Categorized | लखनऊ

शुक्ला एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी था

Posted on 15 April 2010 by admin

उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव (गृह) के अनुसार बुधवार को गोण्डा में बसपा के धरना प्रदर्शन कार्यक्रम के दौरान मंच पर हनुमान प्रसाद शुक्ल नाम के जिस व्यक्ति की हत्या कर दी गई थी, वह एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी था और उसका बसपा से कोई सम्बंध नहीं था। प्रदेश के प्रमुख सचिव (गृह) कुंवर फतेह बहादुर ने आज यहां संवाददाताओं को बताया कि शुक्ला एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी था जिसके विरद्ध हत्या आदि के 21 मुकदमे दर्ज थे और अब तक हुई जांच से पता चला है कि उसकी हत्या पुरानी रंजिश का परिणाम है। इस सम्बंध में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार भी किया गया है। फतेह बहादुर ने यह भी कहा कि जहां तक हमारी जानकारी है शुक्ला बसपा का न तो सदस्य था और न ही बसपा की किसी कमेटी का ही सदस्य था। उन्होंने कहा कि शुक्ल के पिता जगनारायण शुक्ल भी एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी थे और अरविन्द कुमार नाम के एक व्यक्ति ने उनकी हत्या कर दी थी। फतेह बहादुर ने बताया कि पिता की हत्या का बदला लेने के लिए वर्ष 2002 में हनुमान प्रसाद शुक्ल ने अशोक नाम के व्यक्ति की हत्या कर दी थी। जांच में पता चला है कि शुक्ल की उमाशंकर मिश्र और उसके करीबी सहयोगी प्रेम नारायण पाण्डेय से पुरानी रंजिश थी। उन्होंने यह भी बताया कि शुक्ल की हत्या की साजिश प्रेम नारायण पाण्डेय ने रची और उसकी हत्या उमाशंकर मिश्र के लड़के मोनू मिश्र ने गोली मार कर की है। उन्होंने बताया कि पाण्डेय और मिश्र को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या के लिए प्रयोग किया गया तमंचा भी बरामद हो गया है।

यह पूछे जाने पर कि बसपा का सदस्य न होने के बावजूद एक आपराधिक पृष्ठभूमि का व्यक्ति बसपा के मंच पर कैसे मौजूद था, फतेह बहादुर ने कहा कि इस तरह के लोग किसी न किसी तरह सत्तारुढ़ दल से जुडे़ दिखना चाहते हैं और शायद यही वजह थी कि वह मंच पर पहुंच गया। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले की जांच में यह तहकीकात भी चल रही है कि शुक्ल बसपा के मंच पर कैसे पहुंचा। उन्होंने बताया कि जांच में अष्टभुजा मिश्र और शेष दत्त तिवारी नाम के दो ग्राम प्रधानों की भूमिका की बात भी सामने आई है और उन्हें भी अभियुक्तों मे शामिल किए जाने की कार्रवाई चल रही है। हनुमान प्रसाद शुक्ल की बुधवार को बसपा के प्रदर्शन कार्यक्रम के मंच पर उस समय गोली मार कर हत्या कर दी गई थी, जब मंच पर बसपा के वर्तमान विधायक सहित पार्टी के दर्जन भर वरिष्ठ नेता मौजूद थे और यह कहा जा रहा था कि शुक्ल पार्टी की तरबगंज इकाई का अध्यक्ष था।

सुरेन्द्र अग्निहोत्री
मो0 9415508695
upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

October 2026
M T W T F S S
« Sep    
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  
-->









 Type in