योगी आदित्यनाथ और मायावती को दी सज़ा-
72 घण्टे तक योगी आदित्यनाथ नहीं कर सकेंगे चुनाव प्रचार…
48 घण्टे तक मायावती नहीं कर सकेंगी चुनाव प्रचार…..
16 अप्रैल 6 AM से प्रारम्भ होगी सज़ा…
Posted on 15 April 2019 by admin
योगी आदित्यनाथ और मायावती को दी सज़ा-
72 घण्टे तक योगी आदित्यनाथ नहीं कर सकेंगे चुनाव प्रचार…
48 घण्टे तक मायावती नहीं कर सकेंगी चुनाव प्रचार…..
16 अप्रैल 6 AM से प्रारम्भ होगी सज़ा…
Posted on 15 April 2019 by admin
लखनऊ 15 अप्रैल 2019, भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष दर्शना सिंह ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में आजम खां द्वारा दिये गए बयान को महिला सम्मान पर करारा प्रहार बताते हुए कहा कि आजम खां का बयान मां, बहिनों और बेटियों के प्रति उनकी घिनौनी, गिरी हुई व आपराधिक मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा उससे भी अधिक आश्चर्यजनक आजम खां के बयान पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव उनकी सांसद पत्नी डिम्पल यादव, बसपा प्रमुख मायावती और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी व महासचिव प्रियंका वाड्रा की चुप्पी है। आजम खां के बयान पर इन सब की चुप्पी को इनका मौन समर्थन क्यों न माना जाय? महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने बसपा प्रमुख मायावती से सवाल पूछा कि क्या वो गेस्टहाउस काण्ड की वीभत्सता पूर्ण हरकतों को भूल गयी हैं जो आज वे आजम खां के बयान पर मौन रखें हुए है। श्रीमती सिंह ने सपा सांसद डिम्पल यादव से सवाल किया कि आप भी तो एक महिला हैं और प्रयागराज में जब आप पर सपा के ही अराजक तत्वों ने फब्तियां कसी थी तब आपको कैसा महसूस हुआ था। अगर डिम्पल जी उस घटना को ही आप याद कर लेती तो शायद आप आज आगे बढकर आजम खां के बयान का विरोध करती।
महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष दर्शना सिंह ने आजम खां के बयान पर समाजवादी पार्टी को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि सपा का चरित्र ही महिला विरोधी रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप मे अखिलेश यादव ने गायत्री प्रजापति पर बलात्कार के आरोपों के बावजूद न सिर्फ उन्हें अपने मंत्रि मण्डल में बनाए रखा बल्कि समय-समय पर अखिलेश ने गायत्री प्रजापति का बचाव भी किया। एक बार फिर सपा प्रमुख अखिलेश यादव की मौजूदगी में आजम खां सारी हदें पारकर मर्यादाएं तार-तार करते रहे और सपा प्रमुख मुस्कराते रहे। वैसे सपा प्रमुख से महिलाओं के हितों को लेकर आगे आने की उम्मीद करना भी बेईमानी है। लेकिन हैरानी तो तब होती है जब बसपा प्रमुख मायावती भी मौन साध लेती हैं।
महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने चुनाव आयोग से मांग की कि वे आजम खां के बयान का संज्ञान लेते हुए उनके विरूद्ध कठोरतम कार्यवाही करें।
Posted on 15 April 2019 by admin
ईवीएम मामले में विपक्ष नांच न आवे आंगन टेढा की कहावत को ही चरितार्थ कर रहा है
लखनऊ 15 अप्रैल 2019, उपमुख्यमंत्री डा दिनेश शर्मा ने कहा है कि यह चुनाव भारतीय राजनीति से गाँधी परिवार की विदाई का नया इतिहास लिखने जा रहा है। उन्होंने कहा कि गरीब के साथ न्याय का जुमला फेंकने वाले कांग्रेस अध्यक्ष व उनकी माताजी को घर भेजकर रायबरेली और अमेठी की जनता अपने साथ हुए अन्याय का हिसाब-किताब चुकता करने का मन बना चुकी है। गरीब को न्याय के नाम पर ठगने जा रही कांग्रेस ने न केवल रायबरेली व अमेठी बल्कि पूरे देश की जनता के साथ इन 60 सालों में केवल अन्याय ही किया है। चाहे वह 84 में सिखों के साथ हुआ अन्याय हो या बाबा साहेब को ससंद में जाने से रोकने की बात हो या फिर देश में आपातकाल लगाने की बात हो, इनके अन्याय की लिस्ट काफी लम्बी है। उनके परिवार के सदस्यों की नुमाइन्दगी में रहे रायबरेली और अमेठी तो देश में बदहाली का माॅडल बन चुके हैं। डा शर्मा ने कहा कि समय-समय पर केन्द्र व राज्य में रही सरकारों पर अपनी विफलता को मढ़ना इनकी पुरानी आदत रही है। इन्हंे