Categorized | Latest news, लखनऊ.

मुख्यमंत्री ने आई.आई.टी. की प्रवेश परीक्षा में अच्छी रैंक पाने वाले सात छात्रों को सम्मान स्वरूप एक-एक लैपटाॅप व 01-01 लाख रु0 का चेक प्रदान किया

Posted on 29 June 2015 by admin

press-1

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने इस वर्ष भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आई.आई.टी.) की प्रवेश परीक्षा में अच्छी रैंक पाने वाले विभिन्न जनपदों के सात छात्रों को सम्मान स्वरूप एक-एक लैपटाॅप व 01-01 लाख रुपये का चेक प्रदान किया।
प्रतिभावान छात्रों को आज यहां अपने सरकारी आवास पर सम्मानित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद सुल्तानपुर के श्री विष्णु गुप्ता, प्रतापगढ़ के श्री कपूर सरोज व श्री शुभम यादव, सोनभद्र के श्री मुजम्मिल खान तथा श्री आलोक मौर्या, अमेठी के श्री नीलेश यादव तथा रायबरेली के श्री शशांक अवस्थी अपने-अपने क्षेत्रों में अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। श्री कपूर सरोज ने जहां आँखों में कम रोशनी के बावजूद अनुसूचित जाति की सूची में पांचवां स्थान प्राप्त किया है, वहीं श्री शशांक अवस्थी ने आई.आई.टी. में चयनित होने के साथ-साथ 12वीं कक्षा की परीक्षा में 97 प्रतिशत अंक प्राप्त किये हैं। उन्होंने इन छात्रों को बधाई देते हुए इनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
इस अवसर पर श्री यादव ने प्रतिभाशाली छात्रों की तारीफ करते हुए कहा कि इन छात्रों ने विषम परिस्थितियों में साधनहीनता के बावजूद जो सफलता अर्जित की है, वह सराहनीय है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि आई.आई.टी. की पढ़ाई के बाद जहां भी उन्हें काम करने का मौका मिले वे हमेशा गरीबों की मदद के लिए तत्पर रहें। उन्होंने भरोसा जताया कि आई.आई.टी. की पढ़ाई में भी ये छात्र अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। समाजवादी सरकार प्रतिभा, मेहनत और लगन का हमेशा से सम्मान करती आयी है। इन छात्रों को भविष्य में भी राज्य सरकार की ओर से हर सम्भव मदद देने का भी उन्होंने आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के विकास में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में प्रतिभाशाली छात्रों को हर तरह की मदद और प्रोत्साहन दिया जाना आवश्यक है, ताकि वे आने वाले समय में और उपलब्धियां हासिल कर देश व दुनिया में प्रदेश का नाम रौशन करें तथा राज्य के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं। निःशुल्क लैपटाॅप वितरण योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों तथा किसानों के बच्चों को आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में साधन सम्पन्न परिवारों के बच्चों के बराबर लाने के लिए लैपटाॅप वितरित किए। इन छात्रों को आज दिए गए लैपटाॅप की मदद से इनकी आगे की पढ़ाई में काफी सहयोग मिलेगा।
श्री यादव ने कहा कि 4जी के माध्यम से ताजमहल सहित प्रदेश के प्रमुख ऐतिहासिक व धार्मिक व पर्यटक स्थलों, पार्काें आदि को वाई-फाई की सुविधा से सम्पन्न किया जाएगा। यहां हजरतगंज में वाई-फाई की सुविधा देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास के मामले में राज्य सरकार हमेशा केन्द्र सरकार को सहयोग देने का काम करती रही है। वर्तमान राज्य सरकार प्रदेश के विकास के लिए सभी क्षेत्रों में गम्भीरता से काम कर रही है। उन्होंने विद्युत वितरण एवं आपूर्ति व्यवस्था के लिए बनाए जा रहे विद्युत सबस्टेशन, किसानों के लिए अलग फीडर, सौर ऊर्जा परियोजनाआंे आदि का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश के विकास के लिए राज्य सरकार की पहल अन्य सरकारों के लिए एक उदाहरण है।
इस अवसर पर राजनैतिक पेंशन मंत्री श्री राजेन्द्र चैधरी एवं विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री श्री मनोज पाण्डेय ने भी अपने विचार व्यक्त किए तथा छात्रों को बधाई दी।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, प्रमुख सचिव सूचना श्री नवनीत सहगल व अन्य अधिकारी तथा छात्रों के परिवारीजन भी उपस्थित थे।

press2-2

press1-2

press-3

सुरेन्द्र अग्निहोत्री
agnihotri1966@gmail.com
sa@upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

July 2026
M T W T F S S
« Sep    
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  
-->









 Type in