Categorized | Latest news, लखनऊ.

गांधी जयंती पर सभी को बापू के दिखाए रास्ते पर चलने का संकल्प लेना होगा: मुख्यमंत्री

Posted on 04 October 2014 by admin

press-5x7-2-0

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर हम सबको उनके दिखाए हुए रास्ते पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। सभी प्रकार के भेदभाव को मिटाकर देश और समाज को खुशहाल बनाया जा सकता है। गांधी जी के इस विचार को अपनाकर राज्य सरकार प्रदेश के विकास के लिए काम कर रही है।
मुख्यमंत्री आज यहां हजरतगंज स्थित क्षेत्रीय श्री गांधी आश्रम में गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी। श्री यादव ने चरखा काता और गांधी आश्रम का भ्रमण कर वहां के उत्पादों के बारे में जानकारी भी प्राप्त की।
श्री यादव ने कहा कि गांधी जी पूरी दुनिया में सर्वाधिक सम्मानित भारतीय हैं। यही कारण है कि उनकी प्रतिमाएं सभी जगह स्थापित हैं। बापू के अहिंसा और सत्याग्रह के संदेश को अपनाकर तमाम देशों के राजनीतिज्ञ जनता के लिए अधिकार हासिल करने में सफल हुए हैं। अनेक विचारकों, साहित्यकारों एवं अन्य विद्वानों ने गांधीवादी विचारधारा को सर्वश्रेष्ठ बताया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समय के साथ दुनिया और अर्थव्यवस्था में व्यापक बदलाव आया है। आजादी की लड़ाई के दौरान गांधी जी ने विदेशी कम्पनियों और कारोबार का विरोध किया था। देश की स्वतंत्रता के लगभग 50 साल के बाद यह बदलाव आया कि सभी सरकारें बाहरी निवेश और उद्यमियों को आमंत्रित करने लगीं। परिवर्तन के इस दौर में गांधी जी के विचारों और मूल्यों को बचाना एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि गांव और गरीब के हितों को पूरी प्राथमिकता देनी होगी। अपनी परम्परा, संस्कृति और मूल्यों को संरक्षित करने के लिए हर सम्भव प्रयास करना होगा। प्रदेश सरकार इसके लिए पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि खादी और ग्रामोद्योग के क्षेत्र में कार्य करने वाली संस्थाओं की जरूरतों को पूरा करने के लिए राज्य सरकार गम्भीर है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इन संस्थाओं को सरकारी वित्तीय सहायता देने के लिए आने वाले समय में बजट में जरूरी व्यवस्था की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री श्री अहमद हसन ने कहा कि प्रदेश सरकार गांधी जी के सपनों को साकार करने के लिए पूरी तरह से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि गांधी जयंती पर हम सभी को बापू के सपनों के अनुरूप देश और प्रदेश के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए।
खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री श्री नारद राय ने कहा कि राज्य सरकार खादी एवं ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की पूर्ववर्ती सरकार के शासनकाल में खादी उत्पाद पर देय छूट की धनराशि का कोई भुगतान खादी संस्थाओं को नहीं किया गया था। इसके विपरीत वर्तमान सरकार ने पिछले बजट में इस कार्य के लिए 39 करोड़ रुपए की व्यवस्था की थी।
इसके पूर्व, गांधी आश्रम के मंत्री श्री रामेश्वर नाथ मिश्र ने अपने सम्बोधन में मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए संस्था की विभिन्न गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने वर्तमान सरकार द्वारा खादी उत्पादों की बिक्री पर अनुमन्य छूट की अवधि को बढ़ाकर 108 दिन किए जाने के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर राजनैतिक पेंशन मंत्री श्री राजेन्द्र चैधरी, सचिव मुख्यमंत्री श्री पार्थ सारथी सेन शर्मा सहित खादी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

press-5x7-1-2

press-cm-photo-1

press-5x7-3-4

press-5x7-4-5

सुरेन्द्र अग्निहोत्री
agnihotri1966@gmail.com
sa@upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

July 2026
M T W T F S S
« Sep    
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  
-->









 Type in