Categorized | लखनऊ.

लाखों की संख्या में बुनकर परिवारों के सामने खड़े हो चुके रोजी-रोटी के संकट

Posted on 16 November 2010 by admin

उत्तर प्रदेश सरकार की उपेक्षा के चलते पावरलूम लघु उद्योग एवं हथकरघा उद्योग के पूरी तरह ठप हो जाने से लाखों की संख्या में बुनकर परिवारों के सामने खड़े हो चुके रोजी-रोटी के संकट, सूत व सिन्थेटिक धागों के दामों में हो रही बेतहाशा वृद्धि एवं कालाबाजारी, विद्युत व्यवस्था ध्वस्त होने से बुनकर बाहुल्य क्षेत्र अम्बेडकरनगर में बुनकर अनशन करने के लिए बाध्य हो गये हैं किन्तु अभी तक प्रदेश सरकार द्वारा कोई भी कदम नहीं उठाया गया है। बुनकरों की बेमियादी हड़ताल जारी है और प्रदेश सरकार के कान में जूं तक नहीं रेंग रही है।

उ0प्र0 कंाग्रेस कमेटी की अध्यक्ष डॉ0 रीता बहुगुणा जोशी ने आज यहां जारी बयान में कहा कि कांग्रेस शासनकाल में बुनकर बाहुल्य क्षेत्र अम्बेडकर नगर सहित पूरे प्रदेश में 28 कताई मिलें स्थापित की गई थीं। जिसमें से अधिकतर या तो बन्द हैं या अथवा गैर कांग्रेसी प्रदेश सरकारों द्वारा अपने निजी लाभ के चलते बेंच दी गई हैं। जिसके चलते लाखों बुनकर एवं कताई मिलों में कार्यरत लोग बेरोजगार हो गये हैं, उनके सामने परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा है, रोजी-रोटी के लिए दूसरे प्रदेशों में पलायन के लिए बाध्य हो गये हैं। वर्तमान में प्रदेश में कुल 3मिलें चल रही हैं किन्तु भ्रष्टाचार और बिचौलियों के चलते बुनकरों का शोषण किया जा रहा है।

डॉ0 जोशी ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में ही कताई मिलों में बुनकरों के लिए अलग से काउण्टर बनाये जाते थे, जिस पर उन्हें आसानी से मिलों से सूत प्राप्त होता था जिस पर उन्हें सिब्सडी भी प्राप्त होती थी, किन्तु प्रदेश में एक ओर जहां बुनकरों की दयनीय हालत है वहीं कालाबाजारी और भ्रष्टाचार के चलते उन्हें सूत के लिए बिचौलियों के हाथों ठगा जा रहा है। प्रदेश सरकार कालाबाजारी को रोकने के बजाय उसे बढ़ावा देकर बुनकरों की कमर तोड़ने का कार्य किया है। बुनकरों को न तो बिजली दी जा रही है और न ही बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं।

डॉ0 जोशी ने मांग की है कि बुनकर बाहुल्य क्षेत्रों को उद्योग नगरी घोषित कर इसके उद्योग का दर्जा दिया जाय एवं बुनकरों की समस्याओं को तत्काल दूर किया जाय। उ0प्र0 की बन्द कताई मिलों को पुन: चालू किया जाय। सरकारी डिपो खोलकर सस्ता सूत उपलब्ध कराया जाय एवं तैयार माल की उचित मूल्य पर खरीद सुनिश्चित की जाय। जलालपुर अ0न0 में स्वीकृत 132 के0वी0ए0 सबस्टेशन को तत्काल स्थापित करने के साथ ही अम्बेडकरनगर को एन.टी.पी.सी. टाण्डा से जोड़कर सीधे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित किया जाय।

प्रदेश कंाग्रेस मुख्यालय में आल इण्डिया बुनकर फेडरेशन के अध्यक्ष अहमद नदीम अंसारी एवं कंाग्रेस नेता श्री अरविन्द पाण्डेय के नेतृत्व में बुनकर नेताओं ने आज प्रदेश कंाग्रेस अध्यक्ष डॉ0 जोशी से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए समस्याओं को दूर किये जाने हेतु अनुरोध किया। जिस पर डॉ0 जोशी ने रूई के निर्यात को बन्द किये जाने, रूई का समर्थन मूल्य घेाषित किये जाने एवं बुनकरों के स्वास्थ्य बीमा हेतु शीघ्र ही प्रधानमन्त्री से मिलकर बुनकरों की समस्याओं को दूर कराने का आश्वासन दिया।

सुरेन्द्र अग्निहोत्री
मो0 9415508695
upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

July 2026
M T W T F S S
« Sep    
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  
-->









 Type in