Categorized | Latest news

मुख्यमंत्री ने तृतीय अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की

Posted on 02 June 2017 by admin

योग दिवस से पहले सम्पूर्ण लखनऊ नगर में स्वच्छता अभियान चलाया जाए

सड़कों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर ऊर्जा दक्षता एवं कम विद्युत खपत
के लिए एल०ई०डी० बल्ब लगाए जाएं

रमाबाई अम्बेडकर मैदान के आसपास उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं
की आवश्यकतानुसार मरम्मत करायी जाए

आयोजन के दिन पूरे नगर में सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था
सुनिश्चित कराने के निर्देश
4उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज यहां अपने सरकारी आवास पर तृतीय अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून, 2017) के लिए की जा रही तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। इस मौके पर उन्होंने निर्देशित किया कि योग दिवस के पूर्व सम्पूर्ण लखनऊ नगर में स्वच्छता के लिए अभियान चलाया जाए। इसके साथ ही, सड़कों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर ऊर्जा दक्षता एवं कम विद्युत खपत के लिए एल०ई०डी० बल्ब लगाए जाएं।
मुख्यमंत्री जी ने कार्यक्रम स्थल रमाबाई अम्बेडकर मैदान के आसपास स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि इसके आसपास उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं की आवश्यकतानुसार मरम्मत करायी जाए। उन्होंने कहा कि मुख्य कार्यक्रम स्थल के अतिरिक्त प्रदेश के सभी जनपद मुख्यालयों, तहसीलों, एवं विकास खण्डों के सार्वजनिक स्थानों, विद्यालयों एवं पार्काें में भी व्यापक रूप से योग कार्यक्रम सम्पादित कराने के लिए व्यवस्था मुकम्मल करायी जाए। साथ ही, लखनऊ नगर के अन्य सार्वजनिक स्थानों एवं पार्काें में आम नागरिकों की सुविधा हेतु एल०ई०डी० स्क्रीन लगाकर लाइव टेलीकास्ट कराने एवं सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए भी कहा।
योगी जी ने कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश देते हुए कहा कि इस कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए गठित समितियों को अपने दायित्वों का पूरी गम्भीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करना चाहिए। कार्यक्रम से पूर्व 7 जून, 2017 को आयुष विभाग द्वारा राजभवन में योग दिवस के कर्टन रेजर के रूप में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि जिन 452 योग प्रशिक्षकों को विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के लिए नामित किया गया है। उनके सहयोग से लोगों को अधिक से अधिक पारंगता के साथ योग करने का प्रशिक्षण दिलाया जाए। उन्होंने मुख्य कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले लोगों को निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप टी-शर्ट उपलब्ध कराने तथा कार्यक्रम स्थल तक प्रतिभागियों को लाने हेतु बसों की मुकम्मल व्यवस्था करने के निर्देश भी दिये। योग दिवस कार्यक्रम की तैयारियों से सम्बन्धित सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए बनाये गये व्हाट्सएप ग्रुप का समुचित उपयोग करने का निर्देश देते हुए कहा कि इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करायी जाए।
ज्ञातव्य है कि 21 जून, 2017 को लखनऊ के रमाबाई अम्बेडकर मैदान में अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया है, जिसमें प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के साथ करीब 70,000 लोग प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अपेक्स स्टीयरिंग कमेटी का गठन किया गया है, जिसमें सचिव आयुष, भारत सरकार तथा मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश सहित 15 अधिकारी शामिल किये गये हैं, जिनमें पुलिस महानिदेशक तथा प्रमुख सचिव गृह भी सदस्य के रूप में नामित हैं। इसके अलावा, को-आर्डिनेशन कमेटी, सिक्योरिटी कमेटी, साइट कमेटी, योगा आॅर्गेनाइजिंग कमेटी, ट्रान्सपोर्ट कमेटी, मीडिया एडवर्टाइजिंग एण्ड मार्केटिंग कमेटी, स्वच्छता एवं सौन्दर्यीकरण कमेटी तथा आमंत्रण पत्रों की तैयारी वितरण एवं पार्किंग हेतु भी कमेटी का गठन किया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित होने वाला कार्यक्रम शासकीय नहीं बल्कि जनसामान्य का योग कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में पतंजलि संस्थान, आर्ट आॅफ लिविंग, मोक्षायतन, ब्रह्मकुमारी, देव संस्कृति जैसी संस्थाओं के अलावा एन०सी०सी०, एन०एस०एस०, सी०आर०पी०एफ०, बी०एस०एफ०, सेना सहित राज्य सरकार के कई विभाग भी प्रतिभाग कर रहे हैं।
बैठक में सभी सम्बन्धित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं संस्थाओं के पदाधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

October 2026
M T W T F S S
« Sep    
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  
-->









 Type in