Categorized | लखनऊ

पार्टी का कार्यक्रम गांव-गरीब के घरों तक पहुंचाएं - मुलायम सिंह

Posted on 25 March 2010 by admin

लखनऊ- समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने आज यहां समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं का आवाह्न किया कि वे आपसी गुटबाजी छोड़े, पार्टी का कार्यक्रम गांव-गरीब के घरों तक पहुंचाएं, अन्याय के खिलाफ संघर्ष करने में पीछे न रहें और यह संकल्प लेकर जाएं कि अगले चुनाव में उन्हें समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना हैं।

श्री यादव  यहां पार्टी मुख्यालय 19, विक्रमादित्य मार्ग पर पार्टी के राष्ट्रीय, प्रादेशिक एवं जिला/महानगर पदाधिकारियों, पूर्व एवं वर्तमान सॉसदों एवं विधायकों, प्रकोष्ठों के अध्यक्षों, जिला पंचायत एवं सहकारी संस्थाओं के पूर्व एवं वर्तमान अध्यक्षों, ब्लाक प्रमुखों तथा पर्यवेक्षकों की संयुक्त बैठक को  संबोधित कर रहे थे। बैठक में पांच हजार प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रदेश अध्यक्ष एवं सॉसद श्री अखिलेश यादव ने बैठक की अध्यक्षता की। संचालन प्रदेश प्रवक्ता श्री राजेन्द्र चौधरी ने किया।

मुलायम सिंह यादव ने प्रारम्भ में जन जागरण साइकिल यात्रा की सफलता के लिए नौजवानों को धन्यवाद दिया और कहा कि वे शान्त न बैठे, स्थानीय मुद्दों और अन्याय के खिलाफ संघर्ष जारी रखें और पार्टी के साथ सभी वर्गो को जोड़े तथा बूथ स्तर तक पार्टी  संगठन को मजबूत बनाने का काम करें, नेता अपनी छवि तथा आचरण सुधारें।

उन्होने कहा कि समाजवादी पार्टी के खिलाफ दुष्प्रचार करने वाले मण्डल आयोग  की संस्तुतियों के विरोधी तथा कुलीनतन्त्र वाले हैं। समाजवादी पार्टी जनता से जुड़ी समस्याओं मंहगाई, भ्रष्टाचार आदि को उठा रही थी, इससे जनता का ध्यान बंटाने के लिए सत्ता दल केन्द्र और राज्य में भटकाने वाले मुद्दों को उछाल रहे हैं। महिला आरक्षण बिल ताजा मिसाल है। हम चाहते है कि पिछड़ों, दलितों तथा मुस्लिम महिलाओं को भी आरक्षण का लाभ मिले। इसको लेकर भ्रान्तियां फैलाई जा रही है। समाजवादी पार्टी के लोग दिल्ली में अपनी आवाज उठाने के लिए लाखों की संख्या में आने के लिए तैयार रहे।

श्री यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी महिलाओ का सबसे ज्यादा सम्मान करती है और उसकी मांग है कि सभी पार्टियों पर 20 प्रतिशत तक टिकट देने की बाध्यता हो। वर्तमान महिला आरक्षण बिल में संशोधन हो क्योंकि इसके चलते तो अगले 10-15 सालों में संसद और विधान सभाओं में पुरूष नेतृत्व नगण्य रह जाएगा। मुस्लिम नेतृत्व तो बिल्कुल समाप्त हो जाएगा।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष ने कहा कि मुसलमानों की हालत आजादी के बाद और बदतर हुई है। मुसलमानों के वोट पर 50 साल तक राज करने वाली कांग्रेस ने उन्हें क्या दिया, उनको दंगों, भयादोहन और नौकरी तथा सत्ता में लगातार कमी का शिकार होना पड़ा। अकेले समाजवादी पार्टी ही उनके लिए लडती आई है। कांग्रेस के राज में उनकी कारीगरी छिन गई। उन्हें सम्मान और रोजी रोटी समाजवादी पार्टी ने ही दी।  श्री यादव ने याद दिलाया कि उनकी सरकार में 15 प्रतिशत मुस्लिम लडकों की भर्ती पुलिस में की गई थी। कांग्रेस की सरकार ने यह भर्ती एक-डेढ़ प्रतिशत थी। इसी तरह आईएएस-आईपीएस में पिछड़ा वर्ग मुश्किल से दो प्रतिशत था। समाजवादी पार्टी शासनकाल में उसमें बढ़ोत्तरी हुई। सुरक्षित सीटों पर सबसे ज्यादा समाजवादी पार्टी प्रत्याशी जीते है।

