Categorized | लखनऊ.

आगामी 31 मार्च, 2016 तक आधार परियोजना के निर्धारित लक्ष्य को न्यूनतम 90 प्रतिशत प्रत्येक दशा में प्राप्त किया जाये: मुख्य सचिव

Posted on 27 October 2015 by admin

उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव श्री आलोक रंजन ने समस्त जिलाधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि आगामी 31 मार्च, 2016 तक आधार परियोजना के निर्धारित लक्ष्य को न्यूनतम 90 प्रतिशत प्रत्येक दशा में प्राप्त किया जाये। उन्होंने कहा कि 75 प्रतिशत से कम प्रगति वाले जनपदों के जिलाधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु युद्ध स्तर पर आधार कार्ड तैयार करने का कार्य कराना होगा। उन्होंने कहा कि 05 साल के बच्चों का नामांकन टैबलेट के माध्यम से आंगनबाड़ी केन्द्रों में तथा 05 साल से अधिक उम्र के छात्रों को छात्र संख्या के आधार पर नामांकन शिविरों का निर्धारण शिक्षण संस्थाओं में कराकर शिक्षण संस्थाओं को शत-प्रतिशत आच्छादित कराया जाये। उन्होंने कहा कि विशेष अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु शिविर दिवस निर्धारण से पूर्व प्रधानाचार्यों एवं सम्बन्धित बेसिक, माध्यमिक, उच्च शिक्षा, प्राथमिक शिक्षा, अल्पसंख्यक कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार केन्द्रों के मध्य समन्वय स्थापित करने हेतु सम्बन्धित अधिकारियों के साथ बैठक अवश्य आयोजित कराकर आवश्यक निर्देश निर्गत कर दिये जायें। उन्होंने कहा कि आधार कार्ड नामांकन की प्रगति की सूचना प्रति सप्ताह निर्धारित लक्ष्य के अनुसार सम्बन्धित जिलाधिकारियों को देनी होगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह वीडियो कान्फ्रेन्सिंग के माध्यम से आधार कार्ड नामांकन की प्रगति की समीक्षा की जायेगी।
मुख्य सचिव ने यह निर्देश आज योजना भवन में वीडियो कान्फ्रेन्सिंग के माध्यम से सम्बन्धित जिलाधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की आबादी लगभग 20 करोड़ में से 12 करोड़ लोगों के आधार कार्ड बनाये जा चुके हैं, अवशेष लगभग 08 करोड़ आधार नामांकन कार्ड बनाये जाने हेतु युद्ध स्तर पर अभियान चलाया जाये। उन्होंने कहा कि 05 वर्ष तथा 05 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के नामाकंन पर विशेष ध्यान देते हुये आधार नामांकन शिविरों का निरीक्षण सम्बन्धित जिलाधिकारी स्वयं कर यह सुनिश्चित करायें कि शिविर के दौरान फील्ड स्तरीय कर्मी की उपस्थिति अवश्य सुनिश्चित हो।
श्री रंजन ने कहा कि आधार जनरेशन के निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु समस्त माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कराते हुये अवशेष जनसंख्या के आधार पर मासिक लक्ष्यों का निर्धारण कर निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु निरन्तर अनुश्रवण सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी प्रतिदिन अपने स्तर पर अनुश्रवण सुनिश्चित कर यह सुनिश्चित करायें कि निर्धारित लक्ष्य के अनुसार आधार जनरेशन का कार्य अवश्य पूर्ण हो। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थाओं में शिविरों का आयोजन इस प्रकार किया जाये कि शिक्षण संस्थाओं में शत-प्रतिशत छात्र-छात्राओं का आच्छादन सुनिश्चित हो जाये। उन्होंने कहा कि इसके लिये सम्बन्धित प्रधानाचार्यों एवं तहसील स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक कर शिक्षण संस्थाओं में आधार नामांकन शिविरों की अग्रिम जानकारी देकर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कराया जाये। उन्होंने यह भी निर्देश दिये हैं कि आधार नामांकन कार्ड बनवाने में किसी भी सम्बन्धित व्यक्ति से सम्बन्धित एजेन्सी द्वारा कोई भी शुल्क कतई न लिया जाये और यदि लिये जाने की जानकारी प्राप्त हो, तो निष्पक्ष जांच कराकर उसके विरुद्ध सख्त से सख्त कार्यवाही सुनिश्चित की जाये।
वीडियो कान्फ्रेन्सिंग में प्रमुख सचिव नियोजन श्री आर0पी0सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

सुरेन्द्र अग्निहोत्री
agnihotri1966@gmail.com
sa@upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

June 2026
M T W T F S S
« Sep    
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  
-->









 Type in