Categorized | लखनऊ

विधायक मुख्तार अंसारी तथा पूर्व सांसद अफजाल अंसारी बी0एस0पी0 से निष्कासित

Posted on 16 April 2010 by admin

बी0एस0पी0 द्वारा सपा विधायक सिबगतुल्ला अंसारी से समर्थन न लेने का फैसला

विधायक श्री मुख्तार अंसारी तथा पूर्व सांसद श्री अफजाल अंसारी को आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहने के कारण बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा उत्तर प्रदेश की मुख्यमन्त्री सुश्री मायावती के निर्देश पर तत्काल प्रभाव से पार्टी से निकाल दिया गया है।

बी0एस0पी0 के प्रवक्ता द्वारा आज यह जानकारी देते हुए बताया गया कि पार्टी ने श्री मुख्तार अंसारी के भाई तथा गाजीपुर जिले के मुहम्मदाबाद क्षेत्र के सपा विधायक श्री सिबगतुल्ला अंसारी द्वारा विधान सभा में दिये जा रहे समर्थन को न लेने का भी फैसला किया है। गौरतलब है कि पूर्व में श्री सिबगतुल्ला अंसारी ने बी0एस0पी0 को सदन में समर्थन देने की स्वयं पहल की थी।

बी0एस0पी0 प्रवक्ता ने बताया कि पूर्ववर्ती सपा सरकार के शासनकाल में बदहाल कानून व्यवस्था और अपराधियों के ताण्डव से आजिज आकर प्रदेश की जनता ने मई, 2007 के विधान सभा चुनाव में सत्ता की बागडोर पूर्ण बहुमत के साथ बी0एस0पी0 को सौपी थी। बी0एस0पी0 की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुश्री मायावती ने 13 मई, 2007 को चौथी बार मुख्यमन्त्री का पदभार ग्रहण करते ही प्रदेश में कानून द्वारा कानून का राज स्थापित करने का अभियान शुरू किया। उन्होंने गुण्डों, माफिया तथा खूंखार अपराधी के विरूद्ध कठोर कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित कराते हुए यह भी निर्देश दिये थे कि छोटे-मोटे अपराधियों के लिए सुधारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए उनको सही रास्ते पर लाने का प्रयास किया जाये, ताकि पुलिस को बड़े अपराधियों के खिलाफ कार्यवाही करने का समय रहे। ऐसा देखा गया है कि कई लोग दुश्मनी में फंसा दिये जाते हैं अथवा अपराध की राह अपनाने लगते हैं। ऐसे मामलों में पुलिस प्रशासन स्थानीय स्तर पर समझौता के आधार पर ऐसे मामलों को निपटाये।

पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि जब बी0एस0पी0 सत्ता में आयी तब विभिन्न राजनीतिक दलों के सांसदों, विधायकों एवं पदाधिकारियों सहित कई निर्दलीय विधायकों, सांसदों ने पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों में आस्था व्यक्त करते हुए बी0एस0पी0 की सदस्यता ग्रहण करने का अनुरोध किया था। उन्होंने कहा कि पार्टी ने इस बात पर बल दिया था कि बी0एस0पी0 ज्वाइन करने से पहले यदि किसी जनप्रतिनिधि का आपराधिक रिकार्ड रहा है तो ऐसे जनप्रतिनिधि द्वारा भविष्य में कोई अपराधिक कार्य न करने और कानून का पूरी तरह से पालन करने के आश्वासन दिये जाने के बाद ही इन्हें पार्टी में शामिल किया गया था। साथ ही बी0एस0पी0 की सदस्यता ग्रहण करने से पहले ऐसे लोगों द्वारा यह भी कहा गया कि उनकी अब तक चाहे जो विचारधारा रही हो, पार्टी ज्वाइन करने के बाद वे बी0एस0पी0 की विचारधारा और कार्यक्रमों को मानते हुए पार्टी की नीतियों के तहत काम करेंगे।

पार्टी प्रवक्ता ने बताया कि इसी नीति के तहत श्री मुख्तार अंसारी एवं उनके भाई श्री अफजाल अंसारी ने भी बी0एस0पी0 में शामिल होने का अनुरोध करते हुए यह कहा था कि वे हमेशा सामन्तवादी ताकतों से लड़ते रहे जिसके कारण उनके विरूद्ध कई मुकदमे दर्ज करा दिये गये। श्री मुख्तार अंसारी और उनके भाई ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण के मौके पर स्पष्ट तौर पर यह आश्वासन दिया था कि अब वे बी0एस0पी0 की नीतियों के अनुरूप जनता की भलाई के लिए कार्य करेंगे।

बी0एस0पी0 प्रवक्ता ने कहा कि श्री मुख्तार अंसारी और उनके भाई के कथन और आश्वासन पर यकीन करते हुए उन्हें सुधरने का एक मौका देने के उद्देश्य से पार्टी में शामिल किया था। किन्तु पिछले दिनों जिला प्रशासन द्वारा गाजीपुर जेल में मारे गये आकिस्मक छापे के दौरान कई आपत्तिजनक वस्तुओं की बरामदगी से यह स्पष्ट हो गया कि श्री अंसारी एवं उनके भाई अब भी आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हैं। इस प्रकार यह लोग पार्टी को दिये गये अपने भरोसे पर कायम नहीं रह सके।

पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि जब इन तथ्यों की जानकारी मुख्यमन्त्री को दी गई तो उन्होंने इसे बेहद गम्भीरता से लिया। उन्होंने इस प्रकरण पर कड़ा रूख अपनाते हुए श्री मुख्तार अंसारी एवं श्री अफजाल अंसारी को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित करने के निर्देश दिये। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि पार्टी को अन्य दलों के ऐसे विधायकों के समर्थन की कोई आवश्यकता नहीं है जिनकी सांठ-गांठ आपराधिक तत्वों से है।

सुरेन्द्र अग्निहोत्री
मो0 9415508695
upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

June 2026
M T W T F S S
« Sep    
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  
-->









 Type in