उन्होने अपने उद्घाटन भाषण में कहा कि जनता जानती है, समाजवादी पार्टी ही उनको समस्याओं से निजात दिलाएगी। जरूरत यह है कि अभी से सब चुनाव की तैयारियों में जुट जाए। पार्टी में अब अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो नेता अपने बूथ पर पार्टी को वोट न दिलवा पाए, वह नेता कैसा।

श्री यादव ने डा0 राम मनोहर लोहिया अस्पताल में डा0 लोहिया की स्थापित मूर्ति के साथ मुख्यमन्त्री के बर्ताव को घोर निन्दनीय बताया और कहा कि मुख्यमयन्त्री को डा0 अम्बेडकर तथा डा0 लोहिया के रिश्तों के बारे में पता नहीं। डा0 अम्बेडकर समाजवादियों की मदद से ही लोकसभा में पहुंचे थे। डा0 लोहिया की प्रतिमा तीन साल से उपेक्षित पड़ी थी, इसलिए हमने लोहिया शताब्दी वर्ष से उसका अनावरण किया।

श्री यादव ने कहा कि इस समय बेकारी, मंहगाई में बेताहाशा वृद्धि हुई है। समाजवादी पार्टी ने रोजगार और भत्ता  दोनों दिया। इस समय प्रदेश सरकार सबसे ज्यादा कर्ज में है। किसान को अपने श्रम, फसल उगाने में लागत का अन्दाजा नहीं, इसलिए उसमें गुस्सा नहीं है। समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता उनके बीच जाएं।

इस बैठक में श्री ओमप्रकाश सिंह, प्रदेश महासचिव द्वारा प्रस्तुत महिला आरक्षण बिल, मंहगाई के अतिरिक्त राजनैतिक प्रस्ताव में श्री मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व की प्रशंसा के साथ जनद्रोही प्रदेश सरकार के खिलाफ आरपार की लड़ाई का संकल्प व्यक्त किया गया। सर्वश्री मोहन सिंह, राष्ट्रीय महासचिव, बृजभूषण तिवारी,राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, शिवपाल सिंह यादव, नेता विरोधी दल अहमद हसन, नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद, राष्ट्रीय सचिव डा0 अशोक बाजपेई, रशीद मसूद, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राम आसरे कुशवाहा, राष्ट्रीय महासचिव, डा0 वीरेन्द्र भाटिया, सॉसद, विशम्भर प्रसाद निषाद, विधायक, रविप्रकाश वर्मा, पूर्व सॉसद, बाबू दर्शन सिंह यादव, डा0 मधु ग्रुप्ता, विजय तिवारी, शैलेन्द्र कुमार, सॉसद, यासीन उस्मानी, अताउर्रहमान, राष्ट्रीय सचिव, हाफिज उस्मान, नीरज शेखर, सॉसद, डा0 मसूद, पूर्व मन्त्री, रघुराज प्रताप सिंह, राजा भैया, विधायक, श्रीमती शादाब फातिमा, विधायक, श्रीमती लीलावती कुशवाहा, श्रीमती रेशमा बी ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर श्री मुलायम सिंह यादव को समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय सचिव श्री राजपाल कश्यप ने अपने  शोध प्रबन्ध समाजवादी नेतृत्व की दशा और दिशा की प्रति भेंट की। श्री कश्यप लखनऊ विश्वविद्यालय छात्रसघ के पूर्व अध्यक्ष हैं।

सुरेन्द्र अग्निहोत्री
मो0 9415508695
upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

March 2026
M T W T F S S
« Sep    
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
3031  
-->









 Type in