Categorized | लखनऊ.

कार्तिक पूर्णिमा की गोधूलि में गोमती की महाआरती संग हजारों दीपक देवताओं की आराधना में प्रज्ज्वलित किये जायेंगे।

Posted on 25 November 2015 by admin

कार्तिक पूर्णिमा की गोधूलि में गोमती की महाआरती संग हजारों दीपक देवताओं की आराधना में प्रज्ज्वलित किये जायेंगे। देव दीपावली के अवसर पर मनकामेश्वर उपवन स्थित गोमती तट पर राष्ट्र रक्षा-प्रकृति रक्षा का संकल्प भी लिया जायेगा। मनकामेश्वर मठ-मन्दिर की श्रीमहन्त देव्या गिरि जी महाराज ने प्रेस वात्र्ता के दौरान उक्त जानकारी दी।
भोलेनाथ से जुड़ी है देव दीपावली
पौराणिक कथा के अनुसार भगवान शंकर ने देवताओं की प्रार्थना पर महाबली दैत्य त्रिपुरासुर का वध किया था, जिसके उल्लास में देवताओं ने दीपावली मनाई। एक अन्य कथा के अनुसार राजर्षि विश्वामित्र ने त्रिशंकु को अपने तपोबल से स्वर्ग भेजा था किन्तु देवराज ने उन्हें स्वर्ग से बाहर निकाल दिया। अधर में लटके त्रिशंकु की स्थिति से कुपित विश्वामित्र ने तपोबल से नई सृष्टि की रचना आरम्भ कर दी परन्तु देवताओं की अभ्यर्थना के फलस्वरुप उनका कोप शान्त हुआ तथा नई सृष्टि की रचना पर विराम लगा। इस अवसर पर तीनों लोक में दीपावली मनाई गई। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर दीपावली मनाने के लिए देवता स्वर्ग से नदी के पावन तटों पर अदृश्य रुप से अवतरित होते हैं।
मनकामेश्वर उपवन के तट पर होगी मां गोमती की महाआरती
काशी व हरिद्वार में होने वाली गंगा आरती की तर्ज पर लखनऊ में मां गोमती की महाआरती होगी। मनकामेश्वर उपवन स्थित गोमती तट पर लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा 11 आरती मंच तैयार किये गये हैं। योजना है कि गोमा की दैनिक आरती तथा प्रत्येक पूर्णिमा को भव्य महाआरती का आयोजन किया जाय।
आटे के दीये से होगा दीपदान
देव दीपावली पर आटे से बने 11111 दीपक प्रज्ज्वलित किये जायेंगे। महिला श्रद्धालुओं द्वारा भारी संख्या में आटे के दीपक तैयार किये जा रहे हैं। श्रीमहन्त जी ने बताया कि दीपदान के बाद सभी दीये गोमती में प्रवाहित किये जायेंगे। इससे एक ओर जहां मछली आदि जलचरों को भोजन प्राप्त होगा वहीं गोमती को प्रदूषणमुक्त बनाने के अभियान को सम्बल भी प्राप्त होगा। व्यवस्था की दृष्टि से लगभग 200 परिवारों को एक एक टेबल की व्यवस्था सौंपी गई है।
गोमती के समग्र कायाकल्प का अभियान है ‘नमोस्तुते मां गोमती’
गोमती के समग्र कायाकल्प हेतु ‘नमोस्तुते मां गोमती’ अभियान आरम्भ किया गया है। गोमती की शुचिता हेतु उद्भव स्थल से गंगा मिलन स्थल तक गोमती की सभी सहायक नदियों को साफ करने हेतु जनजागरण व श्रमदान का कार्य किया जा रहा है।
लिया जायेगा राष्ट्र रक्षा का संकल्प
आयोजन में सामूहिक रुप से राष्ट्र गान व राष्ट्र गीत गाये जायेंगे। राष्ट्र रक्षा, प्रकृति रक्षा और सामाजिक सद्भाव के लिए सामूहिक संकल्प भी लिया जायेगा।
मंच पर होगी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति
समस्त देवताओं के आह्वान, पूजन-अर्चन से आरम्भ होने वाले इस महत आयोजन में एक ओर जहां नृत्य आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति होगी वहीं पहली महिला बैण्ड ‘मेरी जिन्दगी’ की युवतियां भी मंचीय प्रस्तुति देंगी।
श्रीमहन्त देव्या गिरि ने उत्तर प्रदेश सरकार से गोमती को राज्य नदी घोषित करने की मांग करते हुए आदि गंगा गोमती को संवारने की अपील की।
प्रेस वात्र्ता के दौरान सर्वश्री नवाब मीर जाफर अब्दुल्ला, अमरनाथ मिश्र, पार्षद रणजीत सिंह, मनीष खेमका, रेहान खान, रुद्र प्रताप दुबे, जगदीश गुप्ता, डा. सौरभ, एस.के.गोपाल, प्रेम तिवारी, अजय तिवारी, पवन तलवार, सुरेश कुमार ओझा, अपराजिता मेहरा, जया त्रिपाठी, धर्मेन्द्र निगम, डा.अनिल गुप्ता समेत आयोजन से जुड़े अनेक लोग उपस्थित रहे।

सुरेन्द्र अग्निहोत्री
agnihotri1966@gmail.com
sa@upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

April 2025
M T W T F S S
« Sep    
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
-->









 Type in