Categorized | Latest news

राज्य सरकार प्रदेश में अधिक से अधिक निवेश के लिए वातावरण तैयार कर रही है: मुख्यमंत्री

Posted on 03 April 2017 by admin

निवेशकों को एक ही छत के नीचे सभी सुविधाएं  उपलब्ध कराने के लिए सिंगल विन्डो की व्यवस्था की जा रही है

प्रदेश की कानून-व्यवस्था को तेजी से सुधारने का काम किया जा रहा है

नई औद्योगिक नीति का ड्राफ्ट शीघ्र प्रस्तुत किया जाए: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री से सैमसंग इण्डिया के प्रतिनिधिमण्डल ने मुलाकात की
press-11मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि राज्य सरकार प्रदेश में अधिक से अधिक निवेश के लिए वातावरण तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि निवेशकों को एक ही छत के नीचे सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए एकल खिड़की (सिंगल विन्डो) की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही, निवेशकर्ताओं को सुरक्षित माहौल प्रदान करने के लिए प्रदेश की कानून-व्यवस्था को तेजी से सुधारने का काम किया जा रहा है। इसके लिए सभी जिलाधिकारियों एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया गया है कि उद्यमियों की कानून-व्यवस्था से सम्बन्धित समस्याओं को गम्भीरता से लिया जाए।
मुख्यमंत्री ने यह विचार आज यहां शास्त्री भवन में सैमसंग इण्डिया इलेक्ट्राॅनिक्स के प्रेसीडेन्ट एवं सी0ई0ओ0 श्री ह्यून चिल हाँग के नेतृत्व में आए उनकी कम्पनी के 05 सदस्यीय प्रतिनिधिमण्डल से मुलाकात के दौरान व्यक्त किए। मुख्यमंत्री ने औद्योगिक विकास विभाग को निर्देशित किया कि नई औद्योगिक नीति का ड्राफ्ट शीघ्र प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने के लिए निवेश फ्रेण्डली नीतियों को लागू करेगी, जिससे प्रदेश के नौजवानों को अधिक से अधिक रोजगार का अवसर प्राप्त हो सके। उन्होंने नोएडा सहित सभी औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान के लिए गम्भीरता से काम करने के निर्देश दिए हैं।
श्री योगी ने कहा कि प्रदेश के नौजवानों को राज्य में ही रोजगार उपलब्ध कराकर उनका पलायन रोकने के लिए गम्भीरता से प्रयास किया जाएगा। यह तभी सम्भव है, जब प्रदेश में निजी निवेश को बढ़ावा देने के लिए बेहतर माहौल बनाया जाए। साथ ही, उद्यमियों को कुशल कामगार उपलब्ध कराने के लिए प्रशिक्षण पर भी बल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कार्य में राष्ट्रीय कौशल विकास परियोजना की भी मदद ली जाएगी।
ज्ञातव्य है कि सैमसंग के प्रतिनिधिण्डल ने इससे पहले औद्योगिक विकास मंत्री श्री सतीश महाना से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया, जिसके क्रम में श्री महाना ने कम्पनी की समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन देते हुए भरोसा जताया कि नई सरकार के प्रयासों से प्रदेश में भारी निवेश होगा।
श्री हाँग ने सैमसंग कम्पनी की तरफ से प्रदेश में निवेश की इच्छा जताते हुए कहा कि उनका प्रतिष्ठान राज्य के विकास में हर सम्भव मदद देने को तैयार है। उन्होंने कहा कि उनकी कम्पनी द्वारा प्रदेश में मोबाइल फोन व रेफ्रीजरेटर का उत्पादन किया जा रहा है। वर्ष 2020 तक सैमसंग द्वारा उत्तर प्रदेश में लगभग 10,000 रोजगार सृजित करने की बात भी कही गयी।
इस अवसर पर औद्योगिक विकास मंत्री श्री सतीश महाना, राज्य मंत्री श्री सुरेश राणा, मुख्य सचिव श्री राहुल भटनागर, प्रमुख सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास श्री रमा रमण, सैमसंग के उपाध्यक्ष श्री दीपक भारद्वाज, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सैंग जेई ली एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

September 2026
M T W T F S S
« Sep    
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
-->









 Type in