Categorized | लखनऊ.

सी.एम.एस. के आई.सी.एस.ई. (कक्षा-10) एवं आई.एस.सी. (कक्षा-12) के टाॅपर छात्रों ने निकाला ‘विक्ट्री मार्च’

Posted on 21 May 2015 by admin

सिटी मोन्टेसरी स्कूल ने आज एक भव्य समारोह में अपने उन 2093 छात्रों को सम्मानित किया जिन्होंने आई.सी.एस.ई. (कक्षा-10) एवं आई.एस.सी. (कक्षा-12) की बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से लेकर 99.25 प्रतिशत तक अंक अर्जित कर नया इतिहास रचा है एवं अपने ही पिछले सभी रिकार्डो को ध्वस्त करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। सी.एम.एस. गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) आॅडिटोरियम में आज आयोजित भव्य ‘मेधावी छात्र सम्मान समारोह’ का विशेष आकर्षण यह रहा कि इस अवसर पर मेधावी छात्रों के साथ ही उनके माता-पिता व टीचर-गार्जियन को भी सार्वजनिक तौर पर सम्मानित किया गया। इस भव्य समारोह में आई.एस.सी. (कक्षा-12) की परीक्षा में 99.25 प्रतिशत अंक अर्जित कर पूरे प्रदेश में टाॅप करने वाली एवं राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान अर्जित करने वाली सी.एम.एस. महानगर कैम्पस की दो मेधावी छात्राओं श्रेया श्रीवास्तव एवं प्रज्ञा मिश्रा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, आई.एस.सी. (कक्षा-12) की बोर्ड परीक्षा में प्रदेश में दूसरा व तीसरा स्थान अर्जित करने वाले 8 छात्र-छात्राओं एवं आई.सी.एस.ई. (कक्षा-10) की बोर्ड परीक्षा में 98.60 प्रतिशत अंक अर्जित कर प्रदेश में दूसरा स्थान एवं आई.सी.एस.ई. इण्टर-कैम्पस मेरिट लिस्ट की टाॅपर सी.एम.एस. अलीगंज कैम्पस की छात्रा अनन्या शुक्ला को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मेधावी छात्रों के माता-पिता व टीचर-गार्जियन को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसी प्रकार आई.सी.एस.ई. (कक्षा-10) एवं आई.एस.सी. (कक्षा-12) की बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से 99.25 प्रतिशत तक अंक अर्जित करने वाले सभी 2093 मेधावी छात्रों को भी सम्मानित किया गया।
इससे पहले मुख्य अतिथि के रूप में पधारे श्री राजन शुक्ला, आई.ए.एस., प्रमुख सचिव, ने दीप प्रज्वलित कर
‘मेधावी छात्र सम्मान समारोह’ का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर अपने उद्बोधन में श्री शुक्ला ने सी.एम.एस. छात्रों का अभूतपूर्व सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि उनकी इस सफलता में डा. जगदीश गाँधी, डा. (श्रीमती) भारती गाँधी, प्रो. गीता गाँधी किंगडन समेत प्रधानाचार्या, शिक्षिकाओं व विद्यालय के अन्य लोगों के साथ ही उनमें माता-पिता का भी बहुत योगदान है। उन्होंने बच्चों की हौसलाअफजाई करते हुए कहा कि आपके दृढ़निश्चय, प्रतिबद्धता एवं आत्मविश्वास ने आपका ‘हीरो’ बना दिया है परन्तु इसके दुष्प्रभाव से भी आपको अवश्य ही बचना है। आगे भी आपको अपनी पढ़ाई व समय सारिणी का दृढ़ता से पालन करना होगा, साथ ही साथ नैतिक शिक्षा व जीवन मूल्यों का पालन करते हुए आगे बढ़ना है। श्री शुक्ला ने छात्रों को चेताया कि यह तो एक शुरुआत है और आपको अभी बहुत आगे तक जाना है। सी.एम.