Categorized | Latest news, लखनऊ.

मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड आपदा में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए सेना द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की

Posted on 29 June 2013 by admin

मुख्यमंत्री ने पूर्व सैनिक कल्याण निगम द्वारा निर्मित सूर्य वरिष्ठ विहार की चाभी मध्य कमान के चीफ आॅफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल ए.के. मिश्रा के सुपुर्द की

press-5x12उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने उत्तराखण्ड आपदा में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए सेना द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय सेना ने पूरे देश का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में देश के सभी प्रान्तों से आए लोग फंसे थे और जीने की उम्मीद छोड़ चुके थे। ऐसे में सेना ने जिस साहस एवं आत्मीयता के साथ रेस्क्यू आॅपरेशन चलाया, उसकी जितनी तारीफ की जाए कम है।
मुख्यमंत्री आज यहां सैनिकों के लिए पूर्व सैनिक कल्याण निगम द्वारा निर्मित कराए गए सूर्य वरिष्ठ विहार का बटन दबाकर उद्घाटन करने के उपरान्त उसकी चाभी मध्य कमान के चीफ आॅफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल ए.के. मिश्रा को सुपुर्द करने के बाद अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। 08 करोड़ की लागत से निर्मित इस वरिष्ठ विहार में 120 लोग ठहर सकते हैं। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक कल्याण निगम द्वारा निर्मित वृद्ध सैनिकों के इस आशियाने को राज्य सरकार हर सम्भव मदद उपलब्ध कराएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी हमेशा फौज का सम्मान करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन कठिन परिस्थितियों में सेना ने अपने कार्य को अंजाम दिया, उसकी पूरे देश में सराहना हो रही है। उन्होंने उत्तराखण्ड की दैवीय आपदा का हवाला देते हुए कहा कि सेना ने एक बार फिर सिद्ध किया है कि देश को हर परिस्थिति से बचाने के लिए यह संस्था कृत संकल्प है। उन्होंने रेस्क्यू आॅपरेशन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हेलीकाॅप्टर में शहीद हुए सैनिकों को नमन करते हुए कहा कि इन शहीदों को पूरे सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।
श्री यादव ने सेना में पहली बार निर्मित वृद्धा आश्रम की चर्चा करते हुए कहा कि इससे सेना का सराहनीय मानवीय पक्ष लोगों के सामने आया है। उन्होंने सेना द्वारा गांव-गांव में भूतपूर्व सैनिकों से सम्पर्क कर उनके लिए चलाए जा रहे कल्याणकारी कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सेना द्वारा इस कार्य हेतु बनाए गए काॅपर्स फण्ड में राज्य सरकार 50 लाख रुपए देगी। बाद में मीडिया द्वारा पूछे गए प्रश्नों का जवाब देते हुए उन्होंने बताया कि आज सपा विधायकों ने फैसला लिया है कि वे 50-50 हजार रुपए की वित्तीय मदद उत्तराखण्ड को इस संकट से निपटने के लिए देंगे। इसके अलावा मंत्रियों ने भी एक-एक लाख रुपए देने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड और नेपाल के बरसात का पूरा पानी प्रदेश में आ जाता है। राज्य सरकार ने इस समस्या से निपटने के लिए पूरी तैयारी की है।
इस मौके पर समाज कल्याण मंत्री श्री अवधेश प्रसाद ने कहा कि सेना देश का गौरव बढ़ाने तथा देश को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। राज्य सरकार द्वारा भूतपूर्व सैनिकों के पक्ष में लिए गए विभिन्न फैसलों की जानकारी देते हुए कहा कि कारगिल शहीदों की वीर नारियों की मासिक धनराशि में बढ़ोत्तरी की गई है। इसी प्रकार द्वितीय विश्व युद्ध के पेंशनरों की मासिक पेंशन में बढ़ोत्तरी का भी फैसला शीघ्र ले लिया जाएगा।
इस अवसर पर मध्य कमान के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल श्री ए.के. मिश्रा ने राज्य सरकार की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने भूतपूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए कई सराहनीय कदम उठाए हैं।
इस मौके पर सेना के वर्तमान एवं पूर्व अधिकारी तथा अन्य लोग उपस्थित थे।

सुरेन्द्र अग्निहोत्री
agnihotri1966@gmail.com
sa@upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

October 2026
M T W T F S S
« Sep    
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  
-->









 Type in