Categorized | लखनऊ.

राज्यपाल से मिले बेल्जियम के राजदूत विभिन्न विषयों पर हुई चर्चा

Posted on 09 April 2015 by admin

उत्तर प्रदेश के राज्यपाल, श्री राम नाईक से आज राजभवन में बेल्जियम के राजदूत, श्री जैन ल्यूक्स ने शिष्टाचारिक भेंट की। इस अवसर पर राजदूत, श्री जैन ल्यूक्स की पत्नी, श्रीमती राका सिंह व राज्यपाल की प्रमुख सचिव, सुश्री जूथिका पाटणकर भी उपस्थित थीं।
राज्यपाल ने अपनी भेंट वार्ता में कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि यूरोपियन संघ में व्यापार के क्षेत्र में बेल्जियम, भारत का दूसरा बड़ा सहभागी हैं। बेल्जियम की अर्थव्यवस्था, विशेषकर हीरे के व्यापार में भारतीय समुदाय का विशेष योगदान है। भारत लगभग 83.2 प्रतिशत कच्चा हीरा बेल्जियम से आयात करता है जिसकी पालिश भारत में होती है। इसी तरह भारत, देश में बने हुए आभूषण एवं जवाहरात जैसे कीमती पत्थर बेल्जियम को निर्यात करता है। भारत और बेल्जियम का पुराना रिश्ता है। शीशे से बने सजावटी उत्पाद जैसे झाड़फानूस आदि, जो भारत में बेल्जियम ग्लास के नाम से मशहूर हैं, आज भी लोकप्रिय हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देश मिलकर इस क्षेत्र में व्यापार की अच्छी संभावनाएं तलाश सकते हैं।
श्री नाईक ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार ने विदेशी निवेश के संबंध में कई महत्वाकांक्षी योजनाओं की घोषणा की है। निवेश के क्षेत्र में बेल्जियम और भारत के बीच एक अच्छा और सौहाद्रपूर्ण वातावरण का निर्माण हो सकता है जो दोनों देश की जनता के हित में होगा। बेल्जियम एवं भारत के बीच सूचना प्रौद्योगिकी, अवस्थापना विकास, निर्माण, नवीनीकरणीय ऊर्जा, शिक्षा, कौशल विकास व अन्य क्षेत्रों में निवेश की अच्छी संभावनाएं हैं। भारत और बेल्जियम में अनेक विख्यात उच्च स्तरीय शिक्षण संस्थान हैं। बेल्जियम के विभिन्न शैक्षिक संस्थानों में भारत के 600 से 800 तक छात्र शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। दोनों देशों के विश्वविद्यालय के बीच समझौता ज्ञापन से उच्च शिक्षा के क्षेत्र में लाभ मिल सकता है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि निवेश के माध्यम से दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंध और मजबूत होंगे।
बेल्जियम के राजदूत, श्री जैन ल्यूक्स ने राज्यपाल की बातों का समर्थन करते हुए पूरे सहयोग का भरोसा जताया। राज्यपाल ने श्री जैन ल्यूक्स को ऐतिहासिक रूमी गेट का चित्र व राजभवन की काफी टेबल बुक तोहफे के तौर पर भेंट की।

सुरेन्द्र अग्निहोत्री
agnihotri1966@gmail.com
sa@upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

June 2026
M T W T F S S
« Sep    
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  
-->









 Type in