Categorized | लखनऊ.

सड़क सुरक्षा से संबंधित सुधार और उपायों की सख्त आवश्यकता

Posted on 08 July 2013 by admin

सड़कों पर लोगों के जीवन की सुरक्षा और बढ़ती दुर्घटनाओं के मद्देनजर सड़क सुरक्षा से संबंधित सुधार और उपायों की आज सख्त आवश्यकता है। देश और प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं में प्रतिदिन कई लोग अपना जीवन खो बैठते हैं, जिसमें अधिकतर संख्या नौजवानों और बच्चों की होती है। हमें देखना होगा कि कैसे हम इन सड़क दुर्घटनाओं से निजात पाएं।
उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव श्री जावेद उस्मानी ने ये विचार आज स्थानीय होटल ताज रेजीडेंसी में ‘उत्तर प्रदेश सड़क सुरक्षा कार्यशाला’ के उद्घाटन सत्र को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के संबंध में कई मुद्दों पर गौर करना होगा। नगरों में बढ़ती हुई आबादी और वाहन भी सड़क दुर्घटनाओं के जिम्मेदार हैं। हमें इनसे निजात पाने के लिए प्रत्येक क्षेत्र से सम्बन्धित मुद्दों पर समन्वित तौर पर निर्णय लेना होगा। उन्होंने सड़क सुरक्षा के नियमों और कानूनों पर विशेष ध्यान देने और सड़कों पर यातायात के दौरान संयतपूर्ण व्यवहार करने की आवश्यता पर जोर देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा नीति को प्रतिपादित किया जाना चाहिए।
प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री श्री राकेश गर्ग ने कहा कि परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा के संबंध में उठाए जाने वाले कदम समय की मांग है। सड़क सुरक्षा एक अत्यन्त महत्वपूर्ण विषय है। इसके अभाव में देश व प्रदेश की अर्थव्यवस्था प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सिर्फ लोगों की मृत्यु ही नहीं होती बल्कि उनसे संबंधित परिवार भी आर्थिक व भावनात्मक तौर से प्रभावित होते हैं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के उपायों से इन दुर्घटनाओं को रोका व बचाया जा सकता है।
श्री गर्ग ने इस संबंध में प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए कहा कि हमें यह देखना होगा कि वर्तमान आधारभूत संरचनाओं के साथ-साथ किस प्रकार से नए उपायों और संस्थाओं द्वारा सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस कार्यशाला से ऐसे परिणाम निकलेंगे, जिनसे सड़क सुरक्षा उपायों पर अमल करने में मदद मिलेगी।
पूर्व में प्रदेश सरकार के सलाहकार (वाह्य सहायतित परियोजना) श्री मधुकर जेटली ने अपने स्वागत भाषण में सड़क सुरक्षा विशेषज्ञों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, विश्व बैंक के प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा एक महत्वपूर्ण बिन्दु है, जिस पर सभी को मिल-बैठ कर विचार करना होगा।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव गृह, प्रमुख सचिव परिवहन, प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी, विश्व बैंक के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

सुरेन्द्र अग्निहोत्री
agnihotri1966@gmail.com
sa@upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

October 2026
M T W T F S S
« Sep    
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  
-->









 Type in