Categorized | लखनऊ.

‘ओपेन डे समारोह’ में बहुमुखी प्रतिभा का जोरदार प्रदर्शन किया सी.एम.एस. छात्रों ने

Posted on 07 April 2014 by admin

सिटी मोन्टेसरी स्कूल, कानपुर रोड कैम्पस द्वारा विद्यालय के सजे-धजे प्रांगण में ‘‘ओपेन डे समारोह’’ बड़ी ही भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर नन्हें-मुन्हें छात्रों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का जोरदार प्रदर्शन कर सभी को आश्चर्यचकित कर दिया। समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा बहुत ही आकर्षक स्वनिर्मित माॅडल एवं विभिन्न प्रकार की हस्तनिर्मित वस्तुओं का सजीव प्रदर्शन देखकर अभिभावक गद्गद हो गये, जिसके माध्यम से इन छोटे-छोटे बच्चों की बहुमुखी प्रतिभा निखर कर सामने आयी। छात्रों द्वारा प्रस्तुत हस्तनिर्मित अनेक कलाकृतियों ने दर्शकों को दातों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया, साथ ही इस अवसर पर छात्रों ने रंगारंग शिक्षात्मक-सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह में चार-चांद लगा दिये। इसके अलावा विद्यालय के छात्रों  ने विभिन्न प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं जैसे टेनिस टेबिल, शतरंज, तैराकी आदि में भी अपनी चुस्ती-फुर्ती का परिचय दिया। इससे पहले कार्यक्रम का शुभारम्भ सर्व-धर्म व विश्व शांति प्रार्थना के प्रस्तुतीकरण से हुआ जिसके माध्यम से विश्व एकता व विश्व शान्ति का संदेश सारी दुनिया में प्रवाहित हुआ।
इस अवसर पर अभिभावकों को सम्बोधित करते हुए सी.एम.एस. कानपुर रोड कैम्पस की प्रधानाचार्या डा. (श्रीमती) विनीता कामरान ने कहा कि जीवन मूल्यों पर आधारित शिक्षा छात्रों का जीवन पर्यन्त साथ देती है। हमें बालक को जड़ से मजबूत बनाना है और इसके लिए जीवन मूल्यों की शिक्षा देनी होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि सी.एम.एस. बालकों को भौतिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक तीनों प्रकार की शिक्षा देकर उन्हें चुस्त एवं संतुलित व्यक्तित्व का धनी, मानव जाति के लिए ईश्वर का उपहार एवं टोटल क्वालिटी पर्सन बनाने के लिए प्रयत्नशील है। हमारा प्रयास है कि प्रत्येक बालक की मनःस्थिति एवं आदत इस प्रकार की बन जाये कि वे पूर्ण मनोयोग एवं पूर्ण समर्पण की भावना से अपने कार्य में निरन्तर चिन्तन, मनन और अविरल प्रयास कर चरम सीमा तक पहुँचे बिना चैन की सांस न लें। इस अवसर पर सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने छात्रों एवं शिक्षकों को अपनी हार्दिक शुभकामनायें देते हुए अतिथियों व अभिभावकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी श्री हरि ओम शर्मा ने बताया कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों की रोजमर्रा की जिन्दगी से अलग हटकर उनमें एक नया उल्लास जगाते हैं तथापि उन्हें सृजनात्मक व रचनात्मक विचारों से परिपूर्ण करते हैं। श्री शर्मा ने कहा कि ‘ओपेन डे समारोह’ जैसे कार्यक्रम सी.एम.एस. की अनूठी शिक्षा पद्धति का ही एक अंग है जहाँ छात्रों को अपनी बहुमुखी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अभूतपूर्व अवसर उपलब्ध होता है।

सुरेन्द्र अग्निहोत्री
agnihotri1966@gmail.com
sa@upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

September 2026
M T W T F S S
« Sep    
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
-->









 Type in