लूडी में गत वर्ष के सापेक्ष 22 प्रतिशत अधिक बजट, कृषि में गत वर्ष की सापेक्ष 17.5 प्रतिशत अधिक बजट आंवटित किया गया है। बुन्देलखण्ड में सिंचाई के लिए विशेष रूप से ध्यान दिया गया है। इसी तरह ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग को भी गत वर्ष के सापेक्ष में अधिक बजट आंवटित करने पर एक बार पुनः आदरणीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को उ0प्र0 के समग्र विकास का बजट पेश करने पर उन्हें हार्दिक बधाई। प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को संजोये रखते हुए कुम्भ मेला, बृज की होली, अयोध्या की दिवाली, काशी, मथुरा के विकास के लिए विशेष रूप से ध्यान दिया गया है।
भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में परिवर्तन, विकास एवं गरीबों के सशक्तिकरण के लिए एक नये युग की शुरूआत कर चुकी है। केन्द्र में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने सुशासन के माध्यम से सामाजिक एवं आर्थिक न्याय के लक्ष्यों को जमीन पर उतार रही है। गरीब कल्याण के लिए तत्पर हमारी केन्द्र सरकार के कार्य को आगे बढ़ाते हुए आदरणीय योगी आदित्यनाथ जी की सरकार उत्तर प्रदेश में सर्वस्पर्शी, सर्वसमावेशक विकास, गरीबों, किसानों के कल्याण, महिलाओं के सशक्तिकरण तथा युवाओं के आत्मसम्मान एवं आत्मर्निभरता के लिए समर्पित है।
डा0 पाण्डेय ने कहा कि हम ऐसे प्रदेश के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। जहां पर प्रत्येक नागरिक की आवश्यकता जैसे भोजन, आवास, सड़क, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था हो, बच्चों के लिए शिक्षा, रोजगार के अवसर, जानमाल की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं समुचित परिवहन की व्यवस्था हो।
डा0 पाण्डेय ने कहा हम समाज के गरीब, दलित एवं पिछड़े वर्ग के कल्याण एवं समाज में उचित समुचित भागीदारी हेतु वचनबद्ध है। हमने सभी लघु एवं किसानों का फसली ऋण माफ करके, गन्ना किसानों का पूरा बकाया भुगतान एवं गेहॅू-धान की रिकार्ड खरीद और बिचैलियों को बाहर कर के हमने ये साबित कर दिया है कि हमारी कथनी और करनी में कोई अन्तर नहीं है। गन्ना किसानों का भुगतान 14 दिन में हो जाये ऐसा हमने सुनिश्चित किया हुआ है।
प्रदेश को अपराध मुक्त करने की दिशा में योगी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार संकल्पबद्ध है। एण्टी भूमाफिया टास्क फोर्स ने हजारों हेक्टेयर जमीन छुड़ाई है और 1873 भूमाफियाओं के विरूद्ध विभिन्न अपराधिक धाराओं में दर्ज कर के कार्यवाही की गई है। हमने वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोजक्ट योजना को लागू करके रोजगार सृजन के एक बड़े कार्यक्रम को शुरू किया है। प्रदेश में इन्वेस्टर समिट का आयोजन किया है जिसमें निवेश के द्वारा रोजगार सृजन की प्रचुर साधन उपलब्ध होंगे।

Comments (0)

उत्तर प्रदेश ‘जंगल राज’ से ‘मंगल राज’ की ओर-डा0 चन्द्रमोहन

Posted on 16 February 2018 by admin

लखनऊ 16 फरवरी 2018, भारतीय जनता पार्टी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश भयमुक्त, अपराध मुक्त प्रदेश बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में लगातार सुधरती कानून व्यवस्था की स्थिति विपक्षी दलों को काफी अखर रही है। भाजपा सरकार के कार्यकाल में अब तक हुई 1200 मुठभेड़ों में कुल 40 अपराधी मारे जा चुके हैं।
प्रदेश पार्टी मुख्यालय पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रदेश प्रवक्ता डा0 चन्द्रमोहन ने कहा कि इतना ही नहीं बड़ी संख्या में अपराधी जेलों में भी बंद किये गये है। अपराधियों पर सख्ती का आलम यह है कि विपक्षी सरकारों में बिना किसी भय के घूमने वाले अपराधी या तो प्रदेश छोड़ कर भाग रहे हैं यह फिर वे आत्म समर्पण कर दे रहे है। अपराधियों पर हो रही सख्त कार्यवाही ने देश-विदेश में उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के सुशासन की धाक जमाई हैं। इसका असर ‘इन्वेस्टर्स समिट’ में निवेशकों की बड़ी संख्या में हुए रजिस्ट्रेशन के रूप में देखा जा सकता है।
प्रदेश प्रवक्ता डा0 चन्द्रमोहन ने कहा कि पिछली सपा और बसपा की सरकारों ने अपराधियों को ही संरक्षण देने का काम किया था। इन सरकारों के जंगल राज में कोई भी उद्यमी उत्तर प्रदेश में अपना कारोबार नहीं करना चाहता था। यही वजह थी कि सपा और बसपा सरकार में निवेश के लिए एमओयू तो किये लेकिन इन्हें धरातल पर नहीं उतारा। प्रदेश की भाजपा सरकार के सुशासन में उद्योगपति स्वयं बहुत उत्साहित है और यूपी के विकास में अपना भरपूर योगदान देना चाहते है। यही बात विपक्षी दलों को अखर ही है। इसी कारण ये दल छोटी घटनाओं को जातिगत, संप्रदायगत रंग देकर माहौल खराब करने पर तुले है।
प्रदेश प्रवक्ता डा0 चन्द्रमोहन ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी अपराधियों को जरा भी छूट देने के मूड में नहीं है। अपराधियों पर जितनी सख्त कार्रवाई की जा सकती है उससे भी ज्यादा सख्त कार्रवाई करने का आदेश मुख्यमंत्री जी ने पुलिस प्रशासन को दिया है। भाजपा सरकार ने प्रदेश को ‘जंगल राज’ से निकाल कर ‘मंगल राज’ की तरफ मोड़ दिया है और ‘सबका साथ-सबका विकास’ के मूलमंत्र को सुशासन के जरिये साकार किया है।