यह तो बताना चाहिए कि जब केन्द्र में 60 साल व राज्य में लम्बे समय तक इनकी पार्टी की सरकार रही उस समय किसने इन्हें यहां का विकास कराने से रोका था। यह तो मोदी योगी की डबल इंजन की सरकार के आने के बाद यहां के लोगों को सरकार के होने व उसके काम का पहली बार एहसास हुआ है। रायबरेली व धौरारा के चुनावी कार्यक्रमों में उन्होंने कहा कि विकास और सुशासन भाजपा की पहचान बन चुके हैं, देश में कहीं भी जब किसी राज्य में विकास की बात होती है तो वहां पर कौन सरकार काम कर रही है यह पूछने की जरूरत नहीं होती है बल्कि यह माना जाता है कि भाजपा की सरकार ही होगी। जो लोग हमसे पिछले पांच साल का रिपोर्ट कार्ड मांग रहे हैं उन्हे गरीब किसान नौजवान महिला से पूछना चाहिए। जनता उन्हे हमारे विकास कार्यों के बारे में खुद ही बता देगी क्योंकि केन्द्र सरकार की योजनाओं ने उनकी जिन्दगी को बदल दिया है। आज उनके पास केन्द्र की मोदी सरकार के चलते घर है, उस घर में बिजली है और धुंए से मुक्ति दिलाने वाला गैस का चूल्हा है। यह तो बानगी मात्र है जो बताई है, ऐसी 150 से अधिक योजनाए लोगों के जीवन में बडा बदलाव ला रही हैं। आयुष्मान योजना गरीब के इलाज की गारन्टी बन गई है तथा लोगों को जीवनदान दे रही है। अब हमसे विकास और रिपोर्ट कार्ड मांगने वालों की कारगुजारी देखिए कि वोट के लिए छल-कपट के तहत कस्ता, लखीमपुर में कांग्रेस के लोगो ने एक स्टील कारखाने का शिलान्यास तो किया पर वह आज भी पूरी होने की बाट जोह रहा है और उनके अध्यक्ष कहते हैं कि जो कांग्रेस कहती है वह करती है। मोदी जी के खिलाफ एक साथ चुनाव मैदान में उतरे विपक्षी विकास के नए माॅडल व बुलन्द भारत की बुलन्द तस्वीर से इस कदर घबरा गए हैं कि तयशुदा हार के लिए ईवीएम पर दोष मढने का खाका अभी से खींचने लग गए हैं। विपक्षी दलों के हारे थके नेताओं का समूह नांच न आवे आंगन टेढा की कहावत को ही चरितार्थ कर रहा हैं। भाजपा पर साम्प्रदायिक राजनीति का आरोप लगाने वालों की कलई खुल गई है। उनके नेता रामपुर में महिला प्रत्याशी के विरुद्ध अशिष्ट व अमर्यादित टिप्पणी कर रहे हैं। उनकी सहयोगी पार्टी की महिला नेत्री महिला के अपमान पर चुप है। गठबंधन की नेत्री का खुलेआम एक सम्प्रदाय विशेष के वोट मांगने का कारनामा सभी के सामने हैं जबकि हमारी पार्टी और प्रधानमंत्री सबका साथ-सबका विकास की बात करते हैं। इन लोगों का हाल देखिए कि ये जिन अम्बेडकर जी और कांशीराम जी के सपने को पूरा करने की बात करती है उनके सपनों के केन्द्र में रहने वाले लोगों के कल्याण के बारे में एक शब्द इनके मॅुह से नहीं निकलता है। यह समाज के कल्याण के लिए नहीं बल्कि सत्ता के लिए तरह-तरह के गठबंधन बनाकर समाज के वोट को बेंचने का काम करते आए है। इस बार इनकी कलाकारी चलने वाली नहीं हैं समाज के सभी तबकों के लोग पीएम मोदी के कार्यों को अपने-अपने जीवन में महसूस कर रहे हैं और वे सपा-बसपा के नेताओं का विरोध कर खुलेआम भाजपा के साथ आ गए हैं। यही इन नेताओं की चिंता का कारण है। लखीमपुर की जनता ने अधिकांश सीटों पर पिछले विधानसभा चुनाव में बसपा को करारी मात दी थी, उसकी पुनरावृत्ति इस बार भी होगी। इस बार भी वह इतिहास अपने को दोहराने जा रहा है। रायबरेली व लखीमपुर लोकसभा के नामांकन व सभा में उमड़ी भीड़ इस बात का सबूत है कि जनता द्वारा मोदी जी की नीतियों को पूर्ण समर्थन किया गया है। रायबरेली में प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह के अतिरिक्त बीजेपी की वरिष्ठ नेता व सह प्रभारी गोरधन झड़फिया जी, प्रदेश उपाध्यक्ष सुधीर हलवासिया, सुरेश तिवारी उपस्थिति थे।
Posted on 15 April 2019 by admin
आजम खां पर प्रतिबंध लगाये चुनाव आयोग
आपका वोट प्रत्याशी को नहीं नरेन्द्र मोदी को जायेगा
भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाकर मोदी जी अगले पांच सालों में देश को सौ साल आगे ले जायेंगे
संसद में कानून बना कर होगा अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण
पहले चरण की आठों सीटों पर खिलेगा कमल
