Categorized | झांसी

पृथक बुंदेलखंड राज्य बेहतर मुद्दा

Posted on 03 January 2011 by admin

अब  भारतीय जनता पार्टी को भी समझ में आने लगा है कि प्रदेश में  खोया हुआ जनाधार पाने के लिए पृथक बुंदेलखंड राज्य बेहतर मुद्दा हो सकता है। ‘गांव चलो - गली चलो’ अभियान की समीक्षा करने झांसी आए पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य कलराज मिश्र ने खुलकर पृथक राज्य की वकालत की। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड राज्य यहां की जनता का हक है। उन्होंने कहा कि वर्ष २०१० को भ्रष्टाचार के लिए याद रखा जाएगा।

सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव छोटे राज्यों की समर्थक रही है। भाजपा के शासनकाल में ही उत्तराखंड, झारखंड समेत चार राज्य बने थे। बुंदेलखंड समेत अन्य छोटे राज्यों का निर्माण होना चाहिए। दो राज्यों के बीच में फंसे इस क्षेत्र के लिए राज्य पुनर्गठन आयोग की स्थापना की जाए, ताकि संस्कृति, भाषा और भौगोलिक स्थिति का सही आंकलन हो सके और यहां के लोगों को उनका अधिकार मिल सके।

उन्होंने कहा कि केंद्र की यूपीए सरकार भ्रष्टाचार के मामलों में दिग्भ्रमित हो गई है। प्रधानमंत्री जेपीसी के विकल्प के रूप में कभी पीएसी के सामने जाने की बात करते हैं तो कभी लोकायुक्त बिल लाने की तैयारी की जाती है। वर्ष २०१० में खाद्यान्न घोटाला, कामनवेल्थ गेम्स, आदर्श हाउसिंग सोसायटी, टू जी स्पेक्ट्रम जैसे लगातार कई घोटाले हुए। सुप्रीम कोर्ट ने भी इस पर तीखी टिप्पणी की। जनता महंगाई की मार से त्रस्त है और सरकार इससे बचाव के रास्ते तलाशने के बजाए गलत बयानबाजी कर रही है। हिंदू आतंकवाद के नाम पर कांग्रेस तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है। केंद्र की तरह प्रदेश सरकार भी कर्तव्यों का निर्वहन सही तरीके से नहीं कर रही है। रबी की फसल के लिए किसानों को यूरिया व डीएपी ब्लैक में खरीदनी पड़ रही है। बिजली नहीं होने के कारण सिंचाई का संकट है। भ्रष्टाचार का अंदाजा बांदा के उस पुल से लगाया जा सकता है जो पिछले दो सालों से बन रहा था और अब ध्वस्त हो गया। सरकार इंजीनियर के निलंबन की बात कर रही है, जबकि इस मामले में मंत्री को पद से हटाया जाना चाहिए था। उमा भारती के भाजपा में वापसी के प्रश्न पर उन्होंने सीधे कुछ कहने के बजाए कहा कि इसका उत्तर वही दे सकती हैं। विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी प्रत्याशी चयन के प्रश्न को वह हंस कर टाल गए।

इसके बाद पार्टी कार्यालय पर ह़ुई बैठक को संबोधित करते हुए श्री मिश्र ने कहा कि गांव स्तर से मिलने वाली समस्याओं और शिकायतों का कच्चा चिट्ठा तैयार करें व निस्तारण के लिए जिलाधिकारी और परगनाधिकारी से बात करें। जनता की अधिक से अधिक समस्याओं का निराकरण कराएं। बैठक के प्रारंभ में पार्टी जिलाध्यक्ष अरिदमन सिंह ने जिले में अभियान के तहत चली गतिविधियों की जानकारी दी। इस मौके पर पूर्व मंत्री रवींद्र शुक्ल, डा. कंचन जायसवाल, डा. धन्नू लाल गौतम, राकेश गुप्ता, रवि शर्मा, सरोज अग्निहोत्री, रामतीर्थ सिंघल, सुबोध गुबरेले, संजीव श्रृंगीऋषि, आदि ने विचार व्यक्त किए।

–
Vikas Sharma
Editor
www.upnewslive.com , www.bundelkhandlive.com ,
E-mail : vikasupnews@gmail.com  , editor@bundelkhandlive.com
Ph-09415060119

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

October 2026
M T W T F S S
« Sep    
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  
-->









 Type in