Categorized | लखनऊ.

समाज को जोड़ने वाली भाषा है उर्दूः मुख्यमंत्री

Posted on 29 September 2014 by admin

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उर्दू भाषा समाज में एकता कायम करने और लोगों को जोड़ने वाली भाषा है। समाजवादियों की हमेशा यह कोशिश रहती है कि भाषाओं के माध्यम से समाज में एकता स्थापित की जाए। हिन्दी और उर्दू एक दूसरे की पूरक हैं, क्योंकि दोनों भाषाएं एक-दूसरे के शब्दों आदि का बेहिचक इस्तेमाल करती हैं। वही भाषा आगे बढ़ सकती है जो दूसरी भाषाओं के शब्दों को अपनाए। सरकार की हमेशा यही कोशिश रहती है कि सभी भाषाओं का सम्मान हो। उन्होेंने कहा कि उर्दू के साथ समानता का व्यवहार होगा और उसे पूरा समर्थन मिलेगा। मुख्यमंत्री ने उर्दू अकादमी की सहायता के लिए डेढ़ करोड़ रुपए में से 75 लाख रुपए की किस्त अवमुक्त कर दी है।
मुख्यमंत्री आज यहां इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में प्रदेश के विभिन्न जनपदों के हाईस्कूल तथा इण्टरमीडिएट की वर्ष 2014 की परीक्षाओं में उर्दू विषय में जिला टाॅप करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने छात्र-छात्रओं को पुरस्कार सहित प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इन मेधावी विद्यार्थियों को लैपटाॅप भी प्रदान किए। उन्होंने कहा कि तकनीकी में लगातार प्रगति होने के कारण दुनिया में बड़ी तेजी से बदलाव हो रहे हैं। ऐसे में, अपनी संस्कृति को बचाने में भाषा बहुत मदद करती है।
श्री यादव ने कहा कि ढाई वर्ष पूर्व जब समाजवादी सरकार सत्ता में आई तो विभिन्न भाषाओं में दिए जाने वाले सभी सम्मान बन्द पड़े थे। संस्कृत, हिन्दी तथा उर्दू भाषाओं में दिए जाने वाले सभी सम्मानों को समाजवादी सरकार ने पुनर्जीवित किया और अब इन भाषाओं के विद्वानों का सम्मान किया जा रहा है। इसी क्रम में उर्दू अकादमी के तत्वावधान में उर्दू के विद्वानों का सम्मान किया गया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी, लोगों के उत्थान तथा उनके चतुर्दिक विकास के लिए कार्य करते हैं। इसी उद्देश्य से वर्तमान सरकार ने बेरोजगारी भत्ता, गरीब अल्पसंख्यक परिवारों की बालिकाओं की पढ़ाई के लिए धन मुहैया कराने, कन्या विद्या धन, लैपटाॅप वितरण आदि जैसे कार्य किए। इन कार्याें का लाभ समाज के गरीबों, पिछड़ों, अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों सहित सभी दबे-कुचले वर्गाें के लोगों को मिला। लैपटाॅप वितरण के माध्यम से समाजवादी सरकार ने समाज में व्याप्त डिजिटल डिवाइड को कम करने का काम किया। अब गरीब का बेटा भी लैपटाॅप के साथ इण्टरनेट का उपयोग करते हुए अपनी प्रगति के रास्तों का स्वयं चुनाव कर सकता है। बदलते परिवेश में इण्टरनेट का उपयोग बहुत कारगर साबित हो सकता है। प्रदेश सरकार शिक्षा को बढ़ावा देने के सारे प्रयास कर रही है।
श्री यादव ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी वर्गाें के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। वर्तमान सरकार ने प्रदेश को पटरी पर लाने का काम किया है। अब चारों ओर विकास किया जा रहा है। लखनऊ मेट्रो रेल परियोजना के प्राथमिक सेक्शन का आज शुभारम्भ कर दिया गया है। इसके शुरू हो जाने पर अब प्रदेश के लोगों को राजधानी में मेट्रो में यात्रा का अनुभव मिल सकेगा। राज्य में सड़कों और पुलों का निर्माण तेजी से किया जा रहा है ताकि यातायात व्यवस्था सुव्यवस्थित हो सके। उन्होंने कहा कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर तेजी से कार्य हो रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अल्पसंख्यक कल्याण एवं नगर विकास मंत्री श्री मो0 आजम खां ने की। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार उर्दू को बढ़ावा दे रही है और इस भाषा के उत्थान के सभी प्रयास कर रही है। माध्यमिक शिक्षा मंत्री श्री महबूब अली, उर्दू अकादमी के चेयरमैन डाॅ0 नवाज देवबन्दी तथा उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान के कार्यकारी अध्यक्ष श्री उदय प्रताप सिंह ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया।
इससे पूर्व, आगमन पर मुख्यमंत्री का स्वागत बुके भेंट कर किया गया। उन्हें उर्दू अकादमी की तरफ से एक चित्र भी भेंट किया गया।
इस मौके पर प्रदेश के राजनैतिक पेंशन मंत्री श्री राजेन्द्र चैधरी, अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री श्री चितरंजन स्वरूप, प्रमुख सचिव भाषा एवं श्रम श्री शैलेश कृष्ण सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा उर्दू भाषा के शिक्षक तथा छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि उर्दू अकादमी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में 205 छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया।

सुरेन्द्र अग्निहोत्री
agnihotri1966@gmail.com
sa@upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

October 2026
M T W T F S S
« Sep    
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  
-->









 Type in