लखनऊ 15 अप्रैल 2019, देवरिया/सलेमपुर/आजमगढ़ और वाराणसी। रामपुर से भाजपा प्रत्याशी जयाप्रदा पर सपा प्रत्याशी आजम खां द्वारा की गई टिप्पणी को यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अमर्यादित बताते हुए उन पर जमकर वार किया है। देवरिया जिले के तरकुलवा के गढ़रामपुर में नवतप्पी इंटर कॉलेज, सलेमपुर लोकसभा सीट के बांसडीह बलिया, आजमगढ़ में आयोजित विजय किसान संकल्प सम्मेलन में उन्होंने कहा देश की जनता नारी का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी। इसका जवाब जनता लोकसभा चुनाव के दौरान कमल का बटन दबाकर देंगी। वाराणसी में विजय लक्ष्य किसान सम्मेलन में बोलते हुए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा हर हाल में मंदिर बनायेगी अगर कोई अड़चन आई तो संसद में कानून बना कर अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण होगा। यूपी ही नहीं इस बार पंश्चिम बंगाल में भी खूब कमल खिलेगा।
उन्होंने कहा कि आजम खां कभी नारी का अपमान करते हैं, कभी बजरंग बली का अपमान करते हैं। उन्होंने जिस भाषा का प्रयोग किया है, उससे सिर्फ जयाप्रदा का अपमान ही नहीं बल्कि देश की एक-एक नारी का अपमान है। इसे न देश बर्दाश्त करेगा और न ही देश की जनता बर्दाश्त करेगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में इसका जवाब ऐसे लोगों को मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि आजम खां ने जिस तरह का बयान दिया है, उसको लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा सुप्रीमो मायावती को भी आगे आना चाहिए। उन लोगों को माफी मांगनी चाहिए। केशव ने कहा कि ऐसा नेता नारी विरोधी है। हम चुनाव आयोग से भी आग्रह करते हैं ऐसे लोगों पर चुनाव लड़ने से ही प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए।
गठबंधन और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने तीनों ही दलों को ड्रामेबाज बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग जो आजकल नाटक कर रहे हैं, उसे देश की जनता समझ रही है। बहुत सारे लोगों में से कोई अपना जनेऊ दिखा रहा है, कोई कैलाश मानसरोवर जा रहा है, तो कोई गंगा में डुबकी लगा रहा है। केशव प्रसाद ने कहा आज मंदिर-मंदिर घूमने वाले लोग 2014 के पहले हिन्दू संगठन के लोगों को आतंकवादी बता कर जेल में डालने की बात करते थे। अखिलेश यादव और मायावती पर वार करते हुए उन्होंने कहा कि यह लोग बिना दूल्हे की बारात लेकर चल रहे हैं। श्री मौर्य ने यहां मौजूद जनता से कहा कि सोनिया जी के बेटे का भविष्य बनाने के लिए आप अपने बच्चों का भविष्य मत खराब करें।
श्री मौर्य ने कहा कि बेल पर घूमने वाले जेल जाने के डर से मोदी के विरोध में एक हो रहे हैं। इन लोगों को डर लगा रहा है कि कहीं मोदी सरकार दोबारा आते ही सलाखों के पीछे न जाना पड़ें। उन्होंने कहा कि देश की जनता को मोदी जी की नीतियां पंसद आ रही है और इस बार हम लोग 300 से अधिक सीटें जीतकर केंद्र में सरकार बनाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यहां की जनता को भी तय करना है कि उसे गोली का जवाब गोला से देने वाला पीएम चाहिए या संसद में आंख मारने वाला पीएम चाहिए। उन्होंने कहा देश की जनता को याद रहना चाहिए कि आगे के 5 साल ही देश को 100 साल आगे ले जाएंगे। आप सभी को एक ही प्रत्याशी मोदी को वोट करना है।
भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गई पीएम किसान योजना के बारे में डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार ने किसानों का सम्मान देने का काम किया है। सरकार ने किसानों को साल भर में 6000 रुपये देकर उन्हें एक मदद स्वरूप देने का काम शुरू किया है। इसकी पहली और दूसरी किश्त आपके खातों में आ भी गई है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने संकल्प पत्र में देशभर के किसानों को पेंशन देने की व्यवस्था की है। 60 साल से ऊपर वाले सभी किसानों को पेंशन दी जाएगी। यही नहीं किसान क्रेडिट कार्ड से लोन लेने वाले किसानों को पांच साल तक कोई ब्याज नहीं देना होगा। वाराणसी में विजय लक्ष्य किसान सम्मेलन में बोलते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहाकि मोदी सरकार में जय किसान जय-जवान का नारा सार्थक हो रहा है। सबके दिलों में राज करने वाले मोदी जी को छोटे बड़े हर किसान की चिंता है। छोटे किसानों को ब्याज मुक्त कर्ज और 60 वर्ष में पेंशन दे रही है। किसान सम्मान योजना के तहत किसानों को दो किस्तें पहुंच चुकी हैं।