एस. की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा सी.एम.एस. छात्रों की यह उपलब्धि लखनऊ के लिए गौरव की बात है। सी.एम.एस. प्रेसीडेन्ट व चीफ आॅपरेटिंग आॅफीसर प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि छात्रों के लिए यह समारोह अत्यन्त विशेष है क्योंकि यह आज सम्मानित होने वाले छात्रों को जीवन में और आगे बढ़ने व जीवन की दिशा तय करने हेतु सोचने का अवसर प्रदान करता है, साथ ही साथ अन्य छात्रों को भी प्रेरणा देता है। प्रो. किंगडन ने इस अवसर पर सी.एम.एस. व अन्य विद्यालयों का तुलनात्मक अध्ययन भी प्रस्तुत किया।
सम्मान समारोह के उपरान्त आयोजित एक प्रेस कान्फ्रेन्स में सी.एम.एस. के ऐतिहासिक परीक्षाफल की जानकारी देते हुए सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने बताया कि वर्ष 2015 की आई.सी.एस.ई. (कक्षा-10) की बोर्ड परीक्षा में सी.एम.एस. से इस बार 2871 छात्र परीक्षा में बैठे जबकि आई.एस.सी. (कक्षा-12) बोर्ड परीक्षा में 2345 छात्र शामिल हुए। इस प्रकार आई.सी.एस.ई. एवं आई.एस.सी. बोर्ड परीक्षाओं में सी.एम.एस. से कुल 5216 छात्र शामिल हुए जिसमें से 5164 छात्रों ने उच्च प्रथम श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण की है जबकि 2093 छात्रों अर्थात 40 प्रतिशत से अधिक छात्रों ने 90 प्रतिशत से लेकर 99.25 प्रतिशत तक अंक अर्जित कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।
डा. गाँधी ने बताया कि इस वर्ष सी.एम.एस. के मेधावी छात्रों ने ऐसी गौरवशाली उपलब्धि अर्जित की है जो अपने आप में एक कीर्तिमान है। आई.एस.सी. (कक्षा-12) की परीक्षा में सी.एम.एस. महानगर कैम्पस की दो छात्राओं श्रेया श्रीवास्तव एवं प्रज्ञा मिश्रा ने 99.25 प्रतिशत अंक अर्जित कर पूरे प्रदेश में टाॅप किया है जबकि 99 प्रतिशत अंकों के साथ सी.एम.एस. अलीगंज कैम्पस की प्रज्ञा पाण्डे एवं सी.एम.एस. कानपुर रोड कैम्पस की कंवल नैन कौर कोहली प्रदेश में दूसरे स्थान पर एवं 98.75 प्रतिशत अंको के साथ सी.एम.एस. अलीगंज कैम्पस के आदित्य विक्रम श्रीवास्तव, मोहक जैन व साल्वी वर्मा, सी.एम.एस. गोमती नगर कैम्पस की शुभि जैन, सी.एम.एस. चैक कैम्पस के संयम गुप्ता, सी.एम.एस. राजेन्द्र नगर कैम्पस की अनुभूति गुप्ता ने प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है। इसी प्रकार आई.सी.एस.ई. (कक्षा-10) की परीक्षा में सी.एम.एस. अलीगंज कैम्पस की अनन्या शुक्ला ने 98.60 प्रतिशत अंक अर्जित कर प्रदेश में दूसरा स्थान एवं सी.एम.एस. गोमती नगर के छात्र अमन तिवारी ने 98.40 प्रतिशत अंक अर्जित कर प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है।
डा. गाँधी ने आगे बताया कि आई.एस.सी. (कक्षा-12) की इण्टर-कैम्पस मेरिट सूची में इस बार 28 छात्रों ने टाॅप फाइव में जगह बनाई है जिन्होंने 98.25 प्रतिशत से लेकर 99.25 प्रतिशत तक अंक अर्जित किये हैं। इसी प्रकार आई.सी.एस.ई. (कक्षा-10) की इण्टर-कैम्पस मेरिट सूची में इस बार 11 छात्रों ने टाॅप फाइव में जगह बनाई है जिन्होंने 97.80 प्रतिशत से लेकर 98.60 प्रतिशत तक अंक अर्जित किया है। डा. गाँधी ने कहा कि यह उपलब्धि सी.एम.एस. के विद्वान शिक्षकों व मेधावी छात्रों के कड़े परिश्रम का प्रतिफल है, जिसने आज पूरे देश में लखनऊ का नाम रोशन किया है, लेकिन मुझे और अधिक प्रसन्नता तब होगी जब वे जिन्दगी की परीक्षा में भी सर्वोच्चता प्राप्त करेंगे एवं सी.एम.एस. से प्राप्त उच्च विचारों को जन-जन तक फैलाकर मानवता की सराहनीय सेवा करेंगे, तभी हमारा परिश्रम सार्थक होगा, क्योंकि जीवन का उद्देश्य उच्च पदासीन होकर मानवता की सेवा करना है।