Comments (0)

मुख्यमंत्री से एच0सी0एल0 कम्पनी के संस्थापक तथा शिव नाडर फाउण्डेशन के अध्यक्ष श्री शिव नाडर ने भेंट की

Posted on 15 February 2018 by admin

लखनऊ: 15 फरवरी, 2018

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से उनके सरकारी आवास पर एच0सी0एल0 कम्पनी के संस्थापक तथा शिव नाडर फाउण्डेशन के अध्यक्ष श्री शिव नाडर ने भेंट की। मुलाकात के दौरान प्रदेश में निवेश की सम्भावनाओं के सम्बन्ध में विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने श्री नाडर को 21 व 22 फरवरी, 2018 को आयोजित होने वाली ‘इन्वेस्टर्स समिट’ के लिए आमंत्रित किया तथा उन्हें प्रयाग कुम्भ-2019 का ‘लोगो’ भी भेंट किया।
भेंट के दौरान श्री नाडर ने एच0सी0एल0 की स्थापना से लेकर संस्था की अब तक की प्रगति से मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया। उन्होंने लखनऊ की आई0टी0 सिटी परियोजना के सम्बन्ध में भी मुख्यमंत्री जी को अद्यतन जानकारी प्रदान की। press-231
शिव नाडर फाउण्डेशन के कार्याें की जानकारी देते हुए श्री नाडर ने बताया कि ‘विद्या-ज्ञान’ कार्यक्रम के अन्तर्गत सीतापुर और बुलन्दशहर में गरीब परिवारों के मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए आवासीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। इन विद्यालयों में बच्चों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाती है। इसके अलावा, एच0सी0एल0 द्वारा जनपद हरदोई के कछौना, बिहन्दर एवं कोठावन विकास खण्डों के चयनित गांवों में जरूरतमंद परिवारों को विभिन्न विकास कार्यक्रमों से लाभान्वित किया जा रहा है। साथ ही, ‘समुदाय’ नामक योजना के अन्तर्गत स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, पेयजल, कृषि शिक्षा, सेवायोजन एवं अवस्थापना के अन्तर्गत आदर्श गांवों का विकास भी किया जा रहा है।

Comments (0)

सीमा जागरण मंच द्वारा आयोजित निबन्ध प्रतियोगिता के विजेताओं को राज्यपाल ने पुरस्कृत किया

