Categorized | लखनऊ.

कांग्रेस का दलित सम्मेलन द्विग्भ्रमित करने की नई साजिश

Posted on 22 August 2011 by admin

  • बी0एस0पी0 भ्रष्टाचार के मुद्दे पर संघर्ष करने वाले किसी भी व्यक्ति, संस्था अथवा संगठन के साथ है
  • राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कर रहे हैं बाबा साहेब डाॅ0 भीमराव अम्बेडकर का नाम विवादित

बहुजन समाज पार्टी के प्रवक्ता ने राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष श्री पी0एल0 पुनिया द्वारा की गयी टिप्पणी की कड़ी निन्दा की है। प्रवक्ता ने कहा कि भ्रष्टाचार की जनक कांग्रेस पार्टी के शासनकाल के दौरान पनपे भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने के लिए ही बी0एस0पी0 की स्थापना हुई है और वह लगातार भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी आवाज बुलन्द करती रही है। इसी क्रम में पार्टी ने कहा था कि देश में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर किसी व्यक्ति, संस्था अथवा संगठन द्वारा आवाज उठायी जाती है तो बी0एस0पी0 उसका समर्थन करती है।
बी0एस0पी0 के इस मत को राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष समझ ही नहीं पाए और इसी नासमझी के कारण उन्होंने अनर्गल  बयानबाजी कर डाली, जिसके वह अभ्यस्त भी रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्री पुनिया को कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता की तरह बयान न देकर राष्ट्रीय अनुसूचति जाति आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की गरिमा का तो कम से कम ध्यान अवश्य ही रखना चाहिए था। आयोग के अध्यक्ष द्वारा राजनीति से प्रेरित होकर दिए गए बयान से एक बार फिर यह बात साबित हो गयी है कि कांग्रेस पार्टी और इसके लोग संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग राजनैतिक स्वार्थ के लिए करने में तनिक भी झिझक महसूस नहीं करते हैं।
प्रवक्ता ने कहा कि देश में दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों की दुर्दशा के लिए कांग्रेस पार्टी ही जिम्मेदार है, जिसने देश व उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा समय तक राज किया। उसी की दोहरी नीतियों के कारण दलितों को अभी भी उचित सम्मान नहीं मिल पाया है। अब जबकि उत्तर प्रदेश में चुनाव होने वाले हैं तो कांग्रेस पार्टी प्रदेश में दलित वर्ग को द्विग्भ्रमित करने की साजिश में लिप्त हो गयी है और दलित सम्मेलन के नाम पर अपने नापाक मंसूबों को अंजाम देना चाहती है, जिसका सूत्रधार अनुसूचति जाति आयोग के अध्यक्ष को बना दिया गया है।
पार्टी प्रवक्ता के मुताबिक बी0एस0पी0 देश की इकलौती ऐसी पार्टी है, जिसने भ्रष्टाचार व आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहने पर अपनी ही पार्टी के मंत्रियों, सांसदों, विधायकों एवं पार्टी पदाधिकारियों को भी नहीं बख्शा। बी0एस0पी0 भ्रष्टाचार व कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं करती। इसीलिए भ्रष्टाचार के विरूद्ध उठ रही किसी भी आवाज के वह साथ है, चाहे वह कोई भी व्यक्ति, संगठन अथवा संस्था हो।
बी0एस0पी0 प्रवक्ता ने कहा कि श्री पुनिया की याद्दाश्त या तो कमजोर हो गयी है या फिर कांग्रेस की सरकारों द्वारा दलितों की उपेक्षा किए जाने के मामले को वह नजरअंदाज कर रहे हैं। कांग्रेस पे्रम में श्री पुनिया इतने लिप्त हो चुके हैं कि बी0एस0पी0 पर हमला करने के लिए बार-बार संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डाॅ0 भीमराव अम्बेडकर का नाम विवादित करते रहते हैं, जबकि यह सर्वविदित है कि पूरे देश में बी0एस0पी0 इकलौती पार्टी है, जिसने बाबा साहेब को समुचित सम्मान देने के साथ ही उत्तर प्रदेश की वर्तमान बी0एस0पी0 सरकार उनके सिद्धान्तों और आदर्शाें पर कार्य कर रही है।
पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि अपने चारो शासनकाल में माननीया मुख्यमंत्री सुश्री मायावती जी ने दलितों के हित में अनेक ऐतिहासिक फैसले लिए हैं, जबकि कांग्रेस नेतृत्व वाली यू0पी0ए0 की सरकार राज्य सरकार के कार्याें में सिर्फ बाधा पहुंचाने का कार्य करती है, जो स्वयं भ्रष्टाचार में आकण्ठ डूबी हुई है। यदि श्री पुनिया दलितों के सच्चे हितैषी होते, तो केन्द्र सरकार पर दबाव डालकर उत्तर प्रदेश के लिए खासतौर से दलितों के लिए अधिक से अधिक धनराशि दिलवाने में मदद करते।
प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली केन्द्र की मौजूदा यू0पी0ए0 सरकार के इतने घोटाले सामने आए हैं, कि लोगों को अब इनकी संख्या याद रखना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रमण्डल खेल, 2-जी स्पैक्ट्रम, आदर्श आवासीय तथा एस0 बैण्ड घोटाले में कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व वाली यू0पी0ए0 सरकार के दिग्गज शामिल हैं, लेकिन इस सम्बन्ध मंे कांग्रेस नेता मौन धारण किए हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की केन्द्र सरकार घोटालों में शामिल लोगों को बचाने मंे लगी रही, इसके विपरीत बी0एस0पी0 सरकार कानून तोड़ने वालों तथा भ्रष्टाचार में शामिल लोगों के साथ कोई रियायत नहीं करती।

सुरेन्द्र अग्निहोत्री
मो0 9415508695
upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

June 2026
M T W T F S S
« Sep    
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  
-->









 Type in