Categorized | लखनऊ.

उ0प्र0 कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के नवनियुक्त चेयरमैन हाजी सिराज मेंहदी ने आज प्रदेश कंाग्रेस मुख्यालय में पत्रकारवार्ता में कहा कि

Posted on 13 January 2015 by admin

उ0प्र0 कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के नवनियुक्त चेयरमैन हाजी सिराज मेंहदी ने आज प्रदेश कंाग्रेस मुख्यालय में पत्रकारवार्ता में कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए अपनी शीघ्र ही गठित होने वाली नई टीम के साथ फरवरी माह के अंतिम सप्ताह में प्रदेश के विभिन्न मंडलों एवं जिलों का दौरा करेंगे और माननीया श्रीमती सोनिया गांधी जी, माननीय श्री राहुल गांधी जी एवं प्रदेश कंाग्रेस अध्यक्ष डाॅ0 निर्मल खत्री जी ने जो विश्वास मेरे प्रति किया है उसे मैं अपने साथियों के साथ पूरी शिद्दत के साथ पूरा करूंगा।
हाजी सिराज मेंहदी ने आगे कहा कि जिस प्रकार देश और प्रदेश में साम्प्रदायिक शक्तियां धर्म के नाम पर जनता को गुमराह करने का कार्य कर रही हैं और देश को तोड़ने की साजिश कर रही हैं। स्वामी सदानन्द सरस्वती, अकबरूद्दीन ओवैशी, भारत सरकार में मंत्री निरंजन ज्योति, हाजी याकूब कुरैशी, साक्षी महराज, योगी आदित्य नाथ आदि जिस भाषा का प्रयोग करके समाज को बांटने का कार्य कर रहे हैं उसकी जितनी भी निन्दा की जाय कम है और इसकी चहुंओर निन्दा होनी चाहिए। उन्होने कहा कि अल्पसंख्यक विभाग की टीम प्रदेश के सभी मंडलों एवं जिलों में जाकर इनका पर्दाफाश करेगी और इनके मंसूबों को कभी भी कामयाब नहीं होने देगी।
श्री मेंहदी ने कहा कि जिस तरह हाल ही में सम्पन्न हुए वाराणसी कैण्ट, लखनऊ, बरेली, आगरा सहित लगभग सभी कैण्टोनमेंट के चुनावों में, विशेषकर वाराणसी में जो कि प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र है और लखनऊ जो कि केन्द्रीय गृह मंत्री श्री राजनाथ सिंह का संसदीय क्षेत्र है, उसमें भारतीय जनता पार्टी को मुंह की खानी पड़ी है इससे भारतीय जनता पार्टी सहित श्री नरेन्द्र मोदी का झूठ का पुलिन्दा आम जनता के बीच उजागर हुआ है। वाराणसी में ही पूर्व में हुए उपचुनाव में भी भाजपा प्रत्याशी को हार का मुंह देखना पड़ा था। केन्द्र की मोदी सरकार भले ही जनता द्वारा चुनी गयी हो किन्तु लोकतंत्र के अनुरूप नहीं चल रही है। चुनाव में श्री मोदी ने नारा दिया था, सबका साथ-सबका विकास, आज वह इसे भूल गये हैं उनका नया नारा बन चुका है पूंजीपतियों का साथ-उद्योगपतियों का विकास। गरीब और गरीबी उनके एजेण्डे से बाहर हो चुकी है।
श्री मेंहदी ने कहा कि आज देश में भारतीय जनता पार्टी और श्री नरेन्द्र मोदी की सरकार नहीं चल रही है बल्कि आज आर0एस0एस0 के एजेण्डे पर काम करने वाली सरकार चल रही है जिस व्यक्ति को आर0एस0एस0 अपने जन्म वर्ष 1931 से तलाश कर रही थी, उसे वह 2002 के गुजरात में हुए नरसंहार के बाद मिला और आज वह व्यक्ति उसके इशारे पर चल रहा है।
श्री मेंहदी ने विगत दिनों पेरिस की एक पत्रिका के कार्यालय पर हुए आंतकी हमले में मारे गये सभी पत्रकार साथियों एवं अन्य लोगों के प्रति शोक संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि इस तरह के कृत्य निन्दनीय है, चाहे वह दुनिया के किसी भी मुल्क में घटित हों, क्योंकि हम लोग इस्लाम को मानने वाले हैं जिसमें इस तरह के कृत्यों का कोई स्थान नहीं है। इस्लाम आपस में प्रेम और भाईचारे का संदेश देता है।
प्रेसवार्ता में प्रमुख रूप से प्रदेश कंाग्रेस के प्रवक्ता श्री वीरेन्द्र मदान, अल्पसंख्यक विभाग के पूर्व चेयरमैन श्री मारूफ खान, वरिष्ठ नेता श्री अरशद आजमी, श्री ओंकारनाथ सिंह, श्री साबिर अली एवं मोहम्मद नासिर भी मौजूद रहे।

सुरेन्द्र अग्निहोत्री
agnihotri1966@gmail.com
sa@upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

July 2026
M T W T F S S
« Sep    
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  
-->









 Type in