Categorized | लखनऊ.

कांग्रेस पार्टी सहित अन्य विपक्षी दलों द्वारा कन्नौज की घटना एवं प्रदेश की कानून व्यवस्था के संबंध में दिये गये बयान हास्यास्पद एवं निराधार - बी0एस0पी0 प्रवक्ता

Posted on 20 June 2011 by admin

बहुजन समाज पार्टी के प्रवक्ता ने कांग्रेस पार्टी के नेता श्री दिग्विजय सिंह एवं श्रीमती रीता बहुगुणा जोशी सहित अन्य विपक्षी दलों द्वारा कन्नौज की घटना एवं प्रदेश की कानून व्यवस्था के संबंध में दिये जा रहे बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे हास्यास्पद एवं निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को राज्य सरकार पर आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबान में झांक लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि कन्नौज की घटना पर प्रशासन द्वारा तत्काल सख्त कदम उठाते हुए एफ0आईआर0 लिखने में देरी करने वाले उपनिरीक्षक तथा आरक्षी को निलम्बित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है और दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि वह भी शीघ्र जेल की सलाखों के पीछे होगा।

पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि विपक्षी दलों को कन्नौज की घटना का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपराधियों को कतई नहीं बख्शेगी।  उन्होंने कहा कि जहां तक प्रदेश की कानून-व्यवस्था की बात है तो कांग्रेस पार्टी के नेताओं को मालूम है कि बी0एस0पी0 सरकार की कानून-व्यवस्था कांग्रेस शासित दिल्ली सरकार तथा हरियाणा एवं राजस्थान से काफी बेहतर है। उन्होंने कहा कि बी0एस0पी0 सरकार अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को बचाने की कोशिश कतई नहीं करती, भले ही अपराधी का सम्बन्ध बी0एस0पी0 से ही क्यों न हो। उन्होंने कहा कि प्रदेश की हर घटना को राजनैतिक रंग देना श्री दिग्विजय सिंह एवं श्रीमती जोशी की फितरत में शामिल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के ये नेता आगामी विधान सभा चुनाव के मद्देनजर ऐसा कर रहे हैं।

बी0एस0पी0 प्रवक्ता ने कहा कि प्रदेश की जनता के बीच विपक्षी दलों की विश्वसनीयता समाप्त हो गयी है, क्योंकि प्रदेश की जनता सपा के शासनकाल के दौरान प्रदेश में कायम गुण्डाराज को आज भी नहीं भूल पायी है। इसी प्रकार कांग्रेस पार्टी की विभिन्न राज्य सरकारों की कानून-व्यवस्था भी प्रदेश की जनता मीडिया के माध्यम से देख एवं समझ रही है। इसके अलावा कांग्रेस के नेतृत्व वाली केन्द्र की यू0पी0ए0 सरकार द्वारा किये गये बड़े-बड़े घोटालों से भी प्रदेश की जनता समझ गयी है कि यह पार्टियां भाषणबाजी के अलावा देश एवं प्रदेश की जनता के हित में अच्छा कार्य नहीं कर सकती हैं।

प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं को बी0एस0पी0 सरकार पर आरोप लगाने से पहले कांग्रेस शासित हरियाणा सरकार में दलितों के साथ हो रहे अन्याय एवं अत्याचार पर अपनी आवाज बुलन्द करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की ठीक नाक के नीचे दिल्ली में कानून-व्यवस्था इस कदर खराब है कि इसे रेप की राजधानी कहा जाय तो गलत नहीं होगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान में दलितों को सार्वजनिक नल से पानी पीने के लिए जुर्माना भरना पड़ता है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी के नेता जब बी0एस0पी0 सरकार पर उंगली उठाते हैं तो लोग इनके बयानों को पढ़ और सुनकर हंसते हैं।

प्रवक्ता ने कहा कि उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री स्वयं प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर सतर्क हैं। उन्होंने स्पष्ट तौर पर निर्देश दे रखा है कि कानून-व्यवस्था तोड़ने वाले व्यक्ति को कतई माफ न किया जाये। उन्होंने खुद ऐसे उदाहरण प्रस्तुत किये हैं जैसे देश के दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्रियों द्वारा आज तक संभव नहीं हुआ। उन्हांेने अपने आवास से अपनी ही पार्टी के सांसद को पुलिस बुलाकर गिरफ्तार कराया है। बसपा मंत्रियों, विधायकों एवं पार्टी के अन्य पदाधिकारियों की प्रदेश में घटित किसी घटना में संलिप्तता सिद्ध होने पर उन्हें तत्काल कानून के हवाले किया गया और उनके विरूद्ध पार्टी स्तर पर भी कार्यवाही की गयी।

सुरेन्द्र अग्निहोत्री
मो0 9415508695
upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

April 2024
M T W T F S S
« Sep    
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  
-->









 Type in