प्रेस वार्ता में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सी.एम.एस. के आई.एस.सी. (कक्षा-12) के टाॅपर छात्रों ने एक स्वर से कहा कि सी.एम.एस. की बदौलत ही आज हम इस मुकाम पर पहुंचे हैं। अपनी सफलता का राज बताते हुए इन छात्रों ने एक स्वर से कहा कि हमारी सफलता के पीछे कठिन परिश्रम, शिक्षकों का मार्गदशन व माता-पिता का आशीर्वाद तो है ही, परन्तु इसके अलावा हमारे विद्यालय का शान्तिपूर्ण वातावरण व संस्थापक-प्रबन्धक डा. जगदीश गाँधी का प्रेरक मार्गदर्शन है जो हमें सदैव जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने को प्रेरित करते हैं। प्रेस कान्फ्रेन्स में पत्रकारों से बातचीत करते हुए 99.25 प्रतिशत अंक अर्जित करने वाली छात्रा प्रज्ञा मिश्रा ने कहा कि मेरी इस सफलता में मेरे विद्यालय, माता-पिता व गुरूजनों का पूरा सहयोग रहा, साथ ही मैने भी कठिन परिश्रम किया। इसी प्रकार 99 प्रतिशत अंक अर्जित कर प्रदेश में दूसरा स्थान अर्जित करने वाली सी.एम.एस. कानपुर रोड कैम्पस की छात्रा कंवल नैन कौर कोहली ने अन्य छात्रों को प्रेरणा देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम से पढ़ाई करें क्योंकि सफलता का सूत्र परिश्रम में ही निहित है। इसी प्रकार अन्य छात्रों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर सी.एम.एस. के सभी आई.एस.सी. की प्रधानाचार्याओं ने एक स्वर से अपने छात्रों की अभूतपूर्व सफलता पर हार्दिक प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अभिभावकों व शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।
इससे पहले आज प्रातः 7.00 बजे सिटी मोन्टेसरी स्कूल के आई.एस.सी. (कक्षा-12) एवं आई.सी.एस.ई. (कक्षा-10) के टाॅपर छात्रों ने बोर्ड परीक्षाओं में अपनी रिकार्ड तोड़ सफलता का ‘विजय जुलूस’ लखनऊ की सड़कों पर निकालकर अभूतपूर्व सफलता की नई इबारत लिखी। अभूतपूर्व सफलता का परचम लहराने वाले सी.एम.एस. के 2093 टाॅपर छात्रों ने गोमती नगर एक्सटेंशन स्थित मकदूमपुर पुलिस चैकी से सी.एम.एस. गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) आॅडिटोरियम तक विशाल ‘विक्ट्री मार्च’ निकालकर अन्य छात्रों को प्रेरणा दी। सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी के मार्गदर्शन एवं टाॅपर छात्रों की अगुवाई में निकाला गया यह विक्ट्री मार्च ऐसा अनूठा अहसास था, जिसने युवा पीढ़ी व छात्र समुदाय को आत्मविश्वास से लबालब कर दिया।

सुरेन्द्र अग्निहोत्री
agnihotri1966@gmail.com
sa@upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

March 2024
M T W T F S S
« Sep    
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031
-->









 Type in