Categorized | लखनऊ.

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर जनपद के बहुमुखी विकास के लिए लगभग 585 करोड़ रु0 की 148 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

Posted on 19 December 2015 by admin

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने गोरखपुर जनपद के बहुमुखी विकास के लिए लगभग 585 करोड़ रुपए की 148 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग को ध्यान में रखते हुए गोरखपुर शहर को साफ-सुथरा बनाने तथा यातायात की समस्या दूर करने के लिए विशेष कार्य योजना तैयार करायी जाएगी।
मुख्यमंत्री आज यहां दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, गोरखपुर परिसर में विभिन्न योजनाओं के तहत 10 हजार 151 लाभार्थियों को चेक व प्रमाण पत्र वितरित करने के उपरान्त एक जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने 379.70 करोड़ रुपए की 79 परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 205.14 करोड़ रुपए की 69 परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सरकार गरीबों के साथ है और उसमें हर वर्ग के लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की समाजवादी सरकार शहरों के साथ गांवों के विकास पर भी जोर दे रही है।
श्री यादव ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार विकास के बूते पर जनता के आशीर्वाद से दोबारा पूरी बहुमत से सत्ता में आयेगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने जनता से जो भी वादे किये थे, उनको पूरा किया है। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली, पानी, रोजगार सृजन के साथ ही, बुनियादी सुविधाओं का मजबूत ढांचा तैयार किया है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘1090’ विमेन पावर लाइन संचालित कर रही है, जिससे पीडि़तों को काफी राहत मिली है। ‘108’ समाजवादी स्वास्थ्य सेवा एवं ‘102’ नेशनल एम्बुलेन्स सर्विस के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को गरीब जनता तक पहुंचाने का काम भी समाजवादी सरकार ने किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी सरकार सबको साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। पंचायत चुनाव की पूरी दुनिया में चर्चा थी। राज्य सरकार ने इतने बड़े चुनाव को शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं तथा नौजवान चुनकर आए हैं। उन्होंने विजयी प्रत्याशियों को बधाई देते हुए कहा कि सभी के सहयोग से उत्तर प्रदेश विकास की मंजिल तय करेगा।
श्री यादव ने कहा कि गोरखपुर को साफ-सुथरा शहर बनाने के साथ ही, इसे ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलायी जाएगी। जल्द ही सड़कों को और चैड़ा किया जाएगा तथा बिजली के तारों को भी अण्डरग्राउण्ड करने के लिए विशेष कार्य योजना बनाई जाएगी। राज्य सरकार इस मामले में पूरी मदद करेगी। शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना एक गम्भीर चुनौती है। समाजवादी सरकार गांव में भी आर0ओ0 के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराएगी।
मुख्यमंत्री ने जापानी इंसेफ्लाइटिस की समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि इसकी रोकथाम के लिए राज्य सरकार गम्भीर है। जे0ई0 के बाद अब कैंसर भी बहुत तेजी से फैल रहा है। इस पर अंकुश लगाने के लिए कार्यक्रम बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल में एक एम्स की स्थापना बहुत जरूरी है। राज्य सरकार ने गोरखपुर में एम्स की स्थापना के लिए केन्द्र सरकार से अनुरोध किया है। उन्होंने एम्स के लिए 2.5 एकड़ जमीन खुटहन के पास देने का आश्वासन दिया है। उन्होंने उनवल और उरूवा को नगर पंचायत घोषित करने के प्रस्ताव पर विचार करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि केन्द्र सरकार अपने बजट में एम्स के लिए धन देती है तो प्रदेश के आगामी बजट में बिजली, चार लेन सड़क हेतु धनराशि की व्यवस्था कराकर निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित एम्स को निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं आवश्यक सुविधाएं राज्य सरकार उपलब्ध कराएगी।
