Categorized | राज्य

प्रदेश में पुलिस प्रशासन पंगु - रीता बहुगुणा

Posted on 30 January 2010 by admin

लखनऊ - उ0प्र0 में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बद से बदतर होती जा रही है। ऐसा लगता है कि पूरे प्रदेश में पुलिस प्रशासन पंगु हो गया है और अपराधियों को अपराध करने और बच निकलने की खुली छूट दे दी गई है। उ0प्र0  कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष डॉ. रीता बहुगुणा जोशी ने पुलिस महानिदेशक उ0प्र0 को आज पत्र लिखकर विगत 48घंटे में लखनऊ में हुए दो जघन्य हत्याकाण्डों एवं सीतापुर में दलित महिला के साथ हुई अभद्रता, जुल्म एवं जान से मारने की चेष्टा में शामिल अपराधियों को अविलम्ब गिरफ्तार कर सख्त कार्यवाही किये जाने की मांग की है।

डॉ0 जोशी ने आगाह करते हुए कहा है कि यदि अगले 48घंटों में इस दिशा में ठोस कार्यवाही करते हुए इन अपराधियों को जेल के सीखचों के पीछे नहीं भेजा गया तो कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर आन्दोलन करने के लिए बाध्य होगी।
डॉ. जोशी ने कहा है कि कल लखनऊ में ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के अन्तर्गत गऊघाट में एक ही परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या व गोमती नगर में भी मां और बेटी की हत्या कर दी गई। वह स्वयं आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ दिवंगत रज्जब अली के परिवार से मिलने ठाकुरगंज गई। वहाँ की क्षेत्रीय जनता ने बताया कि घटना में शामिल लोगों के बारे में सुराग मिलने के बावजूद भी अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है और अपराधी खुले आम घूम रहे हैं। उस क्षेत्र में भय और दहशत का वातावरण बना हुआ है और आम लोग अपने जीवन के लिए असुरक्षा महसूस कर रहे हैं। शासन एवं पुलिस अभी तक आश्चर्यजनक रूप में चुपचाप बैठी है।

डा0 जोशी ने कहा है कि सीतापुर के ग्राम बैजनाथपुरवा, थाना तालगांव में दलित महिला शशिकला के साथ बसपा नेताओं द्वारा की गई अभद्रता एवं फांसी पर लटकाकर जान से मारने की कोशिश केवल इसलिए की गई, क्योंकि वह इन माफियातत्वों द्वारा भूमि हड़पे जाने की साजिश का विरोध कर रही थी। यह महिला इस समय गम्भीर हालत में लखनऊ मेण्डिकल कालेज के ट्रामा सेंटर में भर्ती है। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा दोषी तत्वों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करने के बजाय उन्हें संरक्षण दिया जा रहा है।

पत्र के माध्यम से डॉ. जोशी ने मांग की है कि दोषी अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाय तथा उपरोक्त घटनाओं में शामिल अपराधियों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही करते हुए हत्या एवं हत्या की चेष्टा में शामिल अपराधीतत्वों को अविलम्ब गिरफ्तार करके जेल भेजा जाय। rita-b-joshi-at-gaughat-thakurganjlko

डॉ. जोशी के साथ ट्रामा सेंटर एवं ठाकुरगंज में पूर्व मन्त्री श्रीमती स्वरूप कुमारी बख्शी, पूर्व मन्त्री श्रीमती बेगम हामिदाहबीबुल्ला एवं लखनऊ पश्चिम से विधायक श्री श्यामकिशोर शुक्ल भी मौजूद रहे।

सुरेन्द्र अग्निहोत्री
मो0 9415508695
upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

October 2026
M T W T F S S
« Sep    
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  
-->









 Type in