Categorized | लखनऊ.

आवास बन्धु के अध्यक्ष श्री मलिक मसूद हटाये गये

Posted on 12 September 2011 by admin

बी.एस.पी से निष्कासित, सगड़ी का टिकट भी कटा

बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री माननीया सुश्री मायावती जी ने उ.प्र. आवास बन्धु के अध्यक्ष श्री मलिक मसूद को आज उनके पद से हटा दिया है। साथ ही उन्हें बीएसपी से निष्कासित करते हुए आजमगढ़ जिले की सगड़ी विधानसभा सीट से उनका टिकट भी काट दिया है।
यह जानकारी आज यहां बी.एस.पी. के प्रवक्ता ने दी। उन्होंने बताया कि माननीया मुख्यमंत्री जी को पिछले काफी समय से श्री मसूद के बारे में शिकायतें मिल रही थीं कि वह सगड़ी विधानसभा क्षेत्र के लोगों से ठीक से सम्पर्क भी नहीं बना पा रहे थे। वह अपने निजी कार्यों और पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहते थे। इसी कारण सगड़ी क्षेत्र के दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के बीच उनकी छवि लगातार धूमिल होती जा रही थी।
प्रवक्ता ने बताया कि वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में बी.एस.पी. प्रत्याशी श्री अकबर अहमद डम्पी के पक्ष में श्री मलिक ने न तो समुचित सहयोग किया और न ही वे पार्टी कार्यकर्ताओं का विश्वास जीत पाये। हाॅलाकि वह पार्टी के टिकट पर एक बार विधायक भी चुने जा चके हैं, इसके बावजूद वह सगड़ी विधानसभा क्षेत्र के लोगों से मन से कभी भी जुड़ नहीं सके। वह अपने क्षेत्र के दबे-कुचले और कमजोर तबके के लोगों के बीच भी लोकप्रिय नहीं हो सके, क्योंकि वह इन लोगों की कठिनाइयों को दूर करने के प्रति कभी गम्भीर नहीं रहे। प्रवक्ता ने बताया कि पिछले कुछ समय से उनके खिलाफ अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों की शिकायतें भी आ रही थीं। उनके बारे में लगातार मिल रही इस तरह की शिकायतों को गम्भीरता से लेते हुए माननीया मुख्यमंत्री जी ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया और विधानसभा चुनाव के लिए उनका टिकट भी काट दिया।
प्रवक्ता ने कहा कि बी.एस.पी. देश की सबसे अनुशासन प्रिय पार्टी है, जो पार्टी विरोधी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करती। प्रवक्ता के अनुसार बी.एस.पी. की नीतियों और विचारधारा के अनुरूप आचरण न करने और अपने स्वार्थों को तरजीह देने के कारण ही श्री मसूद को पार्टी से निकाल दिया गया है।

सुरेन्द्र अग्निहोत्री
मो0 9415508695
upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

October 2026
M T W T F S S
« Sep    
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  
-->









 Type in