Posted on 15 February 2018 by admin

सैनिक हमें सुरक्षित रहने का अहसास कराते हैं–राज्यपाल
——–
कड़े परिश्रम, प्रमाणिकता और पारदर्शिता से सफलता
प्राप्त होगी- श्री नाईक
——-
लखनऊ 15 फरवरी, 2018dsc_8678
उत्तर प्रदेश के राज्यपाल श्री राम नाईक ने आज लखनऊ पब्लिक कालेज में सीमा जागरण मंच द्वारा आयोजित वाद-विवाद एवं निबन्ध प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। यह प्रतियोगिता तीन श्रेणी क्रमशः कक्षा 5 से 8, कक्षा 9 से 12 तथा स्नातक से परास्नातक तक के विद्याथियों के मध्य आयोजित की गई थी, जिसमें लगभग प्रदेश के 80 हजार से छात्र-छात्राओं ने सहभाग किया था। पुरस्कार वितरण समारोह में विशिष्ट अतिथि संघ के सह प्रांत संघचालक डाॅ0 हरमेश चैहान, राज्य मंत्री श्रीमती स्वाती सिंह, सांसद श्री कौशल किशोर, सीमा जागरण मंच के उपाध्यक्ष श्री भानु प्रताप सिंह, कार्यक्रम के संयोजक डाॅ0 श्रीकांत शुक्ला सहित मंच पर अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
राज्यपाल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि देश की सीमाओं का सुरक्षित होना देश की अस्मिता और सम्मान के लिये आवश्यक है। सैनिकों के त्याग और बलिदान के कारण ही देशवासी सुख और शांति का जीवन व्यतीत करते हैं। सेना देश के लिये क्या करती है यह जानकार समाज में एक भावनात्मक जुड़ाव पैदा होगा। विपरीत और विषम परिस्थितियों से जुझकर हमारे सैनिक हमें सुरक्षित रहने का अहसास कराते हैं। पर्यटक जिस तरह ऐतिहासिक स्थल देखने जाते हैं उसी तरह देश पर शहीद होने वालों के सम्मान में निर्मित स्मृतिका को भी देखें। छात्र-छात्राओं और युवाओं को सेना और सेना के शहीदों से जुड़े स्थल दिखाये जायें ताकि उन्हें देशभक्ति की प्रेरणा मिले। उन्होंने कहा कि सेना के लोग अपने शहीदों को कितना सम्मान देते हैं स्मृतिका जाकर यह देखने को मिलता है।
श्री नाईक ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि पुरस्कार प्राप्त करने वाले 18 विद्यार्थियों में 14 छात्राएं हैं। महिलाएं हर क्षेत्र में आगे आ रही हैं। उन्होंने बताया कि 1954 में जब उन्होंने बी0काम0 परीक्षा पास की थी तब 150 छात्रों में केवल 4 छात्राएं थी। आज 45 प्रतिशत छात्राएं स्नातक कक्षाओं में हैं। कुलाधिपति के तौर पर उन्होंने पाया है कि उत्कृष्ट प्रदर्शन कर 65 प्रतिशत पदक छात्राएं प्राप्त कर रही हैं। आज हर क्षेत्र में महिलाएं प्रतिनिधित्व कर रही हैं। पूर्व में छात्राएं केवल नर्सिंग और शिक्षण के क्षेत्र में सेवा करती थीं जबकि अब प्रशासनिक सेवा से लेकर सेना तक में महिलाएं हैं। हमारे देश की रक्षा मंत्री भी महिला है। उचित वातावरण मिलता है तो महिलाएं आगे बढ़ सकती हैं। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण के लिए यह एक शुभ संकेत है।
राज्यपाल ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिये विद्यार्थी अपने धर्म का पालन करें। विद्यार्थी का धर्म पढ़ाई और ज्ञान अर्जन करना है। पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थी अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें क्योंकि आगे बढ़ने के लिये ज्ञान और स्वास्थ्य दोनों जरूरी हैं। कड़े परिश्रम, प्रमाणिकता और पारदर्शिता से सफलता प्राप्त होगी। असफलता से घबराये नहीं बल्कि आत्म परीक्षण करके दोबारा प्रयास करें। जीवन के लक्ष्य की ओर जाते समय चरैवेति-चरैवेति के मंत्र को आत्मसात करें। उन्होंने कहा कि देश को आगे ले जाने में विद्यार्थी अपनी भूमिका का निर्वहन करते हुए अच्छे नागरिक बनने का प्रयास करें।
विशिष्ट अतिथि डाॅ0 हरमेश चैहान ने सीमा जागरण मंच के बारे में विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि बच्चों को देशभक्ति के संस्कार दें जिससे वे अपने कर्तव्य को जाने। महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस, वीर सावरकर ने देश की स्वतंत्रता के लिये जो प्रयास किया उसके प्रति समाज की भी जिम्मेदारी बनती है। सीमा सुरक्षा में समाज की भागीदारी से सेना को बल मिलता है। उन्होंने कहा कि देश की सीमा सुरक्षित है तो देशवासी भी सुरक्षित रहेंगे।
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती स्वाती सिंह ने कहा कि सेना प्रत्यक्ष रूप से काम करती है और परोक्ष रूप से सीमा जागरण मंच काम करता है। उन्होंने सीमा जागरण मंच के कार्यकलापों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चे देश के भविष्य हैं इस दृष्टि से बच्चों के भविष्य को मजबूत करने की भी आवश्यकता है।
कार्यक्रम में सांसद श्री कौशल किशोर ने भी अपने विचार रखे। डाॅ0 श्रीकांत शुक्ला ने स्वागत उद्बोधन दिया तथा श्री अष्टभुजा पाठक ने धन्यवाद ज्ञापित किया। पुरस्कार पाने वालों में सुश्री राखी श्रीवास्तव, तन्मय गुप्ता, साक्षी, जान्वही शुक्ला, देवांशी, सुधाकर वर्मा, प्रिया बाजपेई, निधि आर्या, परिमलिक, पलक गुप्ता, हिमांशु रावत, अंशिका, प्राची दुबे, समीक्षा चैहान, ज्योति साहू, प्रज्ञा मिश्रा, जागृति सिंह आदि शामिल हैं। सांत्वना पुरस्कार सुश्री प्रिया, मोहम्मद आजम खां व सानिया खातून को मिला। कार्यक्रम में अन्य पदाधिकारियों व निर्णायक मण्डल के सदस्यों को सम्मनित किया गया।

Comments (0)

Advertise Here

Advertise Here

 

August 2026
M T W T F S S
« Sep    
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  
-->









 Type in