Categorized | लखनऊ.

वर्षा कम होने की स्थिति पर किसानों को उनकी फसल हेतु पर्याप्त सिंचाई आदि की सुविधायें प्रत्येक दशा में उपलब्ध करायी जायें, ताकि संभावित सूखे की स्थिति पर किसानों की बोयी हुई फसल का नुकसान कतई न होने पाये: मुख्य सचिव

Posted on 03 September 2015 by admin

उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव श्री आलोक रंजन ने विद्युत, सिंचाई आदि सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये हैं कि वर्षा कम होने की स्थिति पर किसानों को उनकी फसल हेतु पर्याप्त सिंचाई आदि की सुविधायें प्रत्येक दशा में उपलब्ध करायी जायें, ताकि संभावित सूखे की स्थिति पर किसानों की बोयी हुई फसल का नुकसान कतई न होने पाये। उन्होंने कहा कि कम से कम आगामी 15 दिन के लिये सम्बन्धित विभागों द्वारा एक कण्ट्रोल रूम स्थापित किया जाये, ताकि किसान सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों से सीधा संपर्क स्थापित कर अपनी समस्याओं का समाधान तत्काल करा सकें। उन्होंने कहा कि सम्बन्धित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी नियमित रूप से माॅनीटरिंग कर सुनिश्चित करें कि संभावित सूखे की स्थिति में किसानों की बोयी फसल का कतई नुकसान न होने पाये।
मुख्य सचिव आज शास्त्री भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष के सभागार में संभावित सूखे की स्थिति पर तत्काल नियंत्रण करने हेतु बैठक कर वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे रहे थे। उन्होंने निर्देश दिये कि यह प्रत्येक दशा में सुनिश्चित कराना होगा कि नहरों में पानी की आपूर्ति निरन्तर होती रहे तथा नहरों में कटान कतई न होने पाये। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी फसल हेतु आवश्यकतानुसार पानी की आपूर्ति अवश्य होनी चाहिये। उन्होंने कहा कि नलकूपों का संचालन नियमित रूप से कराया जाये और नलकूप खराब होने की स्थिति पर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तत्काल ठीक कराया जाना सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि यह भी सुनिश्चित किया जाये कि खोदे गये तालाबों में पानी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहे।
श्री रंजन ने कहा कि कम वर्षा वाले जनपदों के सम्बन्धित जिलाधिकारी एवं विभागीय अधिकारी को विशेष रूप से निरन्तर अनुश्रवण कर किसानों की बोयी हुई फसल को नुकसान से बचाने के लिये आवश्यकतानुसार पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करानी होगी। उन्होंने कहा कि ऐसे जनपदों में पर्याप्त विद्युत आपूर्ति कराकर नलकूपों का संचालन एवं नहरों में पानी की आपूर्ति नियमित रूप से कराया जाना सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि बीमित फसलों की किस्त को नियमित रूप से बैंकों में जमा कराना अवश्य सुनिश्चित कराया जाये।
बैठक में कृषि उत्पादन आयुक्त श्री आनंद मिश्रा, प्रमुख सचिव राजस्व श्री सुरेश चन्द्रा, प्रमुख सचिव कृषि श्री अमित मोहन प्रसाद, राहत आयुक्त श्रीमती लीना जौहरी सहित सम्बन्धित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

सुरेन्द्र अग्निहोत्री
agnihotri1966@gmail.com
sa@upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

October 2026
M T W T F S S
« Sep    
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  
-->









 Type in