Categorized | लखनऊ.

सरकार सच्चर कमेटी व रंगनाथ मिश्र कमेटी की संस्तुतियों को तरजीह देगी: मुख्यमंत्री

Posted on 15 July 2012 by admin

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी सरकार सच्चर कमेटी व रंगनाथ मिश्र कमेटी की संस्तुतियों को तरजीह देती है और उनके सुझावों को लागू करने पर विचार किया जायेगा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार सभी समुदायों को बराबरी का दर्जा देती है। शासन द्वारा मुस्लिम समुदाय की हाईस्कूल पास लड़कियों को तीस हजार रूपये की आर्थिक मदद दी जायेगी। सरकार द्वारा निःशुल्क वितरित किये जाने वाले टैबलेट एवं लैपटाप का उल्लेख करते हुये उन्होंने कहा कि इनमें हिन्दी और अंग्रेजी के साथ-साथ उर्दू भाषा में काम करने का भी विकल्प उपलब्ध रहेगा।
मुख्यमंत्री आज यहां हिन्दी पाक्षिक पत्रिका स्वच्छ संदेश द्वारा संत गाडगे सभागार, लखनऊ में आयोजित सम्मान समारोह एवं पत्रिका के विशेषांक विमोचन के बाद उपस्थित लोगों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्राथमिक विद्यालयों में उर्दू को बढ़ावा देने के लिये उर्दू शिक्षकों की भर्ती का फैसला लिया जायेगा।
श्री यादव ने कहा कि 04 माह के कार्यकाल में उनकी सरकार ने कई महत्वपूर्ण फैसले लिये हैं। इनमें से कुछ फैसलों को वापस भी लेना पड़ा, क्योंकि लोकतंत्र में विपक्ष और मीडिया की भी बात पर विचार करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि माह-ए-रमजान को दृष्टिगत रखते हुए विद्युत आपूर्ति में सुधार के आदेश दिये गये हैं। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने पुराने लखनऊ के विकास के लिये कोई कार्य नहीं किया, लेकिन वर्तमान सरकार पुराने लखनऊ को पूरी तरह विकसित करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पूर्ण बहुमत की सरकार बनवाने में सभी समुदायों का भारी समर्थन मिला है और सरकार ने जनता से किये गये वायदों को पूरा करने का काम शुरू भी कर दिया है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने श्री कमर आलम को समाज सेवा के क्षेत्र में, श्री कतुबुउल्लाह को पत्रकारिता, प्रो0 सैय्यद वसीब अख्तर को उच्च शिक्षा, श्री रिजवान अहमद को पुलिस प्रशासन तथा इंजीनियर श्री नदीम तरीम को प्राइमरी एवं माध्यमिक शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिये प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। पत्रिका की ओर से मुख्यमंत्री को एक प्रतीक चिन्ह भी भेंट किया गया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री अहमद हसन, प्रोटोकाल राज्यमंत्री श्री अभिषेक मिश्रा, नियोजन राज्यमंत्री श्री फरीद महफूज किदवई, अपर महाधिवक्ता श्री जफरयाब जिलानी तथा गणमान्य लोग उपस्थित थे।

सुरेन्द्र अग्निहोत्री
agnihotri1966@gmail.com
sa@upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

October 2026
M T W T F S S
« Sep    
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  
-->









 Type in