Categorized | Latest news, लखनऊ.

सही और ईमानदारी से लिखी गई खबर हमेशा दिल और दिमाग पर असर डालती है: मुख्यमंत्री

Posted on 05 August 2013 by admin

  • हिन्दी को आगे बढ़ाना और उसके प्रति सम्मान प्रदर्शित करना जरूरी
  • मुख्यमंत्री ने हिन्दी दैनिक नवभारत टाइम्स का शुभारम्भ किया

edited-01-e
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव 04 अगस्त, 2013 को लखनऊ में हिन्दी दैनिक नवभारत टाइम्स के शुभारम्भ के अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि हिन्दी आम जन की भाषा है। इस भाषा में लिखी गई बात तथा व्यक्त किए गए विचार समाज के एक बहुत बड़े हिस्से में पहुंचते हैं।
मुख्यमंत्री आज यहां हिन्दी दैनिक नवभारत टाइम्स का औपचारिक रूप से शुभारम्भ करने के अवसर पर अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिन देशों ने अपनी मातृभाषा को बढ़ावा दिया, उन्हीं देशों ने तेजी से तरक्की की। इसलिए हिन्दी को आगे बढ़ाना और उसके प्रति सम्मान प्रदर्शित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि वही भाषा समृद्ध होती है, जो अन्य भाषाओं के शब्दों को अपनाए।
लखनऊ से हिन्दी दैनिक नवभारत टाइम्स का प्रारम्भ किए जाने का स्वागत करते हुए
श्री यादव ने उम्मीद जताई कि यह समाचार पत्र बड़े पैमाने पर हिन्दी की सेवा करेगा और समाज से जुड़े तमाम मुद्दों और देश की चुनौतियों को जनता के समक्ष रखेगा। उन्होंने कहा कि सही और ईमानदारी से लिखी गई खबर हमेशा दिल और दिमाग पर असर डालती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह समाचार पत्र समाज को नई दिशा दिखाने में मददगार साबित होगा।
इससे पूर्व, राज्य के पर्यटन मंत्री श्री ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में पत्रकारिता की भूमिका महत्वपूर्ण है और प्रेस को लोकतंत्र का चैथा स्तम्भ माना जाता है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री श्री अभिषेक मिश्र ने अपने सम्बोधन में आशा व्यक्त की कि जिस प्रकार इस समाचार पत्र ने नई दिल्ली व मुम्बई में अपना विशिष्ट स्थान हासिल किया है, उसी प्रकार देश के हिन्दी भाषी क्षेत्र के हृदय स्थल में भी करेगा। गीतकार श्री प्रसून जोशी ने कहा कि किसी भी भाषा के पुराने शब्दों को बचाकर इसमें नए शब्दों को शामिल किया जाना चाहिए और यह सिलसिला बरकरार रहना चाहिए। edited-press-2
इस अवसर पर टाइम्स ग्रुप के सी.ई.ओ. श्री रवि धारीवाल ने समस्त अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में कृषि उत्पादन आयुक्त तथा अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त श्री आलोक रंजन, पुलिस महानिदेशक श्री देवराज नागर, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री श्री राकेश गर्ग, प्रमुख सचिव सूचना श्री सदाकांत, सूचना निदेशक श्री प्रभात मित्तल सहित अन्य अधिकारी आदि उपस्थित थे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव 04 अगस्त, 2013 को लखनऊ में हिन्दी दैनिक नवभारत टाइम्स का लोकार्पण करते हुए।

सुरेन्द्र अग्निहोत्री
agnihotri1966@gmail.com
sa@upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

October 2026
M T W T F S S
« Sep    
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  
-->









 Type in