Categorized | Latest news

शिक्षा समाज के सकारात्मक विकास के लिए आवश्यक: मुख्यमंत्री

Posted on 03 October 2017 by admin

कोई भी समाज अपनी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर
आने वाली पीढ़ी के लिए भविष्य का खाका तैयार कर सकता है

सभी सम्मानित छात्र समाज की प्रतिभा हैं

रचनात्मक गतिविधियां समाज की प्रगति के लिए आवश्यक: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने ‘अमर उजाला’ समाचार पत्र द्वारा
सम्मानित किए जाने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं से भेंट की

press-42लखनऊ: 03 अक्टूबर, 2017

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा है कि शिक्षा समाज के सकारात्मक विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने जीवन में सफलता के लिए संघर्ष को एक मात्र उपाय बताते हुए कहा कि जीवन से पलायन करना कायरता है। उन्होंने कहा कि कोई भी समाज अपनी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य का खाका तैयार कर सकता है। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि वर्तमान राज्य सरकार प्रदेश में शिक्षा का एक बेहतर माहौल बनाने के लिए सक्रिय प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री जी ने यह विचार आज यहां अपने सरकारी आवास पर ‘अमर उजाला’ समाचार पत्र द्वारा सम्मानित किए जाने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं से भेंट के अवसर पर व्यक्त किए। ज्ञातव्य है कि माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश की वर्ष 2017 की हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट परीक्षाओं में प्रदेश स्तर पर प्रथम 10 स्थान व जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सभी सम्मानित छात्र समाज की प्रतिभा हैं। आप सभी ने यह मुकाम कठिन पुरुषार्थ के कारण प्राप्त किया है। आपको सम्मानित करने से समाज व राष्ट्र का कल्याण होगा। उन्होंने कहा कि मीडिया समाज में अच्छा बदलाव ला सकता है। यह कार्यक्रम उसी का एक उदाहरण है। समाज की प्रतिभा को आगे बढ़ाने में इस तरह के मंच किसी भी विद्यार्थी के जीवन के लिए मील का पत्थर साबित हो सकते हैं। press-5
योगी जी ने कहा कि रचनात्मक गतिविधियां समाज की प्रगति के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ईश्वर द्वारा प्रदत्त हर चीज में कोई न कोई गुण है। आवश्यकता है एक योजक की, जो उसे समाजोपयोगी बना दे। उन्होंने कहा कि मीडिया शासन की लोक कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री डाॅ0 दिनेश शर्मा ने कहा कि पुरस्कार हमें लक्ष्य प्राप्ति की ओर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने छात्रों को सलाह देते हुए कहा कि सकारात्मक एवं अच्छी सोच के साथ परिश्रम करने पर सफलता की मंजिल तक पहुंचने से कोई रोक नहीं सकता है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी के सूचना सलाहकार श्री मृत्युंजय कुमार, अपर मुख्य सचिव माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा श्री संजय अग्रवाल, प्रमुख सचिव सूचना श्री अवनीश कुमार अवस्थी, अमर उजाला के कार्यकारी सम्पादक डाॅ0 इन्दुशेखर पंचोली, छात्र-छात्राओं सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

June 2026
M T W T F S S
« Sep    
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  
-->









 Type in