कोई ऐसा क्षेत्र नहीं है जिसने काम नहीं हुआ है। अमेठी रायबेरली कबाड बना हुआ है लेकिन आज भोले बाबा की नगरी की पूरी दुनिया में जयजयकार हो रही है। अम्बेडकर जी के सपने को मोदी साकार कर रहे हैं। सफाई कर्मियों को सम्मान देने का काम किया है। बाबा साहेब के लिए जितना कार्य मोदी सरकार ने किया उतना कार्य किसी भी सरकार ने नहीं किया। बाबा साहेब की याद में पंचतीर्थ बनाने का काम किया है। पटेल की प्रतिमा भी मोदी जी ने लगवाई है।
श्री मौर्य ने कहा, मोदी समीकरण के आगे सपा और बसपा का जातीय समीकरण फेल हो गया है। पश्चिमी यूपी की 8 सीटों पर हुए चुनाव में इनका समीकरण फेल होता नजर आया है। उन्होंने कहा कि ये सब मोदी जी की वजह से हुआ है। उन्होंने सभी जातियों को एक साथ लेकर चलने की योजनाएं बनाई है। चाहे वह गरीब सामान्य वर्ग के लोगों को आरक्षण देने की बात जो या फिर पिछड़ों के लिए आयोग की बात हो। मोदी सरकार ने किसी भी जाति का हक नहीं मारा है। उनकी इसी नीति के चलते विरोधी पार्टियों का जातीय फैक्टर भी पश्चिमी यूपी में फेल हो गया है।
Posted on 14 April 2019 by admin
जीत के बड़े अंतर से दोहरायेंगे 2014 की सफलता
रायबरेली और अमेठी में भी इसबार खिलेगा कमल
गठबंधन के जातीय समीकरण पर भारी पड़ेगा मोदी जी का सबका साथ-सबका विकास
पाकिस्तान पर कार्रवाई से कांग्रेसी मनाते हैं शोक
राहुल अखिलेश की तरह माया भी अपने भतीजे आकाश को कर रहीं आगे
लखनऊ 14 अप्रैल 2019, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने अम्बेडकर जी के सपनों के भारत के निर्माण का संकल्प लिया है। प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में स्नान के बाद मोदी जी ने सफाईकर्मियों के पैर धोकर अम्बेडकर के सपनों को पूरा करने का काम किया है। पिछड़ी जातियों का सम्मान ही अम्बेडकर जी को सच्ची श्रद्धांजलि है। रविवार को प्रयागराज में अम्बेडकर जयंती पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहाकि 2019 के आम चुनाव में भाजपा न सिर्फ 2014 की सफलता दोहरायेगी बल्कि जीत का अंतर भी पहले से अधिक होगा। इस समय पूरे देश में मोदी की लहर नहीं बल्कि सुनामी चल रही है। उन्होंने प्रयागराज में विजय लक्ष्य युवा सम्मेलन में युवाओं से एक बार फिर मोदी सरकार बनाने आहवान किया। उन्होंने युवाओं को उनका बल याद दिलाते हुए कहाकि युवाओं की बदौलत ही भाजपा ने 2014 में केन्द्र में और 2017 में उत्तर प्रदेश में बम्पर बहुमत से सरकार बनाई थी। अब इस बार लक्ष्य 73 पार फिर मोदी सरकार के नारे को सार्थक करना है।
जातीय समीकरण को लेकर बने गठबंधन पर मोदी जी के सबका साथ सबका विकास वाला समीकरण भारी पड़ेगा। विकास, सुशासन और गुंडागर्दी के खिलाफ हम चुनाव लड़ रह हैं। गठबंधन जीत के लिए मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहा है लेकिन वह यह जान ले कि अगर गठबंधन एक भी सीट जीतता है तो वह कांग्रेस की बैसाखी बनने के काम ही आयेगा। उन्होंने युवाओं से कहा कि सपा, बसपा, कांग्रेस में वंशवाद है, जहां राहुल की गारंटी है, अखिलेश की गारंटी हैं और अब मायावती भी अपने भतीजे आकाश की गारंटी लेने लगी हैं वहीं भाजपा अपने मेहनतकश युवाओं को आगे बढ़ाने का काम करती है। भाजपा को शून्य से शिखर तक पहुंचाने वाले युवा ही भाजपा का भविष्य हैं। बुआ, भतीजे, मां, बेटे, बहन और ममता मिल कर भी मोदी जी को फिर से प्रधानमंत्री बनने से नहीं रोक सकते। उपमुख्यमंत्री ने यह बात खुले तौर पर कही कि इस बार रायबरेली और अमेठी में भी कमल खिलने जा रहा है। हम 2014 की सफलता बड़े अंतर से दोहरायेंगे। प्रयागराज भदोही कौशाम्बी सहित आसपास सीटों पर कमल खिलना तय है। पहले चरण की सभी आठ सीटो पर कमल खिलेगा। प्रदेश की जनता को इस आठ में जीरो जोड़ना है बस।
