Categorized | लखनऊ.

मुख्यमंत्री से बेल्जियम के राजदूत ने प्रतिनिधिमण्डल के साथ भेंट की

Posted on 31 May 2017 by admin

-बेल्जियम एवं उत्तर प्रदेश के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ाने तथा विभिन्न क्षेत्रों के लिए आधुनिक तकनीक उपलब्ध कराने पर विचार-विमर्श किया गया
‘नमामि गंगे परियोजना’ के तहत गंगा की निर्मलता एवं अविरलता बनाये रखने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध: योगी जी
प्रयाग अर्द्धकुम्भ-2019 के आयोजन से पूर्व गंगा को स्वच्छ बनाने का काम युद्धस्तर पर किया जाएगा: मुुख्यमंत्री
ठोस अपशिष्ट निस्तारण, पेयजल एवं सीवरेज की व्यवस्था के लिए नई तकनीक पर बल
बेल्जियम के राजदूत ने स्मार्ट सिटी परियोजना में रुचि दिखायी

press-131उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से आज उनके सरकारी आवास पर बेल्जियम के राजदूत श्री जाॅन लूयक्स ने प्रतिनिधिमण्डल के साथ भेंट की। इस मौके पर बेल्जियम एवं उत्तर प्रदेश के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ाने तथा विभिन्न क्षेत्रों एवं परियोजनाओं के लिए आधुनिक तकनीक उपलब्ध कराने पर विचार-विमर्श किया गया।
अत्यंत सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न इस बैठक में मुख्यमंत्री जी द्वारा ‘नमामि गंगे परियोजना’ के तहत गंगा की निर्मलता एवं अविरलता के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि इस निमित्त राज्य सरकार द्वारा सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रयाग अर्द्धकुम्भ-2019 के आयोजन से पूर्व प्रत्येक दशा में गंगा को स्वच्छ बनाने का प्रयास युद्धस्तर पर किया जा रहा है। उन्होंने गंगा को स्वच्छ बनाने में बेल्जियम से सहयोग की अपेक्षा करते हुए इस मामले में नई तकनीक उपलब्ध कराने का आग्रह भी किया।
योगी जी ने प्रदेश के नगरी क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट प्रबन्धन पर बल देते हुए कहा कि ठोस अपशिष्ट निस्तारण में नई तकनीक काफी सफल एवं उपयोगी हो सकती है। इसी प्रकार, पेयजल एवं सीवरेज की व्यवस्था के लिए भी नई तकनीक के उपयोग पर बल दिया गया। इस मामले में बेल्जियम के राजदूत ने उपलब्ध तकनीक की जानकारी देते हुए कहा कि इन मामलों में बेल्जियम उत्तर प्रदेश को पूरा सहयोग देने के लिए तैयार है।
बेल्जियम के राजदूत ने ‘स्मार्ट सिटी परियोजना’ में रुचि दिखाते हुए इस मामले में अपने देश की तरफ से हर सम्भव सहयोग प्रदान करने की बात कही। उन्होंने अलीगढ़, इलाहाबाद, गाजियाबाद सहित प्रदेश के अन्य बड़े शहरों में इस परियोजना के तहत काम करने की इच्छा जताई। बैठक के अन्त में मुख्यमंत्री जी द्वारा बेल्जियम के राजदूत एवं उनके प्रतिनिधिमण्डल के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा बेल्जियम के राजदूत ने प्रदेश के आर्थिक विकास हेतु सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

October 2026
M T W T F S S
« Sep    
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  
-->









 Type in