Categorized | लखनऊ.

लखनऊ मेट्रो का कार्य निर्धारित अवधि में पूर्ण कराने हेतु माइलस्टोन का पूरा ध्यान रखा जाय: मुख्य सचिव

Posted on 20 December 2014 by admin

उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव श्री आलोक रंजन ने निर्देश दिये हैं कि लखनऊ मेट्रो का कार्य निर्धारित अवधि में पूर्ण कराने हेतु माइलस्टोन का पूरा ध्यान रखा जाय। उन्होंने कहा कि इस बात का भी ध्यान रखा जाय कि मेट्रो कार्य में ट्राफिक का डायवर्जन इस प्रकार किया जाय कि आम नागरिकोें को विशेष असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि ट्राफिक डायवर्जन विशेष परिस्थति में उसी क्षेत्र में किया जाय कि जिस क्षेत्र में लखनऊ मेट्रो के कार्य के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि लखनऊ ट्राफिक की समस्या का प्राथमिकता से समाधान करने हेतु आगामी 2-3 दिन के अन्दर जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त एवं मेट्रो सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी स्थलीय निरीक्षण कर समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट ‘‘मेट्रो’’ को निर्धारित अवधि में पूर्ण कराने हेतु व्यापारियों एवं जनता का भी ट्राफिक समाधान हेतु सहयोग प्राप्त करने के हर सम्भव प्रयास किये जाय।
मुख्य सचिव आज शास्त्री भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष के सभागार में लखनऊ मेट्रो कार्य के प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लखनऊ शहर के अतिरिक्त प्रदेश के अन्य शहरों कानपुर, आगरा, मेरठ, वाराणसी में भी मेट्रो के कार्य हेतु आवश्यकतानुसार कार्यवाही समय से सम्पादित कर मा0 मंत्रिपरिषद से अनुमोदन प्राप्त किया जाय। उन्होंने कहा कि लखनऊ मेट्रो रेल कारपोरेशन स्टाफ कालोनी हेतु डा0 सम्पूर्णानन्द कारागर प्रशिक्षण संस्थान की रिक्त भूमि की उपलब्धता का आंकलन सम्बन्धित अधिकारियों की टीम द्वारा संयुक्त रूप से निरीक्षण कराया जाय। उन्होंने कहा कि उपाध्यक्ष लखनऊ विकास प्राधिकरण आगामी 10 दिन में लखनऊ मेट्रो रेल परियोजना के आपरेशन कन्ट्रोल सेन्टर हेतु सहकारिता भवन के पीछे चिन्हित भूमि का आवंटन निर्गत करे। उन्होंने कहा कि मेट्रो कारिडोर में स्ट्रीट लाइटिंग की व्यवस्था हेतु सम्बन्धित अधिकारी आवश्यकतानुसार कार्यवाही समय से सम्पादित कराना सुनिश्चित करें।  उन्होंने कहा कि मेट्रो रेल परियोजना हेतु कास्टिंग यार्ड के निर्माण के सम्बन्ध में भारतीय विमान पत्तन प्राधिकरण द्वारा अस्थाई भूमि के आवंटन के सम्बन्ध में सम्बन्धित अधिकारियों द्वारा निरन्तर प्रयास किया जाय।
बैठक में प्रमुख सचिव आवास श्री सदाकान्त, सचिव वित्त श्री मुकेश मित्तल, मेट्रो निदेशक श्री कुमार केशव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।

सुरेन्द्र अग्निहोत्री
agnihotri1966@gmail.com
sa@upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

October 2026
M T W T F S S
« Sep    
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  
-->









 Type in