55 महीने की केन्द्र की मोदी सरकार और यूपी में 24 महीने की योगी सरकार ने अगड़ी पिछड़ी सभी जातियों के विकास के लिए जो काम किया, वह केन्द्र में कांग्रेस की 660 महीने और सपा बसपा की 180 महीने की सरकारें नहीं कर पाई। प्रयागराज में कुंभ के सफल आयोजन की प्रशंसा के लिए आज विपक्ष मजबूर है। उपचुनाव में असफलता पर पत्रकारों के सवाल उठाने से पहले ही उपमुख्यमंत्री ने खुद ही कहा कि उपचुनाव में जनता को सांसद चुनना था लेकिन इस बार उन्हें सांसद के सहारे मोदी को फिर प्रधानमंत्री बनाना है। फूलपुर में मामूली अंतर से कमल खिलने से रह गया था लेकिन इस बार भाजपा बड़े अंतर से यहां जीत हासिल करेगी।
युवा कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहाकि 56 इंच के सीने वाला प्रधानमंत्री ही आतंकवादियों को उनके घर में घुस कर मारने की सेना को छूट दे सकता है। आतंकवादियों के खिलाफ जो एक्शन अमेरिका लेता था वहीं काम आज भारत कर रहा है। गोली का जवाब गोले से दिया जा रहा है। 130 करोड़ भारतीयों को गर्व हैं हमारे प्रधानमंत्री मोदी जी। पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई पर कांग्रेस सपा को दर्द होता है जैसे गोले उनके कार्यालय पर गिरे हों। मोदी जी ने योजनाओं को आधार कार्ड से जोड़कर फर्जीवाड़ा बंद किया है, जिससे विपक्ष बौखला गया है। भ्रष्टाचार को खत्म कर बचे, धने से जनता को सड़क बिजली पानी जैसी सुविधाएं दी हैं और सेना को मजबूत किया है। हमारी सेना विश्व की शक्तिशाली सेनाओं में से एक है।
Posted on 14 April 2019 by admin
किसानों सबसे ज्यादा सम्मान मोदी सरकार में हुआ है
लखनऊ 14 अप्रैल 2019, मोदी जी ने पांच साल में गरीबों के लिए तमाम कल्याणकारी योजनायें बनाई हैं। किसानों का जीवन स्तर बढ़ाने और उन्हें चिंतामुक्त करने के लिए फसल बीमा योजना, किसान सम्मान योजना तो है ही अब भाजपा जल्द ही किसानों को एक लाख तक ब्याजमुक्त कर्ज और पेंशन योजना देगी। किसानों के हित में मोदी जी का फिर से प्रधानमंत्री बनना जरूरी है। किसानों के हित के लिए सबसे ज्यादा काम मोदी सरकार में ही हुआ है। विजय संकल्प किसान सम्मेलन सैयदराजा, चंदोली में आज यह बात प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने कहीं।
मोदी-योगी की सरकार में किसी की जाति देखकर नहीं दिया जाता योजनाओं का लाभ
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार या प्रदेश की योगी सरकार ने कभी किसी की जाति के आधार पर भेदभाव नहीं किया। गैस सिलेंडर, सौभाग्य योजना के तहत बिजली या आयुष्मान कार्ड सबको दिये गये। प्रदेश की 23 करोड़ की आबादी में पांच करोड से भी अधिक आयुष्मान कार्ड गरीबो को दिये गये।
अखिलेश जी को को एक ही सीट मिलेगी
प्रथम चरण के चुनाव की सभी 8 सीटें भाजपा की झोली में जा रही हैं। अखिलेश जी ने चुनौती दी है कि भाजपा को यूपी में एक भी सीट जीतने नहीं देंगे। मैं अखिलेश जी से कहता हूं कि आप यूपी से सिर्फ एक ही सीट जीत पायेंगे। सपा-बसपा ने अपनी पहचान जातिय आधार पर बनाइर्् है लेकिन मोदी-योगी सरकार ने बिना भेदभाव के सबके लिए काम किया है। विपक्षी पार्टियां करोड़ों में टिकट बेंचती हैं लेकिन भाजपा में आम कार्यकर्ता टिकट पाता है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र पाण्डेय ने कहाकि की दलितो के नाम पर बुआ और बबुआ सिर्फ ठगने का काम कर रहे हैं जबकि भाजपा दलितो की जिंदगी को सुधारने का प्रयास कर रही है। बुआ भतीजे के गठबंधन पर प्रहार करते हुए इसे जेल जाने से बचने का जुगाड बताया। मायावती और अखिलेश पर महागठबंधन का तंज कसते हुए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र पांडेय ने कहा कि अखिलेश यादव ऐसा कौन सा काम करते है जिससे लखनऊ में उनका 300 कमरों का होटल बन रहा है। मायावती ऐसी कौन सी फैक्ट्री चलाती हैं जो 45 करोड़ का टैक्स भरती हैं। कांग्रेस पर वार करते हुए उन्होंने कहा कि इस बार अमेठी व रायबरेली की जनता कांग्रेस को सबक सिखा देगी। जिले की जनता इस बार गांधी परिवार को सबक सिखाने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
