Categorized | लखनऊ.

बी0एस0पी0 ने श्री राज ठाकरे के बयान की घोर निंदा करते हुए इसे आतंकवादियों जैसा ही विघटनकारी कृत्य बताया

Posted on 15 July 2011 by admin

  • मुम्बई की खुशहाली व प्रगति में उत्तर प्रदेश व बिहार से आये लाखों कामगारों का महत्वपूर्ण योगदान
  • संविधान में प्रत्येक नागरिक को देश के किसी भी राज्य में जाकर रोजी-रोटी कमाने व बसने का मौलिक अधिकार प्राप्त

बहुजन समाज पार्टी के प्रवक्ता ने महाराष्ट्र नव-निर्माण सेना (मनसे) प्रमुख श्री राज ठाकरे द्वारा उत्तर भारतीयों के सम्बन्ध में दिये गये बयान की घोर निंदा करते हुए कहा कि श्री ठाकरे आतंकवादियों जैसा ही कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जहां आतंकवादी अपने नापाक इरादों को अमली जामा पहनाने के लिये सीरियल बम विस्फोटों का सहारा लेकर देश की एकता एवं अखण्डता को क्षति पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं श्री ठाकरे देश की संवैधानिक व्यवस्था, एकता एवं अखण्डता को चोट पहुंचाने के लिये अपने गैर जिम्मेदाराना बयानों का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्री ठाकरे को समझना चाहिये कि इस प्रकार के बयान से आतंकवादी व अन्य विघटनकारी ताकतों को ही बढ़ावा मिलेगा।

पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि श्री ठाकरे को मालूम होना चाहिए कि यदि आज मुम्बई को देश की आर्थिक राजधानी माना जाता है तो इसके पीछे उत्तर प्रदेश व बिहार के लाखों कामगारों का भी महत्वपूर्ण योगदान है, जिन्होंने अपने खून-पसीने से मुम्बई की समृद्धि व प्रगति में उल्लेखनीय भूमिका निभायी है। इसके साथ ही श्री ठाकरे को यह भी नहीं भूलना चाहिए कि मुम्बई में उत्पादित वस्तुओं की खपत उत्तर भारत सहित पूरे देश के करोड़ों उपभोक्ताओं द्वारा की जाती है और यही तथ्य मुम्बई की आर्थिक खुशहाली का प्रमुख आधार है।  इसलिए मनसे नेता को गैर-जिम्मेदाराना बयानबाजी करने से पहले तथ्यों की समग्र जानकारी अवश्य कर लेनी चाहिये थी।

बी0एस0पी0 प्रवक्ता ने कहा कि भारतीय संविधान में देश के प्रत्येक नागरिक को चाहे वह किसी भी धर्म या जाति से सम्बन्धित हो अथवा किसी भी प्रदेश का निवासी हो, देश के किसी भी राज्य में जाकर रोजी-रोटी कमाने व बसने का मौलिक अधिकार प्राप्त है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र का मुम्बई शहर भारत का ही अंग है तथा इसके लिये अलग से कोई संविधान नहीं बनाया गया है, जिसके अनुसार वहां देश के दूसरे राज्यों के लोग जाकर अपनी रोजी-रोटी न कमा सके और वहां जाकर न बस सके। उन्होंने कहा कि यदि मनसे नेता की भारतीय संविधान में तनिक भी आस्था है तो उन्हे इस तथ्य को अच्छी तरह से जान लेना चाहिए कि उत्तर भारतीयों को मुम्बई में उसी प्रकार से सभी अधिकार प्राप्त हैं, जिस प्रकार से महाराष्ट्र और मुम्बई के मूल निवासियों को प्राप्त हैं।

सुरेन्द्र अग्निहोत्री
मो0 9415508695
upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

June 2026
M T W T F S S
« Sep    
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  
-->









 Type in