Categorized | Latest news, लखनऊ.

आगामी 11 मार्च को काल्विन तालुकेदार कालेज, लखनऊ के प्रागंण में 10 हजार लाभार्थियों को मुख्यमंत्री द्वारा लैपटाॅप का वितरण कर योजना का शुभारम्भ

Posted on 01 March 2013 by admin

  • लाभार्थियों को नम्बरयुक्त लैपटाॅप तथा  वारंटी कार्ड उपलब्ध कराया जायेगा: मुख्य सचिव
  • लखनऊ सहित प्रदेश के समस्त जनपदों के पात्र छात्र-छात्राओं को लैपटाॅप यथाशीघ्र उपलब्ध कराया जाएगा: जावेद उस्मानी
  • लाभार्थियों को लैपटाॅप उपलब्ध कराने के पूर्व  लैपटाॅप को चेक अवश्य कर लिया जाए: मुख्य सचिव
  • योजनान्तर्गत 15 लाख लैपटाॅपों का  वितरण सुनिश्चित कराया जायेगा: जावेद उस्मानी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव आगामी 11 मार्च को काल्विन तालुकेदार कालेज, लखनऊ के प्रागंण में 10 हजार लाभार्थियों को लैपटाॅप का वितरण कर योजना का शुभारम्भ करेंगे। लाभार्थियों को कार्यक्रम स्थल तक लाने एवं भेजने हेतु परिवहन निगम की बसें उपलब्ध करायी जायेंगी। लाभार्थियों को लैपटाॅप के साथ-साथ ब्रेक फास्ट एवं लंच पैकेट भी उपलब्ध कराया जायेगा। लाभार्थियों को नम्बरयुक्त लैपटाॅप एवं वारंटी कार्ड उपलब्ध कराकर प्राप्ति रसीद प्राप्त कर ली जाए, ताकि लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा भविष्य में न हो। लखनऊ सहित प्रदेश के समस्त जनपदों के पात्र छात्र-छात्राओं को लैपटाॅप यथाशीघ्र उपलब्ध कराया जाएगा। इस योजना के तहत 15 लाख लैपटाॅपों का वितरण सुनिश्चित कराया जायेगा।
उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव श्री जावेद उस्मानी आज शास्त्री भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष के सभागार में आगामी 11 मार्च को काल्विन तालुकेदार कालेज, लखनऊ में लैपटाॅप वितरण कार्यक्रम तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण योजना की शुरूआत में किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के सफलतापूर्वक संचालन हेतु कार्यक्रम स्थल में सी0सी0टी0वी0 कैमरे भी लगवाये जायें। उन्होंने कहा कि पात्र छात्र-छात्राओं को कार्यक्रम स्थल मंे अलग-अलग बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाए तथा वितरण हेतु नियुक्त पंक्ति प्रभारियों के साथ-साथ पर्याप्त स्टाफ अवश्य तैनात किए जायें, ताकि लैपटाॅप वितरण में किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।
श्री उस्मानी ने कहा कि आॅन साइट लैपटाॅप स्टोरेज व्यवस्था हेतु वाटर प्रूफ पण्डाल की व्यवस्था कराने के साथ-साथ पर्याप्त सुरक्षा गार्ड भी अवश्य तैनात किए जायें। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों को लैपटाॅप उपलब्ध कराने के पूर्व लैपटाॅप को चेक अवश्य कर लिया जाए। किसी भी स्थिति में खराब लैपटाॅप किसी भी लाभार्थी को नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि मीडिया एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया के कवरेज हेतु पर्याप्त स्थान अवश्य चिन्हित कर दिया जाए, ताकि मीडिया को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। उन्होंने कहा कि आपातकालीन स्थिति के लिए पर्याप्त चिकित्सा सुविधा के साथ-साथ समस्त प्रकार की समुचित व्यवस्था अवश्य सुनिश्चित कराने के साथ-साथ पार्किंग आदि की व्यवस्था भी सुनिश्चित करा ली जाए।
बैठक में प्रमुख सचिव गृह श्री आर0एम0 श्रीवास्तव, प्रमुख सचिव सूचना श्री संजीव दुबे, प्रमुख सचिव माध्यमिक शिक्षा श्री पार्थसारथी सेन शर्मा, निदेशक सूचना श्री प्रभात मित्तल, जिलाधिकारी लखनऊ श्री अनुराग यादव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।

सुरेन्द्र अग्निहोत्री
agnihotri1966@gmail.com
sa@upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

October 2026
M T W T F S S
« Sep    
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  
-->









 Type in