विजय संकल्प किसान सम्मेलन में प्रमुख रूप से प्रदेश अध्यक्ष किसान मोर्चा राजा वर्मा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनिल सिंह, लोकसभा प्रभारी ओमकार केशरी, जिलाध्यक्ष सर्वेश कुशवाहा, विधायक सुशील सिंह, शारदा प्रसाद मौजूद थे।
Posted on 14 April 2019 by admin
’मायावती भी अब बजरंगबली के प्रति आस्था दिखा रही हैं’
’पहले चरण में जिन 8 सीटों पर मतदान हुआ है, वहां से सपा-बसपा-रालोद और कांग्रेस का खाता भी नहीं खुलेगा’
’सपा के झंडे का मतलब गुंडों का झंडा, बसपा का झंडा भ्रष्टाचार की अगुवाई करने वाला झंडा’
’देश के लोग नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री के पद पर देखना चाहते हैं’
लखनऊ 14 अप्रैल 2019, अमरोहा/अलीगढ/मैनपुरी।’ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पहले चरण में जिन 8 सीटों पर मतदान हुआ है, वहां से सपा-बसपा-रालोद और कांग्रेस का खाता भी नहीं खुलेगा। ये सभी 8 सीटें भाजपा जीतेगी। उन्होंने कहा कि मायावती भी अब बजरंगबली के प्रति आस्था दिखा रही हैं। जो लोग भगवान श्रीराम और श्री कृष्ण को नहीं मानते थे आज वे लोग बजरंग बली की शरण में आ गए हैं। उन्होंने कहा कि देश नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री के पद पर देखना चाहता है। आज से पांच साल पहले देश की जनता को ‘सबका साथ-सबका विकास’ का नारा दिया था, आज वह हकीकत में बदला है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अमरोहा, अलीगढ़ और मैनपुरी में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने देश के शोषित वंचितों की आवाज को बुलंद करने वाले बाबा साहब भीमराव आंबेडकर को कोटि कोटि नमन एवं सादर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि कल ही पूरे देश ने राम नवमी के पर्व को बहुत धूम धाम से मनाया और आज पूरा देश वैशाखी के पर्व को भी भव्यता के साथ मना रहा है।
योगी जी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में मनमोहन सिंह कहते थे कि देश के संसाधनों में पहला हक मुसलमानों का है। कांग्रेस ने देश में हमेशा मजहब और पंथ के आधार पर राजनीति की है। लेकिन नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने सबके विकास की नीति पर कार्य किया। भाजपा सरकार ने गरीब को रसोई गैस, आवास और इज्जतघर दिए। मुद्रा योजना से लाभ दिया। किसानों के कर्जे माफ किए गए, पीएम किसान सम्मान निधि समेत कई तरह की योजनाओं से किसानों को लाभान्वित किया गया। आज उसी का परिणाम है कि जाति की दीवार टूट गई। जो काम सपा, बसपा और कांग्रेस के लिए नामुमकिन था, वह मोदी ने मुमकिन कर दिया। मोदी है तो मुमकिन है।
योगी जी ने कहा कि आतंकवाद, नक्सलवाद और अलगाववाद को मोदी सरकार ने मुंहतोड़ जवाब दिया। फिर चाहे डोकलाम में चीन की साजिश हो या फिर पाकिस्तान द्वारा पोषित आतंकवाद पर प्रहार करना, मोदी सरकार ने चीन और पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को चीन और पाकिस्तान पर हमला पसंद नहीं है, उनका घोषणा पत्र देश द्रोहियों के लिए तैयार किया गया है।
एमएलसी चैधरी वीरेंद्र सिंह के सपा से बीजेपी में शामिल होने की घटना का जिक्र करते हुए योगी जी ने कहा की वीरेंद्र सिंह की घर की महिलाएं कहती हैं कि कहां गुंडों का झंडा लेकर घूम रहे हो, इसलिए हम बीजेपी में शामिल होना चाहते हैं। सपा के झंडे का मतलब गुंडों का झंडा, बसपा के झंडे का मतलब भ्रष्टाचार की अगुवाई करने वाला झंडा। योगी जी ने कहा कि यहां के नागरिकों को अजित सिंह से पूछना चाहिए, जब मुजफ्फरनगर में दंगे हो रहे थे तो वह कहां और किसके साथ थे।
Posted on 13 April 2019 by admin
लखनऊ 13 अप्रैल 2019, प्रधानमंत्री मा. नरेन्द्र मोदी जी उत्तर प्रदेश की मुरादाबाद एवं अलीगढ़ लोकसभाओं में विजय का शंखनाद करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी 14 अप्रैल को दोपहर 1.30 बजे नुमाइश मैदान, अलीगढ़ में विजय संकल्प रैली को संबोधित करेंगे। मा0 मोदी जी इसके बाद दोपहर 3.30 बजे बुद्धबिहार सर्किट हाउस के पीछे, मुरादाबाद में विजय का संकल्प लेकर पहुंचेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।
