Categorized | Latest news, लखनऊ.

मुख्यमंत्री ने अस्पतालों को सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए

Posted on 31 January 2013 by admin

चिकित्सा सुविधाएं सस्ती एवं सुलभ होनी चाहिए: मुख्यमंत्री

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने प्रदेश के दूर-दराज क्षेत्रों के लोगों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अस्पतालों को सभी आवश्यक संसाधनों से युक्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को आधुनिक चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए राज्य के सभी शासकीय चिकित्सा संस्थानों को आवश्यकतानुसार चिकित्सक, स्टाफ तथा अन्य संसाधनों के प्रस्तावों पर तत्परता से कार्रवाई की जाए।
31मुख्यमंत्री आज यहां शास्त्री भवन में उ0प्र0 ग्रामीण आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान, सैफई तथा डाॅ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, (आर.एम.एल. इंस्टीट्यूट) लखनऊ की शासी निकायों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने आर.एम.एल. इंस्टीट्यूट में पैथोलाॅजी तथा रेडियोलाॅजी की जांच दरों को घटाने के निर्देश देते हुए कहा कि चिकित्सा सुविधाएं सस्ती एवं सुलभ होनी चाहिए। उन्होंने आर.एम.एल. इंस्टीट्यूट में सर्जरी के लिए आवश्यतानुसार संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान तथा के.जी.एम.सी. से चिकित्सक बुलाने की अनुमति देते हुए कहा कि संस्थान में उच्च स्तरीय इलाज के लिए हर सम्भव सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
श्री यादव नेे आर.एम.एल. इंस्टीट्यूट में प्रस्तावित भवनों को आधुनिक डिज़ाइन के अनुरूप बनाए जाने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि अस्पतालों के भवनों का निर्माण इस प्रकार होना चाहिए, जिसमें पर्याप्त स्थान के साथ-साथ प्राकृतिक रोशनी एवं हवा उपलब्ध हो सके और निर्माण खर्च में कमी भी आए। उन्होंने आर.एम.एल. इंस्टीट्यूट के लिए प्रस्तावित एकेडमिक ब्लाॅक की डिज़ाइन पर पुनर्विचार करने एवं इसे आधुनिक मापदण्डों के अनुसार तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने संस्थान द्वारा प्रदेश के राजकीय चिकित्सकों हेतु कैंसर के इलाज एवं पहचान के लिए शुरु किए जा रहे प्रशिक्षण की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने उ0प्र0 ग्रामीण आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान, सैफई में उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि यह संस्थान निःशुल्क उच्च स्तरीय चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराता है। इलाज के लिए आस-पास ही नहीं बल्कि दूर-दराज के क्षेत्रों के लोग भी सैफई आते हैं। उन्होंने संस्थान को अपनी नियमावली बनाने तथा शासी निकाय की आगामी बैठक में डीम्ड यूनिवर्सिटी का प्रस्ताव लाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने संस्थान के विभिन्न संकायों में छात्रों की संख्या बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के लिए भी कहा।
बैठक में प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा श्री जे.पी. शर्मा, प्रमुख सचिव वित्त श्री आनन्द मिश्रा, सचिव मुख्यमंत्री श्री आलोक कुमार, उ0प्र0 ग्रामीण आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान, सैफई के निदेशक मेजर जनरल डाॅ0 अजय के. दत्ता, आर.एम.एल. इंस्टीट्यूट के निदेशक प्रोफेसर एम.सी. पंत, महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण डाॅ0 के.के. गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

सुरेन्द्र अग्निहोत्री
agnihotri1966@gmail.com
sa@upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

October 2026
M T W T F S S
« Sep    
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  
-->









 Type in