राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा का वास्तविक नाम देश की जनता के सामने आना ही चाहिए - योगी आदित्यनाथ

Posted on 21 April 2019 by admin

ब्रिटेन और इटली जाएंगे और खुद को राहुल विंची कहेंगे, फिर भारत आने पर राहुल गांधी बन जाएंगे’

सपा का झंडा, बैठा हुआ कोई बड़ा गुंडा’

कांग्रेस का दोहरा चरित्र उसको देशद्रोहियों के साथ जोड़ता’

सपा आतंकवाद को अपनी गंदी राजनीति के लिए इस्तेमाल करती है’

जया प्रदा पर अभद्र टिप्पणी कर आजम खान ने आधी आबादी का अपमान किया है’

जया प्रदा के अपमान पर मायावती चुप क्यों हैं’

लखनऊ 21 अप्रैल 2019, रामपुर/निघासन/सवायजपुर बगिया/घाटमपुर/कानपुर। “आज तो मुझे जानकर आश्चर्य हुआ कि कांग्रेस के जिस नामदार को आप राहुल गांधी के नाम से जानते हैं, उसका वास्तविक नाम तो ‘राउल विंची’ है। कांग्रेस देश की नजरों में धूल झोंकने का कितना बड़ा पाप कर रही है। राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा का जो वास्तविक नाम है, देश की जनता के सामने आना ही चाहिए। जिन लोगों को भारत की परंपरा पर गौरव की अनुभूति ना होती हो, वह ब्रिटेन और इटली जाएंगे और खुद को राहुल विंची कहेंगे। फिर भारत आने पर राहुल गांधी बन जाएंगे”।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा के फायर ब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ ने आज अपनी चिरपरिचित शैली में जनसभा को संबोधित कर राहुल गांधी और विपक्ष पर खुलकर हमला बोलते हुए यह बात कही। उन्होंने पहले रामपुर की चुनावी जनसभा को संबोधित किया, इसके बाद निघासन, सवायजपुर बगिया, घाटमपुर और कानपुर में भी अपने ही अंदाज में जनता के बीच जाकर वोट मांगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों के कार्यकाल के दौरान कानून व्यवस्था का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी तो झंडे से ही कहीं चली जाएगी, पूरा देश भी मानता है कि सपा का झंडा, बैठा हुआ कोई बड़ा गुंडा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार के आने से पहले बहन-बेटियों की इज्जत सुरक्षित नहीं थी, व्यापक आराजकता थी। रोज दंगे होते थे, गोकशी की बड़ी-बड़ी घटनाएं होती थी। आराजकता का आलम यह था कि गुंडे गरीब की जमीन और व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर कब्जा करके सत्ता का संरक्षण प्राप्त करते थे।
योगी जी ने कांग्रेस पर तीखे शब्दों से प्रहार करते हुए कहा कि राहुल गांधी प्रदेश में आते हैं, तो जनेऊ धारण कर मंदिर-मंदिर जाते दिखाई देते हैं। हिन्दू बनने का ढोंग करते हैं, लेकिन जब उत्तर प्रदेश के बाहर केरल में जातें हैं तो वहां पर चांद सितारों वाला हरा झंडा लिए अपनी नैया पार लगाने की गुहार लगाते हुए नजर आते हैं। उन्होंने कहां कि यही दोहरा चरित्र कांग्रेस को देशद्रोहियों के साथ जोड़ता है।
योगी जी ने सपा-बसपा के शासन को कुशासन करार देते हुए कहा कि जब प्रदेश में हमारी सरकार आई थी, उस समय प्रदेश में सपा-बसपा के कुशासन से आम किसान त्रस्त था। किसानों के कर्ज माफी की बात चल रही थी, लेकिन यह सरकारें ऐसा करने मे पूरी तरह से विफल रही थीं। हमारी सरकार ने सत्ता में आते ही यहां के किसानों के कर्ज माफी करने के लिए बड़ी कार्यकारी योजना को लागू किया।
मुख्यमंत्री योगी जी ने सपा-बसपा पर भी तीखे प्रहार किये। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल में रामजन्म भूमि पर हमला हुआ था, तब हमलावर सपा का झंडा लेकर गये थे। उसके बाद जब 2012 में अखिलेश यादव की सरकार आती है, तब इन्होंने सबसे पहले आतंकवादियों के खिलाफ दायर हुए मुकदमों को वापस लेने का शर्मनाक कारनामा किया था। ये लोग आतंकवाद को अपनी गंदी राजनीति के लिए इस्तेमाल करते हैं।
योगी जी ने सीधे-सीधे कहा कि आजम खान जैसे लोगों के लिए ही एंटी रोमियो स्क्वॉड का गठन किया गया है। जयाप्रदा पर आजम खान के विवादित बयान को योगी ने महिलाओं का अपमान करार दिया। उनका कहना था कि जयाप्रदा पर अभद्र टिप्पणी कर आजम खान ने आधी आबादी का अपमान किया है।
योगी जी ने बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को आजम खान के बयानों पर चुप्पी साधने के लिए आड़े हाथों लिया। उन्होंने सवाल किया कि जयाप्रदा के अपमान पर मायावती ने क्यों कुछ नहीं कहा और क्यों वे आजम खान के लिए वोट मांग रही हैं?
योगी जी ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि जिन लोगों को राम-कृष्ण के अस्तित्व पर संदेह था, अब बजरंगबली की ताकत को देख कर आज उनके भक्त हो गए हैं। उन्होंने जनता से भी सवाल किया। कहा कि क्या देश में हिंदुओं को आतंकवादी ठहराने वाली सरकार होनी चाहिए? बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर का अपमान करने वाली सरकार होनी चाहिए? उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस-सपा-बसपा यही कार्य करने में संलग्न हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि मोदी जी ने 5 वर्ष के दौरान भारत की गरिमा और गौरव को बढ़ाने के लिए पूरी ईमानदारी के साथ काम किया। उन्होंने आगे कहा कि इस देश में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के लिए हाइवे, रेलवे लाइनें, मैट्रो, मेडिकल कॉलेज और एम्स बन रहे हैं। आम जन के जीवन में व्यापक परिवर्तन और रोजगार के लिए निवेश की भारी संभावना को आगे बढ़ाने का कार्य भी तेजी से हो रहा है।

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

June 2026
M T W T F S S
« Sep    
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  
-->









 Type in