Categorized | लखनऊ

25 फरवरी को भारी विरोध प्रदर्शन व विधान सभा मार्च

Posted on 22 February 2010 by admin

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा0 रमापतिराम त्रिपाठी ने जानलेवा महंगाई को केन्द्र की कांग्रेसी व राज्य की बसपा सरकार की आर्थिक नीतियो, भ्रष्टाचार व आर्थिक कुप्रबंधन की देन बताया और कहा कि कांग्रेस और महंगाई का पुराना साथ है। कांग्रेस जब-जब सत्ता में रही है, महंगाई को साथ लेकर ही आई है। डा0 त्रिपाठी ने आज यहां पार्टी मुख्यालय पर आयोजित एक पत्रकार वार्ता में कहा कि सभी सरकारें महंगाई को रोकने की बातें करती थी। अटल जी की सरकार ने महंगाई को रोक दिया था लेकिन वर्तमान कांग्रेसी सत्ता के प्रधान मन्त्री कृषि मन्त्री, वित्त मन्त्री में महंगाई बढ़ाने की पूर्व सूचना देने की होड़ है। मन्त्रिगण हर सप्ताह मंहगाई बढ़ जाने की पूर्व सूचना देते हैं, जमाखोरों को ही फायदा पहुंचाते हैं।

डा0 त्रिपाठी ने केन्द्र व बसपा सरकार के विरूद्ध लखनऊ में 25 फरवरी को भारी विरोध प्रदर्शन व विधान सभा मार्च की घोषणा की। प्रदेश अध्यक्ष ने महंगाई के लिए बसपा सरकार को भी पूरा जिम्मेदार ठहराया और कहा कि बसपाई भ्रष्टाचार ने भी महंगाई बढ़ाई है। रोडवेज बसों के किराए में अकूत वृद्धि हुई है। पेट्रोल, डीजल पर भारी स्थानीय करों ने महंगाई बढ़ाई है। सरकार ने विधान सभा के बजट सत्र के बाद लगभग 500 करोड़ के अतिरिक्त कर लगाए हैं। ये भी महंगाई बढ़ाने वाले हैं।

डा0 त्रिपाठी ने कहा कि बसपा सरकार के प्रशासनिक तन्त्र व अधिकारी वर्ग में दो समूह बन गए हैं। एक वर्ग बसपाई भ्रष्टाचार में शामिल है। वह वसूली करता है, सरकार को धन देता है। गैर कानूनी गलत काम करता है। दूसरा वर्ग गलत काम से बचता है, वही पीड़ित किया जाता है। एक मुख्य सचिव गलत काम न करने के कारण त्याग पत्र को विवश हुए। एक आई0ए0एस0 अधिकारी ने आत्महत्या की। एक इंजीनियर मनोज गुप्त की हत्या हुई। इटावा के एक इंजीनियर ने त्यागपत्र दे दिया है। नौकरशाही का यह वर्ग स्थानान्तरणों पोस्टिंगों के जरिए उत्पीड़न का शिकार है।

बसपा सरकार में कानून व्यवस्था को ध्वस्त बताते हुए डा0 त्रिपाठी ने कहा कि हत्या, अपहरण, लूट, बलात्कार बढ़े हैं। पुलिस अत्याचार बढ़े हैं। मानवाधिकार में यू0पी0 अव्वल है। सरकार ने माफियाराज चला रखा है। सरकार माफिया सुरक्षित अपहरण, हिंसा के अगुवा है। बसपा नेताओं, समर्थकों पर दर्ज अपराधिक मुकदमों की वापसी हुई है। यह प्रक्रिया जारी है। इसने अपराधियों का मनोबल बढ़ाया है। केवल भाजपा पार्टी सारी जन समस्याओं को लेकर लगातार जन संघर्ष कर रही है। पार्टी ने पिछले एक माह में छोटी-बड़ी 5000 सभाएं की हैं। पदयात्रा व जुलूस निकाले गए हैं। यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक सरकार त्यागपत्र देकर हट नहीं जाती।

सुरेन्द्र अग्निहोत्री
मो0 9415508695
upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

June 2026
M T W T F S S
« Sep    
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  
-->









 Type in