Posted on 12 April 2019 by admin
’बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के पंचतीर्थों का विकास भाजपा सरकार में ही हुआ है
’देश को एयरस्ट्राइक करने वाला प्रधानमंत्री चाहिए न कि संसद में आंख मारने वाला
’मोदी जी के नेतृत्व में सभी वर्गों के हो रहे काम, किसी भी योजना में कोई भेदभाव नही

लखनऊ 12 अप्रैल 2019, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं भाजपा के स्टार प्रचारक केशव प्रसाद मौर्य ने यूपी के अमरोहा और बुलन्दशहर में चुनावी जनसभा को संबोधित किया और भाजपा प्रत्याशी कंवर सिंह तंवर और भोला सिंह के पक्ष में लोगों से वोट डालने की अपील की। चुनावी जनसभा के दौरान उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि यदि मोदी जी प्रधानमंत्री हैं तो हिंदुस्तान को पूरी दुनिया में सबसे आगे खड़े होना है, बाकी के देश हिंदुस्तान के पीछे खड़े होंगे।
श्री मौर्य भाजपा के संकल्प सबका साथ-सबका विकास की बात करतेे हुए कहा कि जब से मोदी जी प्रधानमंत्री बने हैं, चाहे अगड़ा हो, पिछड़ा हो या दलित इन तीनों की त्रिवेणी माननीय मोदी जी के गले का हार बनी हुई है। मोदी जी के नेतृत्व में बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के पंचतीर्थों का विकास किया गया है। मोदी जी ने कुंभ मेले में सफाई कर्मियों के पैर धोकर उन्हें सम्मान देने का काम किया है।
मोदी जी बड़े से बड़े तथा कड़े से कड़े निर्णय लेने में सक्षम है तथा वही देश को भ्रष्टाचार से, गरीबी से, आतंकवाद से मुक्त करा सकते हैं। मोदी जी यदि देश के प्रधानमंत्री बनते हैं तो जितना कांग्रेस तथा अन्य विपक्षी दलों की सरकार ने 70 साल में देश को लूटा है वह मोदी जी गरीबों और किसानों की झोली में डाल देंगे। भाजपा सरकार में ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा प्रदान किया गया है तथा गरीब सवर्णों को भी 10 प्रतिशत का आरक्षण प्रदान किया गया है वह भी बिना किसी वर्ग के आरक्षण में कटौती किए हुए। गांव के जो गरीब कभी कल्पना भी नहीं कर सकते थे कि उनके घर भी शौचालय बनेगा आज वहां पर शौचालय हैं। सौभाग्य योजना से घर-घर बिजली पहुंच गई है। देश के किसानों को खाद, बीज तथा सिचाई के लिए बिना भेदभाव के 6 हजार रुपए दिए जाने की घोषणा की गई है जिसकी पहली किस्त के रूप में दो-दो हजार रुपए भिजवाए गए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत यह लक्ष्य स्थापित किया गया है कि 2022 तक एक भी व्यक्ति ऐसा नहीं छोड़ा जाएगा, जिसका अपना मकान नहीं होगा। उन्होंने आयुष्मान योजना का भी जिक्र किया जिसमें देश के 50 करोड़ लोगों के लिए 5 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज की व्यवस्था की गई है।
अमरोहा के बारे में उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के लिए लगभग 2 हजार करोड रुपए से अधिक की योजनाएं लाई गई हैं। उन्होंने अमरोहा की जनता से आग्रह किया कि वह यह मानकर वोट डालें कि वह किसी सांसद को वोट ना देकर सीधे मोदी जी को वोट दे रहे हैं।
बुलंदशहर में जनसभा करते हुए उन्होंने भोला सिंह को फिर से प्रचंड बहुमत के साथ संसद पहुंचाने के लिए वहां की जनता से वोट मांगा। उन्होंने कहा कि 56 इंच के सीने वाले देश के प्रधानमंत्री मोदी जी को फिर से पीएम की कुर्सी दिलाने के लिए हमें उन्हें मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि यहां की जनता एक बार फिर से भोला सिंह को भारी मतों के साथ जिताकर संसद पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि भोला सिंह की जीत ऐसी होनी चाहिए कि गठबंधन और कांग्रेस के प्रत्याशी को अपनी पार्टी की स्थिति का पता चल जाए। कांग्रेस पर वार करते हुए उन्होंने कहा बैसाखी के सहारे सरकार चलाने वाली पार्टी को आप ही लोगों ने जबाव देकर मोदी सरकार को 2014 में मजबूत किया था। वैसे ही इस बार भी हमें भाजपा को मजबूत करना है।