श्री यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की सड़कें बनायी जा रही हैं। देश का सबसे लम्बा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे तेजी से बन रहा है, जिसका विस्तार पूर्वांचल में बलिया तक किया जाएगा। विभिन्न अवस्थापना सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसके साथ ही, लखनऊ शहर में मेट्रो रेल पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली के क्षेत्र में समाजवादी सरकार ने सबसे ज्यादा काम किया है। वर्ष 2016 तक शहरों में 22 से 24 घंटे तथा गांवों में 16 से 20 घंटे बिजली मिलने लगेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी सरकार ने घोषणा पत्र में किये गये सभी वादों को पांच वर्ष के बजाए तीन वर्ष में ही पूरा करके दिखाया है। विकास के मामले में प्रदेश सरकार ने विकसित कहे जाने वाले कई राज्यों को पीछे छोड़ दिया है। निःशुल्क लैपटाॅप वितरण योजना की आलोचना करने वाले लोग अब इसी योजना को अपने राज्यों में लागू कर रहे हैं।
श्री यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने गांवों और शहरों के सन्तुलित विकास पर जोर दे रही है। जहां एक ओर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे तथा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे जैसी बड़ी परियोजनाओं पर काम हो रहा है। वहीं दूसरी तरफ गांवों में बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार करने के साथ ही, सामाजिक सेक्टर की सबसे बड़ी समाजवादी पेंशन योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत लगभग 45 लाख गरीब महिलाओं को पेंशन दी जा रही है।
श्री यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब उस राज्य की श्रेणी में आ गया है, जो विकास के नए एजेंडा तय कर रहा है और दूसरे राज्य उसकी नकल करने पर मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को उल्टा प्रदेश बताने वाले लोगों का भी नजरिया उत्तर प्रदेश का विकास देखकर बदल रहा है। उत्तर प्रदेश देश का बड़ा प्रदेश है। हमारी सरकार ने इसे विकास की दिशा में मोड़ने का काम किया है। उत्तर प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और बिजली के क्षेत्र में काफी काम हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की समाजवादी सरकार ने भ्रष्टाचार को खत्म किया है। उन्होंने कहा कि बहस विकास को लेकर होनी चाहिए, लेकिन कुछ लोग विकास से लोगों का ध्यान हटाने के लिए दूसरे मुद्दे उठाते रहते हैं। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश के सामने कई चुनौतियां हैं। लोगों को भोजन मिले, इलाज की व्यवस्था हो, स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो। बेरोजगारों को रोजगार मिले। उन्होंने कहा कि ऐसे मुद्दों पर बात होनी चाहिए।
श्री यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार किसानों की मदद कर रही है। उनको समय से उर्वरक, बीज तथा सिंचाई की सुविधा मुहैया करायी जा रही है। कृषक दुर्घटना बीमा नेताजी ने शुरू किया था। समाजवादी सरकार ने इस धनराशि को बढ़ाते हुए 05 लाख रुपए कर दिया है। यह योजना उत्तर प्रदेश में ही चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार अपने सीमित संसाधनों से किसानों को मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादन में उत्तर प्रदेश गुजरात से आगे निकल गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में दुधारु पशुओं के संरक्षण तथा उनको बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार किसानों की मदद कर रही है और यही कारण है कि मदर डेयरी वाले भी उत्तर प्रदेश की ओर रूख कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुरानी व केन्द्र की नई सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण गन्ना किसानों का काफी नुकसान हुआ।
श्री यादव ने बढ़ते प्रदूषण पर गम्भीर चिन्ता जाहिर करते हुए कहा कि पर्यावरण की शुद्धता के लिए साइकिल का अधिकतम उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार साइकिल को बढ़ावा देने के लिए साइकिल ट्रैक का निर्माण करा रही है।
इस अवसर पर मंत्रिमण्डल के कई सदस्य, विधायक आदि मौजूद थे।

सुरेन्द्र अग्निहोत्री
agnihotri1966@gmail.com
sa@upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

May 2024
M T W T F S S
« Sep    
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  
-->









 Type in