Categorized | Latest news

महिलाओं के प्रति अपराधों की रोकथाम के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री

Posted on 04 October 2012 by admin

मुख्यमंत्री ने मार्शल आर्ट में प्रशिक्षित बालिकाओं को प्रमाण पत्र प्रदान किया

01_r2_c1उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि महिलाओं के प्रति अपराधों की रोकथाम के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि छेड़खानी से प्रभावित महिला को तत्काल मदद प्रदान करने के इरादे से राज्य सरकार बहुत जल्द एक योजना लागू करने जा रही है।
मुख्यमंत्री कल अपने सरकारी आवास 5, कालिदास मार्ग पर आयोजित एक कार्यक्रम में मार्शल आर्ट में प्रशिक्षित बालिकाओं को सम्बोधित कर रहे थे। कानपुर नगर की इन बालिकाओं को आत्मरक्षा के मामले में आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कराटे में प्रशिक्षित करने का कार्य दैनिक हिन्दुस्तान समाचार पत्र द्वारा आयोजित किया गया था। इस मौके पर मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव तथा सांसद श्रीमती डिम्पल यादव ने प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी बालिकाओं को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए।
श्री अखिलेश यादव ने समाचार पत्र द्वारा इस दिशा में किए गए प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि मार्शल आर्ट सीखने वाली बालिकाओं के आत्म विश्वास और उत्साह में निश्चित रूप से बढ़ोत्तरी होगी। उन्होंने आत्मरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ‘सेल्फ डिफेन्स इज़ बेस्ट डिफेन्स’। उन्होंने कहा कि वही समाज खुशहाल तथा प्रगतिशील माना जाता है, जहां लड़कियों का मान-सम्मान हो और उन्हें सुरक्षा मिले।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादियों की हमेशा से यह सोच रही है कि बालिकाएं आगे बढ़े और प्रत्येक क्षेत्र में तरक्की करें। बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि इण्टर पास पात्र बालिकाओं को कन्या विद्याधन तथा अल्पसंख्यक समुदाय की 10वीं पास छात्राओं को 30 हजार रुपए की आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि बालिकाओं को मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण देने के सम्बन्ध में राज्य सरकार विचार करेगी।
इस मौके पर कराटे का प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी बालिकाओं ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन भी किया। प्रशिक्षण देने वाले कोच श्री विजय कुमार एवं उनके अन्य सहयोगियों को भी मुख्यमंत्री ने प्रमाण पत्र प्रदान किए। इससे पूर्व, दैनिक हिन्दुस्तान, कानपुर के स्थानीय संपादक श्री दिनेश पाठक ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला। हिन्दुस्तान, लखनऊ के कार्यकारी संपादक श्री नवीन जोशी ने आए हुए अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर विधान परिषद सदस्य श्री राजेन्द्र चैधरी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।

सुरेन्द्र अग्निहोत्री
agnihotri1966@gmail.com
sa@upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

October 2026
M T W T F S S
« Sep    
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  
-->









 Type in