Categorized | लखनऊ.

भारतीय जनता पार्टी को देश के सबसे बड़े राज्य की मुख्यमंत्री की लोकप्रियता रास नहीं आ रही है

Posted on 08 October 2011 by admin

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा बी0एस0पी0 सरकार पर
लगाये गये भ्रष्टाचार के सभी आरोप असत्य एवं बेबुनियाद

बी0एस0पी0 सरकार पर आरोप लगाने से भाजपा
अपनी सरकारों के कार्यकाल को भी याद करना चाहिए

बहुजन समाज पार्टी के प्रवक्ता ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा बी0एस0पी0 सरकार पर आज प्रेस-कांफ्रेन्स के दौरान लगाये गये आरोपों को पूरी तरह असत्य एवं भ्रामक बताते हुए इसे प्रदेश की जनता को गुमराह करने वाला बताया है। उन्होंने कहा है कि दलित विरोधी, जातिवादी मानसिकता से ग्रसित भाजपा के नेता देश के सबसे बड़े राज्य की मुख्यमंत्री की लोकप्रियता एवं उनके नेतृत्व को हजम नहीं कर पा रहे हैं, इसलिए समय-समय पर राज्य सरकार के खिलाफ बयानबाजी करते रहते हैं।
प्रवक्ता ने कहा कि दलित विरोधी जातिवादी मानसिकता से ग्रसित भाजपा नेताओं को राजनैतिक दृष्टि से सर्वाधिक महत्वपूर्ण राज्य उत्तर प्रदेश में दलित मुख्यमंत्री का नेतृत्व सहन नहीं हो पा रहा है। बी0एस0पी0 सरकार पर उंगली उठाने से पहले बी0जे0पी0 के नेताओं को कर्नाटक में हुए सरकारी मशीनरी का दुरूपयोग तथा भ्रष्टाचार पर भी निगाह डाल लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के कारण ही कर्नाटक के मुख्यमंत्री को अपनी कुर्सी गवानी पड़ी तथा कई मंत्रियों को भी पद से हाथ धोना पड़ा। इसी प्रकार मध्य प्रदेश तथा छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकारों के कई मंत्री तथा पदाधिकारी भ्रष्टाचार के घेरे में हैं। उन्होंने कहा कि बी0एस0पी0 इस देश की अकेली पार्टी है, जिसने आपराधिक गतिविधियों तथा भ्रष्टाचार में लिप्त पाये जाने पर अपने सांसदों, मंत्रियों तथा विधायकों को नहीं बख्शा।
प्रवक्ता ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा हाशिये पर चली गयी है, इसलिए भाजपा के तमाम नेता अपने बचे-खुचे जनाधार को बचाये रखने के लिए नये-नये मुद्दे मीडिया में उछालते रहते हैं। उन्होंने कहा कि झूठी बयानबाजी और जनता को गुमराह करने में भाजपा के लोग माहिर हैं। उन्होंने कहा कि देश में बढ़ती महंगाई गरीबी, बेरोजगारी तथा किसानों की दुर्दशा के लिए यू0पी0ए0 के साथ-साथ तत्कालीन एन0डी0ए0 की सरकार भी बराबर की दोषी है। बढ़ती महंगाई के लिए उत्तर प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराना किसी भी दशा में उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा केन्द्र तथा उत्तर प्रदेश की सत्ता में रह चुकी है और उसके नेता अच्छी तरह जानते हैं कि महंगाई के लिए केन्द्र सरकार की नीतियां ही जिम्मेदार होती हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं को यदि देश की आम जनता की चिंता होती तो उन्हें नई दिल्ली में केन्द्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलना चाहिए।
प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा के नेतागण प्रायः बी0एस0पी0 एवं उसकी मुखिया पर विषवमन करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि उनके निशाने पर सिर्फ उत्तर प्रदेश सरकार ही रहती है और उन्हें अपनी सरकारों वाले राज्यों में भ्रष्टाचार, बदहाल कानून-व्यवस्था, असुरक्षा तथा महंगाई नहीं दिखाई देती। उन्होंने कहा कि सत्ता पाने की हड़बड़ी में भाजपा के लोग अपरिपक्व तथा बेसिर-पैर के बयान देने से बाज नहीं आ रहे हैं।
प्रवक्ता ने कहा कि रोजगार देने के मामले में बी0एस0पी0 सरकार दूसरे राज्यों की सरकारों से बेहतर रही है, जिसने अपने सीमित संसाधनों से प्रदेश के युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध करायें हैं। राज्य सरकार द्वारा लगभग 88 हजार प्राथमिक शिक्षकों, 1 लाख 09 हजार सफाई कर्मियों तथा 5 हजार उर्दू शिक्षकों की भर्ती की गयी। इसके अलावा पुलिस विभाग में लगभग सवा दो लाख नये पदों भर्ती की प्रक्रिया शुरू की है। इसके अलावा 72,825 प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती भी शुरू की गयी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों के चलते गैर-सरकारी क्षेत्रों में भी लाखों लोगों को रोजगार उपलब्ध हुआ है।
प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा शासित मध्य प्रदेश, कर्नाटक एवं छत्तीसगढ़ में मा0 लोकायुक्त की रिपोर्ट पर कई गम्भीर मामलों में कोई कार्यवाही नहीं की गयी और उन्हें ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। जबकि उत्तर प्रदेश की बी0एस0पी0 सरकार ने लोकायुक्त की रिर्पोट पर अपने कई मंत्रियों को बर्खास्त कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित गुजरात की सरकार वहां वर्षों से खाली चल रहे मा0 लोकायुक्त के पद को भरने की बजाए अभी तक मुकदमेबाजी में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं को प्रशासनतंत्र में पारदर्शिता तथा जवाबदेही के लिए लोकायुक्त जैसी संस्था की व्यवस्था अपने राज्यों में करने के लिए दबाव बनाना चाहिए।

सुरेन्द्र अग्निहोत्री
मो0 9415508695
upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

May 2024
M T W T F S S
« Sep    
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  
-->









 Type in