Categorized | Latest news, लखनऊ.

युवाओं की रचनात्मक ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग आवश्यक: मुख्यमंत्री

Posted on 07 March 2013 by admin

चित्रों के माध्यम से कलाकारों ने जो अभिव्यक्त किया, उससे हम सभी को प्रेरणा मिलेगी
मुख्यमंत्री ने 13वीं अखिल भारतीय कला प्रदर्शनी 2012-13 का  उद्घाटन किया, विजेताओं को पुरस्कृत भी किया

press1उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने आज यहां राज्य ललित कला अकादमी द्वारा आयोजित 13वीं अखिल भारतीय कला प्रदर्शनी 2012-13 का मुख्य अतिथि के रूप में उद्घाटन करते हुए कहा कि इस प्रदर्शनी में प्रदर्शित चित्रों के माध्यम से कलाकारों ने जो अभिव्यक्त किया है, उससे हम सभी को प्रेरणा मिलेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चयनित दस युवा कलाकारों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया। इन सभी कलाकारों में से प्रत्येक को पुरस्कार स्वरूप 50 हजार रुपए, प्रमाण पत्र, प्रतीक चिन्ह एवं बुके भेंट किए गए। कार्यक्रम के उपरान्त उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
पुरस्कार विजेता कलाकारों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा का सदुपयोग अत्यंत आवश्यक है। राज्य सरकार इस बात का प्रयास कर रही है कि नौजवानों को सही समय पर रोजगार मिले, ताकि उन्हें अपनी रचनात्मक ऊर्जा की सही अभिव्यक्ति का मौका हासिल हो। सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है, क्योंकि विकास के मामले में यदि गांवों और शहरों में ज्यादा अंतर होगा, तो दोनों के बीच दूरियां बढ़ती चली जाएंगी। अतः गांवों के चतुर्मुखी विकास की जिम्मेदारी हम सबकी है। गांवों से अभावों को दूर करने की बात भी उन्होंने कही।
मुख्यमंत्री ने दूसरे प्रदेशों से आए कलाकारों को भी बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य ललित कला अकादमी अपने सक्रिय प्रयासों से लगातार कला को बढ़ावा देने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रयास में जो भी सहयोग आवश्यक होगा प्रदेश सरकार अवश्य देगी।
कार्यक्रम के दौरान सर्वश्री गगन गम्भीर (जालंधर), अभिजीत कुमार पाठक (नई दिल्ली), पंकज कुमार यादव (इलाहाबाद), सुनील कुमार (वाराणसी), जितेन्द्र सैनी (जयपुर), अभिजीत सिंह (बड़ौदा), मनोज सिंह (लखनऊ), नन्द किशोर बराड़ (लखनऊ), श्रीमती किरन कुमारी (लखनऊ) तथा कुमारी सोनल वाष्र्णेय (आगरा) को सम्मानित किया गया। प्रदर्शनी में दिल्ली, झारखंड, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल, गोवा, जम्मू एवं कश्मीर, चण्डीगढ़, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, हिमांचल प्रदेश, आन्ध्र प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, पंजाब आदि के कलाकारों की कृतियां प्रदर्शित की गई हैं।
इससे पूर्व कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री का स्वागत शाॅल तथा बुके भेंट कर किया गया। महिला कल्याण एवं संस्कृति राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती अरुण कुमारी कोरी को भी शाॅल एवं बुके भेंट कर स्वागत किया गया। उन्होंने कार्यक्रम को सम्बोधित भी किया।

सुरेन्द्र अग्निहोत्री
agnihotri1966@gmail.com
sa@upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

October 2026
M T W T F S S
« Sep    
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  
-->









 Type in