Categorized | लखनऊ.

12वीं पास छात्र-छात्राओं को निःशुल्क लैपटाप देने का वायदा पूरा

Posted on 30 May 2013 by admin

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि वर्तमान परिवेश में आधुनिक एवं तकनीकी शिक्षा के महत्व को समझते हुए उनकी पार्टी ने 12वीं पास छात्र-छात्राओं को निःशुल्क लैपटाप देने का वायदा किया था, जिसे पूरा किया जा रहा है। विद्युत समस्या को पिछली सरकार की देन बताते हुए उन्होंने कहा कि 25 हजार करोड़ रुपए के घाटे वाला यह विभाग उन्हें विरासत में मिला है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती राज्य सरकार ने विद्युत उत्पादन एवं वितरण को सुधारने के लिए कोई काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार विद्युत व्यवस्था में गुणात्मक सुधार हेतु ठोस कदम उठा रही है, जिससे शीघ्र ही विद्युत व्यवस्था में सुधार परिलक्षित होगा।

मुख्यमंत्री आज जनपद वाराणसी के पुलिस लाइन प्रांगण में आयोजित लैपटाप वितरण कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने राजनीतिक पार्टियों द्वारा जारी घोषणा पत्र को लोकतंत्र का महत्वपूर्ण दस्तावेज बताते हुए कहा कि उनकी पार्टी द्वारा जारी घोषणा पत्र में किए गए वायदों को विपक्षी दलों द्वारा झुनझुना बताया गया था, लेकिन अब जब उनकी सरकार इन घोषणाओं को अमलीजामा पहनाने लगी है, तो विपक्षी दल विरोध करने लगे हैं। उन्होंने विपक्षी दलों के इस कृत्य को गलत बताते हुए कहा कि जनता से किया गया एक-एक वायदा पूरा करना लोकतंत्र के सम्मान के बराबर है।

श्री यादव ने कहा कि सरकार बिना भेदभाव के किसानों की हर संभव मदद कर रही है। पिछली सरकार पर गन्ना किसानों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने पेराई सत्र के प्रारम्भ में ही गन्ना की कीमत 40 रुपए प्रति कुन्तल बढ़ा दी, जिसका सीधा लाभ किसानों को मिला है। इसी प्रकार गेहूँ की कीमत भी इस वर्ष पहले ही बढ़ा दी गई, ताकि किसानों को अपनी उपज का सही मूल्य मिल सके। उन्होंने कहा कि राज्य के बजट का बड़ा हिस्सा गांव एवं किसान के लिए संचालित योजनाओं पर खर्च किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा घोषित उद्योग नीति की चर्चा करते हुए कहा कि इससे प्रदेश में नए कारखाने स्थापित होंगे और पूंजी निवेश बढ़ेगा। उन्होंने सौर ऊर्जा के सम्बन्ध में राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदम की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जिस प्रकार प्रदेश की जनता के हितों को केन्द्र में रखकर कार्य किया जा रहा है, इससे शीघ्र ही उत्तर प्रदेश देश के अन्य प्रदेशों से काफी आगे होगा। उन्होंने वाराणसी को ऐतिहासिक, पौराणिक एवं सांस्कृतिक नगर बताते हुए कहा कि इस नगर के विकास में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। इसके अलावा भदोही नगर के लिए दो फ्लाईओवर के प्रस्ताव को भी शीघ्र स्वीकृति प्रदान कर दी जाएगी। इससे भदोही के विकास को काफी बल मिलेगा। इस अवसर पर 10 राजकीय एवं 60 अशासकीय विद्यालयों के 13,270 छात्र-छात्राओं को निःशुल्क लैपटाप उपलब्ध कराए गए। मुख्यमंत्री ने स्वयं 50 छात्र-छात्राओं को लैपटाप उपलब्ध कराने के बाद सभी 28 प्रकोष्ठों में भ्रमण किया।

प्रदेश के लोक निर्माण एवं सिंचाई मंत्री श्री शिवपाल सिंह यादव ने इस मौके पर निःशुल्क लैपटाप वितरण को राज्य सरकार का महत्वपूर्ण कार्यक्रम बताते हुए कहा कि इससे गरीब एवं असहाय छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि तकनीक का प्रयोग किए बिना प्रगति संभव नहीं है। उन्होंने आश्वस्त किया कि शीघ्र ही वाराणसी नगर की सड़कों के जीर्णोद्धार एवं नवनिर्माण का कार्य होगा। इसके अलावा नगर की साफ-सफाई पर भी ध्यान दिया जाएगा।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए प्रदेश के चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री अहमद हसन ने इसे एक ऐतिहासिक आयोजन बताते हुए कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा नवयुवकों के हाथ में लैपटाप रूपी एक ऐसा हथियार दिया जा रहा है, जिससे वे अपना मार्ग प्रशस्त कर सकेंगे। शास्त्री गायक पदमभूषण श्री छन्नू लाल मिश्र ने गीत के माध्यम से अपनी भावना व्यक्त की। कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री ओम प्रकाश सिंह, उद्यान मंत्री श्री पारस नाथ यादव, अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) विजय कुमार मिश्र, अन्य जनप्रतिनिधिगण, तथा अधिकारीगण उपस्थित थे। बाद में मुख्यमंत्री जनपद प्रतापगढ़ के ग्राम चैखड पूरे अन्ती में सदर विधायक श्री नागेन्द्र सिंह यादव के यहां आयोजित एक वैवाहिक कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। यहां उपस्थित प्रेस प्रतिनिधियों से वार्ता करते हुए उन्होंने बताया कि प्रदेश में जो भी व्यक्ति या समूह उद्योग लगाना चाहेंगे राज्य सरकार उनकी पूरी मदद करेगी। उन्होंने कहा कि जनता को सुलभ एवं सस्ती चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश सरकार ने चिकित्सा के क्षेत्र में कई कदम उठाए हैं। इसी कड़ी में विभिन्न जनपदों में मेडिकल काॅलेजों की भी स्थापना कराई जा रही है।

मुख्यमंत्री के साथ लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अहमद हसन भी थे।

सुरेन्द्र अग्निहोत्री

agnihotri1966@gmail.com

sa@upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

April 2024
M T W T F S S
« Sep    
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  
-->









 Type in