घोषणा पत्र पर बोलते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस सरकार आंतकवादियों के साथ खड़ी हैं, तो वहीं हमारी सरकार आंतकवादियों को खदेड़ने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कांग्रेस का हाथ दुश्मनों के साथ आज भी है। कांग्रेस कह रही है कि हम कश्मीर से सेना हटाएंगे वह कभी भी 370 नहीं हटने देंगे। भाजपा अपने वादे पर अटल है। केंद्र की सत्ता में आते ही कश्मीर से धारा 370 हटाई जाएगी। बांग्लादेशी घुसपैठियों को देश से भगाया जाएगा।
Posted on 12 April 2019 by admin
सेना पर घृणित राजनीति करती है कांग्रेस
गठबंधन से छिटके हैं यादव, अनुसूचित व मुसलमान वोट
लखनऊ 12 अप्रैल 2019, आप देखते जाइये कांग्रेस उत्तर प्रदेश से डिस्कनेक्ट हो गई है। यूपी में कांग्रेस की जो बची खुची दो सीटे हैं वह भी भाजपा की झोली में आ रही हैं। पत्रकारों के सामने शुक्रवार को यह दावा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा. महेंद्र नाथ पांडेय ने वाराणसी में किया। डा. पांडेय इस दौरान कांग्रेस के साथ ही सपा व बसपा पर भी जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि मायावती की पार्टी अब टूट कर बिखर गई है। बसपा के तमाम बड़े नेता माया को छोड़कर भाजपा के साथ आ रहे हैं। पश्चिम उत्तर प्रदेश में माया पहले ही चरण में हार मान चुकी हैं। इसी लिए वह अभी से ईवीएम का राग अलापने में लगी हैं। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम यूपी की आठों सीटें भाजपा जीत रही हैं। 
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि सपा, बसपा का यह भी भ्रम दूर हो गया है कि यादव, अनुसूचित या मुसलमान वोट उनका है। सभी के साथ ही यादव, दलित व मुसलमान का भी वोट अब बीजेपी को मिल रहा है।
डा. पांडेय ने एक सवाल के जवाब में कहा कि इस बार का आम चुनाव जाति-धर्म से ऊपर उठकर देश के लिए लड़ा जा रहा है। साथ ही राष्ट्रवाद का मुद्दा भाजपा के लिए सुपर प्लस हो गया है। देश के युवाओं में राष्ट्रवाद का मुद्दा सिर चढ़कर बोल रहा है।
सेना के अफसरों द्वारा राष्ट्रपति को पत्र लिखने की अफवाह फैला कर कांग्रेस ने अपनी ओछी राजनीति का परिचय दिया है। सेना के अफसरों और राष्ट्रपति भवन के इनकार से कांग्रेस की देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर में फजीहत हो रही है। जरा याद करिये 26/11 का मुम्बई कांड जब 12 विदेशी नागरिकों की मौत हुई थी और सेना आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब देने वाली थी लेकिन तत्कालीन यूपीए सरकार ने सेना को आतंकियों को जवाब देने की इजाजत नहीं दी थी। हमारी मोदी सरकार सेना को आतंकियों घर में घुस कर मारने की खुली छूट देती है। सेना को खुली छूट मोदी ही दे सकते हैं।
प्रियंका गांधी वाराणसी से चुनाव लड़ेंगी तो भाजपा पर असर के सवाल के जवाब में डा. पांडेय ने कहा कि प्रियंका नासमझ नहीं हैं। वह भी जानती है कि नरेंद्र मोदी जी काशी में पांच लाख वोटों से अधिक से जीतने जा रहे हैं। सभी काशीवासी बम-बम हैं। उन्होंने मोदी जी की तुलना रानी अहिल्या बाई से करते हुए कहा कि मोदी ने काशी के वैशिष्ठ को बढ़ाया है। एक आधुनिक भारत के रूप में उभारा है।
बार-बार ईवीएम पर सवाल खड़े करने के मामले में डा. पांडेय ने कहा कि कांग्रेस, माया व अन्य नेता दोहरा चरित्र अपनाने से बाज नहीं आ रहे हैं। अगर वह जीते तो ईवीएम ठीक और भाजपा जीते तो ईवीएम को गाली देने लगते हैं।
पूर्वांचल की कई सीटों पर अभी तक प्रत्याशी घोषित नहीं किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जल्द ही नाम फाइल हो जाएंगे। हालांकि उन्होंने प्रत्याशियों के नाम बताने से परहेज किया। हां, इतना जरूर कहा कि पूर्वांचल में जो बाकी लोकसभा क्षेत्र हैं वहां पर कमल निशान ही होगा।
डा. पांडेय ने कहा कि प्रदेश में जब सपा की सरकार थी तो अखिलेश ने विकास कार्यों में खूब रोड़ा लगाया। हालांकि योगी सरकार आने के बाद सड़क, बिजली, पुल, स्वास्थ्य जैसे सभी सामाजिक कार्यों ने गति पकड़ी है।

