Categorized | लखनऊ.

कश्मीर से कन्याकुमारी और कच्छ से कोहिमा तक केसरिया पताका प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों में जन विश्वास का परिणाम

Posted on 04 March 2018 by admin

- मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अब भाजपा के सुशासन व विकास की विजय यात्रा न केवल कर्नाटक व केरल पहुंचेगी, बल्कि बंगाल और ओडिशा में आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा बहुमत की विजय प्राप्त करेगी।
लखनऊ 04 मार्च 2018, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक और कच्छ से कोहिमा तक केसरिया पताका फहरा रही है। एक पार्टी भाजपा का शासन है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सुशासन व विकास की नीतियों में जनता का विश्वास का परिचायक है।
आज प्रदेश भाजपा मुख्यालय में उत्तर पूर्व के राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की विजय के अवसर पर आयोजित प्रेसवार्ता में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर पूर्व के त्रिपुरा, नागालैड व मेघालय मे भाजपा व इसके गठबंधन दलों की विजय का श्रेय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह जी के मार्गदर्शन और कुशल नेतत्व को जाता है। उत्तर पूर्व के भाजपा के कार्यकर्ताओं की तपस्या व परिश्रम के लिए हृदय से धन्यवाद देता हूं। भाजपा को निरंतर मिल रही विजय इस बात का द्योतक है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास के मंत्र को पूरा देश आत्मसात् कर रहा है।
उन्होंने कहा कि त्रिपुरा की 59 सीटों में भाजपा व सहयोगियों को 43 सीटें मिली हैं और अकेले भाजपा को 35 सीटें मिली हैं। त्रिपुरा, नागालैंड व मेघालय में भाजपा सरकार बनाने जा रही है। मेघालय में सरकार होने के बावजूद कांग्रेस अपनी सत्ता नहीं बचा सकी।
उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों में उत्तरपूर्व राज्यों के साथ सौतेला व्यवहार होता रहा। उत्तर पूर्व विकास को तरसता रहा। केंद्र में सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मई 2014 में एक्ट ईस्ट नीति लागू कर केंद्र सरकार के मंत्रियों व वरिष्ठ अधिकारियों को उत्तर पूर्व के राज्यों में प्रवास कर इन क्षेत्रों को विकास की मुख्य धारा में लाने का प्रयास प्रारंभ किया। असम, मणिपुर में भाजपा की विजय के साथ ही त्रिपुरा सहित उत्तर पूर्व के नागालैंड व मेघालय की जनता में भी विकास को लेकर आशा का प्रबल संचार हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन व विकास की सहारा मिलते ही युवाओं ने अंगड़ाई ली और विकास के लिए सत्ता परिवर्तन कर दिया। यह विजय राष्ट्र के एकीकरण एवं प्रधानमंत्री मोदी जी के एक भारत, श्रेष्ठ भारत एवं न्यू इंडिया के सपने को साकार करने के लिए जनता का समर्थन है।
उन्होंने कहा कि त्रिपुरा, मेघालय व नागालैंड की जनता ने जाति, मत, मजहब या परिवार की बांटने वाली राजनीति को नकार कर सुशासन व विकास के लिए भाजपा का परचम लहरा दिया। वाम हिंसा और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद भाजपा के कार्यकर्ताओं ने अपने परिश्रम से त्रिपुरा में वामपंथियों के झूठ को बेनकाब करते हुए न केवल इनके गढ़ को ध्वस्त किया, बल्कि उत्तरपूर्व की सम्पूर्ण भूमि पर केसरिया लहरा कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन व विकास के मंत्र में सुदृढ़ विश्वास व्यक्त किया। प्रधानमंत्री मोदी के सुशासन व विकास के मंत्र ने वामपंथ के झूठे दावों की पोल खोलकर रख दी। पहली बार जनता ने महसूस किया कि अब तक उसे नारों व वामपंथ के झूठे दावों के नाम पर छला जा रहा था। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अब भाजपा के सुशासन व विकास की विजय यात्रा न केवल कर्नाटक व केरल पहुंचेगी, बल्कि बंगाल और ओडिशा में आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा बहुमत की विजय प्राप्त करेगी।
सपा व बसपा के गठबंधन के एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि केर और बेर का साथ नहीं चलता। ऐसा शिगूफा छोडने वालों को स्टेट गेस्ट हाउस कांड और महापुरुषों की मूर्तियां ढहवाने का बयान देने वालों के चेहरे याद कर लेना चाहिए। कांग्रेस को लेकर एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के उपाध्यक्ष रहते कांग्रेस दस राज्यों में चुनाव हारी। राहुल के अध्यक्ष बनने के बाद कांग्रेस पांच राज्यों में चुनाव हार चुकी है। कांग्रेस के लोगों को स्वयं ही आत्ममंथन करना चाहिए कि राहुल गांधी उनकी पार्टी के लिए कितने उपयोगी हैं। इस मौके पर राज्य मंत्री मोहसिन रजा, सांसद जगदंबिका पाल, भाजपा मुख्यालय प्रभारी भारत दीक्षित,प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी हरीशचंद्र श्रीवास्तव, संपर्क प्रमुख मनीष दीक्षित, सह मीडिया प्रभारी आलोक अवस्थी उपस्थित थे।

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

September 2026
M T W T F S S
« Sep    
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
-->









 Type in