Categorized | लखनऊ.

शान्ति व सुव्यवस्था हेतु धार्मिक एकता जरूरी — डा. जगदीश गाँधी, प्रख्यात शिक्षाविद् व संस्थापक, सी.एम.एस.

Posted on 30 January 2015 by admin

गणतन्त्र दिवस परेड में प्रदर्शित सिटी मोन्टेसरी स्कूल की अनूठी झाँकी से प्रेरणा ग्रहण करने हेतु आज दिनभर छात्रों, अभिभावकों व शिक्षकों का तांता सी.एम.एस. कानपुर रोड के विशाल प्रांगण में लगा रहा। सी.एम.एस. झाँकी से प्रेरणा लेने हेतु हजारों की तादात में पधारे छात्रों की उपस्थित से सी.एम.एस. कानपुर रोड का विशाल प्रांगण शिक्षा के साथ-साथ मनोरंजन का अद्भुद संगम स्थल नजर आ रहा था जहाँ सी.एम.एस. राजाजीपुरम, अलीगंज एवं राजेन्द्र नगर कैम्पस के लगभग 10,000 से अधिक छात्र झाँकी देखने पधारे थे। इन छात्रों ने सी.एम.एस. झाँकी को नजदीक से देखकर धार्मिक एकता एव सर्वधर्म समभाव की भावना को आत्मसात किया। ज्ञातव्य हो कि गणतन्त्र दिवस परेड में अपनी भव्य साज-सज्जा एवं समाजोपयोगी व प्रेरणादायी विचारों की बदौलत लखनऊ की जनता द्वारा भूरि-भूरि सराही गई सिटी मोन्टेसरी स्कूल की यह झाँकी 5 फरवरी तक सभी के अवलोकनार्थ सी.एम.एस. कानपुर रोड प्रांगण में रखी गई है, जहाँ प्रतिदिन हजारों की संख्या में छात्र व अभिभावक पधार रहे हैं।
‘एक ही छत के नीचे हो, अब सब धर्मों की प्रार्थना’ विषय पर आधारित सी.एम.एस. की अनूठी झाँकी को नजदीक से देखने का अवसर पर पाकर छात्र फूले नहीं समा रहे थे और सभी के चेहरे पर उत्सुकता व उत्साह देखा जा सकता था। इस अवसर पर सी.एम.एस. झाँकी से प्रेरणा ग्रहण पधारे छात्रों का कहना था कि इस झांकी से हमने सीखा है कि अगर दुनिया को स्वर्ग बनाना है तो हमें प्र्रेम व प्यार से रहना होगा।
इस अवसर पर सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने उपस्थित छात्रों व अभिभावकों को सी.एम.एस. झाँकी के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराते हुए कहा कि सी.एम.एस. की यह झाँकी जनमानस में यह चेतना जगाती है कि सम्पूर्ण मानव जाति के हृदय में प्रेम व एकता की भावना को जगाकर पृथ्वी पर आध्यात्मिक सभ्यता की स्थापना की जाये। धार्मिक अज्ञानता आज विश्व की प्रमख समस्याओ में से एक है। धर्म के नाम पर बढ़ती हुई दूरियाँ मानवता के अस्तित्व के लिए खतरा है और इसका प्रमुख कारण धर्म के प्रति लोगों का अज्ञान है जो धर्म के मूल उद्देश्य को समझ नहीं पा रहे हैं। यही कारण है कि आज सारे विश्व में अशांति एवं अराजकता का वातावरण व्याप्त होता चला जा रहा है। ऐसे समय में धार्मिक एकता व सर्वधर्म समभाव की भावना आज की सर्वोपरि आवश्यकता है।
सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी श्री हरि ओम शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. का लक्ष्य प्रत्येक छात्र का नैतिक, चारित्रिक व आध्यात्मिक उत्थान कर उन्हें समाज का आदर्श नागरिक बनाना है एवं यह झाँकी दर्शन भी इसी प्रयास की एक कड़ी है। अधिकांश नन्हें-मुन्हें बच्चे गणतन्त्र दिवस परेड में झाँकी को नहीं देख पाते हैं उनके लिए यह एक अभूतपूर्व अवसर है कि झाँकी को नजदीक से देखकर इसके विचारों को ग्रहण करें व प्रेम, प्यार, सहयोग व सहकार की भावना का विकास कर विश्व में एकता, शान्ति व खुशहाली के लिए समर्पित हों। श्री शर्मा ने आगे कहा कि इसी उद्देश्य हेतु इस लोकप्रिय झाँकी को 5 फरवरी तक सभी के अवलोकनार्थ एवं प्रेरणा ग्रहण करने हेतु सी.एम.एस. कानपुर रोड पर रखा गया है।

सुरेन्द्र अग्निहोत्री
agnihotri1966@gmail.com
sa@upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

October 2026
M T W T F S S
« Sep    
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  
-->









 Type in