Categorized | Latest news

मुख्यमंत्री से दक्षिण कोरिया के गिम्हे सिटी के मेयर और उनके साथ आए प्रतिनिधिमण्डल ने मुलाकात की

Posted on 23 December 2017 by admin

उ0प्र0 व दक्षिण कोरिया के रिश्तों को नया
आयाम देने के लिए कौशल विकास, पर्यटन, कृषि
व संस्कृति से सम्बन्धित एम0ओ0यू0 पर हस्ताक्षर किए गए

press-6उ0प्र0 के साथ दक्षिण कोरिया के
सांस्कृतिक व ऐतिहासिक सम्बन्ध: मुख्यमंत्री

भारत और दक्षिण कोरिया के बीच विरासत को जीवन्त
बनाए रखने के लिए यह समझौता एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा

दक्षिण कोरिया और उ0प्र0 के बीच पर्यटन की असीम सम्भावनाएं

यह समझौता दोनों देशों के सांस्कृतिक व आर्थिक
विकास को बढ़ावा देने का एक नया कदम: मेयर, गिम्हे सिटी

लखनऊ: 23 दिसम्बर, 2017

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से आज यहां शास्त्री भवन में दक्षिण कोरिया के गिम्हे सिटी के मेयर श्री डू यून सू और उनके साथ आए प्रतिनिधिमण्डल ने मुलाकात की। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश व दक्षिण कोरिया के रिश्तों को नया आयाम देने के लिए कौशल विकास, पर्यटन, कृषि व संस्कृति से सम्बन्धित एम0ओ0यू0 पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते से विकास व रोजगार की सम्भावनाएं बढ़ेंगी।press-3
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में दक्षिण कोरिया से द्विपक्षीय सम्बन्ध में को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है। भारत खासतौर पर उत्तर प्रदेश के साथ दक्षिण कोरिया के सांस्कृतिक व ऐतिहासिक सम्बन्ध रहे हैं। भारत और दक्षिण कोरिया के बीच विरासत को जीवन्त बनाए रखने के लिए यह समझौता एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि दक्षिण कोरिया और उत्तर प्रदेश के बीच पर्यटन की असीम सम्भावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि भारत और दक्षिण कोरिया के बीच तकनीकी सम्बन्धों को और आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। इससे प्रदेश में निवेश आने के साथ ही रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। भगवान बुद्ध के जीवन से जुड़े स्थल-कपिलवस्तु, कुशीनगर, सारनाथ और श्रावस्ती जैसे स्थान प्रदेश में हैं। समझौते के माध्यम से जहां एक ओर दक्षिण कोरिया के श्रद्धालुओं को यहां आने का अवसर प्राप्त होगा, वहीं दूसरी ओर उन्हें भगवान बुद्ध के विषय में जानकारी भी मिलेगी।
मुलाकात के दौरान गिम्हे सिटी के मेयर ने कहा कि यह समझौता दोनों देशों के सांस्कृतिक व आर्थिक विकास को बढ़ावा देने का एक नया कदम है। इस मौके पर मुख्यमंत्री जी ने दक्षिण कोरियाई प्रतिनिधिमण्डल को स्मृति चिन्ह भी दिया।
ज्ञातव्य है कि वर्ष 2000 में दक्षिण कोरिया का एक प्रतिनिधिमण्डल अयोध्या आया था और इसके बाद अयोध्या तथा दक्षिण कोरिया के गिम्हे नगरों के बीच सिस्टर सिटी अनुबन्ध हुआ। इसके तहत अयोध्या में क्राक क्लैन सोसाइटी द्वारा एक स्मारक बनवाया गया, जहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में दक्षिण कोरिया से पर्यटक आते हैं।
यह भी उल्लेखनीय है कि दक्षिण कोरिया के किम लोगों का यह मानना है कि आज से लगभग 2000 वर्ष पूर्व अयोध्या की एक राजकुमारी दक्षिण कोरिया गई थीं, जहां उनका विवाह राजा किम सूरो से हुआ था। वर्तमान में उनके वंशज आज दक्षिण कोरिया के क्राक क्लैन के सदस्य हैं।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव पर्यटन श्री अवनीश कुमार अवस्थी, प्रमुख सचिव श्री अमित मोहन प्रसाद, प्रमुख सचिव कौशल विकास श्री भुवनेश कुमार, सचिव मुख्यमंत्री श्री मृत्युंजय कुमार नारायण, संस्कृति सचिव सुश्री अनीता सी0 मेश्राम, मुख्यमंत्री के विशेष कार्यधिकारी श्री संजीव सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

June 2026
M T W T F S S
« Sep    
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  
-->









 Type in