Categorized | लखनऊ.

सी.एम.एस. अलीगंज कैम्पस के 12 छात्रों को भारत सरकार द्वारा 48 लाख रूपये की स्काॅलरशिप

Posted on 17 June 2014 by admin

सिटी मोन्टेसरी स्कूल, अलीगंज (प्रथम कैम्पस) के 12 मेधावी छात्रों को भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा 48 लाख रूपये की स्काॅलरशिप हेतु चयनित किया गया है। इस स्काॅलरशिप के अन्तर्गत प्रत्येक सी.एम.एस. छात्र को चार-चार लाख रुपये की धनराशि प्रदान की जायेगी। यह जानकारी सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी श्री हरि ओम शर्मा ने दी है। श्री शर्मा ने बताया कि स्काॅलरशिप हेतु चयनित इन छात्रों में अभिनव गर्ग, आदित्य श्रीवास्तव, अनन्या श्रीवास्तव, अपूर्वा सिंह, दिव्या राणा, पारस रस्तोगी, राघव रंजन, शारंग अग्रवाल, शुभंकर सिन्हा, सिद्धान्त सिसोदिया, तन्मय शेखर डबराल एवं त्रिशा तिवारी शामिल हैं। सी.एम.एस. अलीगंज (प्रथम कैम्पस) के इन सभी 12 छात्रों ने विज्ञान विषय में उच्च स्तरीय शिक्षा के लिए भारत सरकार की स्काॅलरशिप हेतु चयनित होकर अपने विद्यालय का नाम सारे देश में रोशन किया है। इन मेधावी छात्रों ने इस वर्ष की आई.एस.सी. परीक्षा-2014 में अपने मेधात्व का अभूतपूर्व परचम लहराते हुए अखिल भारतीय स्तर पर ‘टाॅप वन परसेन्ट’ मेरिट सूची में स्थान अर्जित किया है। इसी अभूतपूर्व प्रदर्शन के फलस्वरूप विज्ञान की उच्च स्तरीय शिक्षा हेतु सी.एम.एस. छात्रों को भारत सरकार की इस अत्यन्त प्रतिष्ठित स्काॅलरशिप हेतु चयनित किया गया है, जिसके अन्तर्गत डिपार्टमेन्ट आॅफ साइंस एण्ड टेक्नोलाॅजी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में प्रत्येक छात्र को पाँच वर्षों तक प्रतिवर्ष रु. 80,000/- अर्थात कुल चार लाख रुपये की धनराशि प्रदान की जाएगी।
श्री शर्मा ने बताया कि इन मेधावी छात्रों ने अपनी अभूतपूर्व सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं शिक्षकों के अलावा सी.एम.एस. के शान्तिपूर्ण व ईश्वरीय एकता से ओतप्रोत शैक्षिक वातावरण को दिया है। इन छात्रों का कहना है कि सी.एम.एस. का प्रेरणादायी, ईश्वरमय एवं शैक्षिक वातावरण छात्रों को उत्साह से लबाबल भर देता है। श्री शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. के छात्र नित नये कीर्तिमान गढ़ते हुए मानवता के उच्च आदर्श स्थापित कर रहे हैं व सारी दुनिया में अपना आलोक बिखेर रहे हैं। विगत वर्षों की भाँति इस वर्ष भी सी.एम.एस. के 1638 छात्रों ने आई.एस.सी. व आई.सी.एस.ई. की बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से लेकर 99 प्रतिशत तक अंक अर्जित कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।

सुरेन्द्र अग्निहोत्री
agnihotri1966@gmail.com
sa@upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

March 2026
M T W T F S S
« Sep    
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
3031  
-->









 Type in