Categorized | Latest news

शिक्षा हम सबको अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक करती है: मुख्यमंत्री

Posted on 30 May 2018 by admin

सुरेन्द्र अग्निहोत्री,लखनऊ: 30 मई, 2018

press-322 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा है कि शिक्षा हम सबको अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक करती है। एक शिक्षित व्यक्ति ही समाज को अच्छा नेतृत्व दे सकता है। उन्होंने जीवन में सफलता के लिए संघर्ष को एक मात्र उपाय बताते हुए कहा कि जीवन से पलायन करना कायरता है। उन्होंने कहा कि कोई भी समाज अपनी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य का खाका तैयार कर सकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार नकलविहीन परीक्षा कराने में सफल रही है। press-41
मुख्यमंत्री जी आज यहां इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में ‘अमर उजाला’ समाचार पत्र द्वारा आयोजित ‘मेधावी छात्र सम्मान’ समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश की वर्ष 2018 की हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट परीक्षाओं में प्रदेश स्तर पर प्रथम 10 स्थान व जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को बधाई देकर उनके उज्ज्वल एवं मंगलमय भविष्य की कामना करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश बोर्ड की मेरिट लिस्ट के 97 विद्यार्थियों में 62 छात्राएं हैं। मंगलवार को घोषित सी0बी0एस0ई0 की हाईस्कूल की परीक्षा में भी सर्वोच्च स्थान प्रदेश की 02 बालिकाओं ने प्राप्त किया है। बालिकाओं की यह उपलब्धि उनकी क्षमता को साबित करती है।
‘विद्या ददाति विनयम’ श्लोक का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विद्या व्यक्ति को विवेकशील बनाती है। इससे वह सम-विषम परिस्थितियों में संतुलन व धैर्य के साथ आगे बढ़ने में सक्षम बनता है। साथ ही, जीवन में अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने में सफल होता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल व योग को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान भी आवश्यक है, तभी हम समाज के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं। उन्होंने मेधावियों से आह्वान किया कि वे अपने गांव, शहर में स्वच्छता के बारे में लोगों को जागरूक करें, जिससे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के संकल्प ‘स्वच्छ भारत’ को साकार किया जा सके।press-232
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सभी सम्मानित छात्र समाज की प्रतिभा हैं। आप सभी ने यह मुकाम कठिन परिश्रम से प्राप्त किया है। आपको सम्मानित करने से समाज व राष्ट्र का कल्याण होगा। उन्होंने कहा कि मीडिया द्वारा समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। यह कार्यक्रम उसी का एक उदाहरण है। समाज की प्रतिभा को आगे बढ़ाने में इस तरह के मंच किसी भी विद्यार्थी के जीवन के लिए मील का पत्थर साबित हो सकते हैं।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री श्री श्रीकांत शर्मा ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य होते हैं। उन्होंने छात्रों को सलाह देते हुए कहा कि सकारात्मक एवं अच्छी सोच के साथ परिश्रम करने पर सफलता की मंजिल तक पहुंचने से कोई रोक नहीं सकता है।
शिक्षा राज्य मंत्री श्री संदीप सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाया है, जिससे बच्चों का सर्वांगीण विकास हो रहा है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री डाॅ0 दिनेश शर्मा, परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री स्वतंत्रदेव सिंह, प्रमुख सचिव सूचना श्री अवनीश कुमार अवस्थी, अमर उजाला के कार्यकारी सम्पादक डाॅ0 इन्दुशेखर पंचोली, छात्र-छात्राओं सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

October 2026
M T W T F S S
« Sep    
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  
-->









 Type in