Categorized | लखनऊ

कांग्रेस ने 22 फरवरी को प्रदेशव्यापी विरोध दिवस मनाने की घोषणा

Posted on 17 February 2010 by admin

pic-51लखनऊ- राजधानी में मंगलवार को महिला कांग्रेस के प्रदर्शनकारियों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस ने 22 फरवरी को प्रदेशव्यापी विरोध दिवस मनाने की घोषणा के साथ मायावती सरकार की बर्खास्तगी की मांग की है। पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रीता बहुगुणा जोशी ने आज यहां संवाददाताओं को बताया कि मंगलवार को महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर हुए बर्बर लाठीचार्ज के विरोध में प्रदेश भर में पार्टी की जिला एवं नगर इकाईयां 22 फरवरी को विरोध दिवस मनायेंगी और संबद्ध अधिकारियों को राज्यपाल बीएल जोशी को संबोधित ज्ञापन सौंपकर मायावती सरकार की बर्खास्तगी की मांग करेंगी, जो विरोध की आवाज को बलपूर्वक दबा देने पर आमादा है।

उन्होंने कहा कि मंगलवार को महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभा ठाकुर और उनके सहित महिला कांग्रेसियों पर पुलिस ने बेरहमी से लाठियां चलाई हैं यह इस बात का प्रमाण है कि बसपा सरकार विरोध के जनतान्त्रिक अधिकार का गला घोंट देना चाहती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मौके पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती नहीं की गई थी और पुलिस ने महिलाओं पर राइफलों की बट से भी प्रहार किया। यह आरोप लगाते हुए कि पुलिस अधिकारियों ने जिस आका के निर्देश पर महिला कांग्रेसियों की पिटाई की है, वह कभी बसपा संस्थापक कांशीराम के शुरुआती संगठन बीएस 4 से जुड़ा हुआ था। डॉ. जोशी ने कहा कि कांग्रेस उन अधिकारियों को चििन्हत करने में लगी है जो बसपा कार्यकर्ताओं के रूप में काम कर रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जोशी ने बसपा राज में शासन सत्ता के हर तबके में घोर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमन्त्री बिना लेन-देन के कोई काम नहीं करती हैं। एक राज्य कर्मचारी को सरेआम थप्पड़ मारने वाले लखनऊ के जिलाधिकारी अमित कुमार घोष को कानपुर का मण्डलायुक्त नियुक्त किए जाने का उल्लेख करते हुए डॉ. जोशी ने कहा कि मायावती फासीवादी सरकार चला रही हैं और उन्हें उसी तरीके से काम करने वाले अधिकारी अच्छे लगते हैं। उन्होंने पिछले वर्ष उनके आवास पर हुए हमले और आगजनी का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि उसमें जो पुलिस अधिकारी शामिल थे उन्हें प्रोन्नति दे दी गई। क्योंकि मुख्यमन्त्री को भ्रष्ट और चापलूस अधिकारी पसन्द हैं।

उच्चतम न्यायालय द्वारा आज दिए गए राज्य सरकार की मंजूरी की बाध्यता के बिना सीबीआई जांच के आदेश सम्बंधी निर्णय पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अब उन्हें उम्मीद है कि उनके आवास पर हुए हमले की सीबीआई जांच कराए जाने की मांग अदालत मान लेगी। इससे पूर्व, पार्टी के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुईद अहमद ने बताया कि अल्पसंख्यकों की बेहतरी के लिए केन्द्र सरकार द्वारा चलाई जा रही तमाम योजनाओं की जानकारी समाज के हर व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए कांग्रेस व्यापक अभियान चलायेगी।

सुरेन्द्र अग्निहोत्री
मो0 9415508695
upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

April 2025
M T W T F S S
« Sep    
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
-->









 Type in