Categorized | लखनऊ.

माननीया मुख्यमन्त्री जी सुश्री मायावती जी ने माननीय सर्वोच्च न्यायालय की पीठ द्वारा अयोध्या मामले में मा0 उच्च न्यायालय के द्वारा निर्णय घोषित करने का रास्ता साफ करते ही कानून व्यवस्था के सम्बंध में आपात बैठक बुलाई

Posted on 28 September 2010 by admin

माननीया मुख्यमन्त्री जी ने प्रदेश की जनता से अमन-चैन कायम रखने व शरारती तत्वों से सावधान रहने तथा साम्प्रदायिक सौहार्द बनाये रखने की अपील की साम्प्रदायिक ताकतों को प्रदेश में अमन-चैन बिगाड़ने की किसी को भी छूट नहीं दी जायेगी और ऐसे तत्वों से सख्ती से निपटा जायेगा अर्थात कानून व्यवस्था के मुद्दे पर मेरी सरकार कोई समझौता नहीं करेगी-माननीया मुख्यमन्त्री जी
उत्तर प्रदेश की माननीया मुख्यमन्त्री सुश्री मायावती जी ने मा0 सर्वोच्च न्यायालय की तीन जजों की बेंच द्वारा अयोध्या विवाद के बारे में दिये गये निर्णय के बाद कानून व्यवस्था से जुडे़ वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की आज एक आपात बैठक अपने निवास पर बुलाई जिसमें माननीया मुख्यमन्त्री जी ने कानून व्यवस्था की स्थिति की गहन समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को यह निर्देश दिये कि पूर्व में 24 सितम्बर को मा0 उच्च न्यायालय द्वारा अयोध्या विवाद के सम्बंध में दिये जाने वाले निर्णय के परिप्रेक्ष्य में कानून व्यवस्था बनाये रखने की दृष्टि से जो तैयारियां की गईं थीं, उनको तत्काल कड़ाई से लागू किया जाये।

माननीया मुख्यमन्त्री जी ने पुलिस एवं प्रशासन के सर्वोच्च अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये कि किसी भी हालत में साम्प्रदायिक तत्वों को प्रदेश में अमनचैन से खिलवाड़ करने की अनुमति न दी जाये और ऐसे तत्वों से सख्ती से निपटा जाये। माननीया मुख्यमन्त्री सुश्री मायावती जी ने समीक्षा बैठक के दौरान सभी अधिकारियों को यह भी निर्देश दिये कि 24 सितम्बर को हाईकोर्ट में आने वाले निर्णय के परिप्रेक्ष्य में जो सभी तैयारियां पुलिस एवं प्रशासन द्वारा की गई थीं और जिनको माननीय सर्वोच्च न्यायालय में 28 सितम्बर को इस प्रकरण से सम्बंधित सुनवाई तक यथावत लागू किये जाने के निर्देश दिये गये थे, उसी क्रम में पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी गण प्रदेश में कानून व्यवस्था को बनाये रखने के लिए उन्हीं दिशा निर्देशों के क्रम में आगे भी कार्यवाही सुनिश्चित करें।

सुश्री मायावती जी ने कहा कि उनकी सरकार किसी भी हालत में प्रदेश में अमनचैन कायम रखने के लिए कटिबद्ध है और इसके लिए विगत लगभग दो माह से लगातार विभिन्न स्तरों पर कार्यवाही करके यह सुनिश्चित किया गया है कि मा0 उच्च न्यायालय के अयोध्या प्रकरण में निर्णय आने के पश्चात् भी प्रदेश में हर हालत में अमनचैन कायम रहे। उन्होंने सभी अधिकारियों को इस दृष्टि से पिछले महीने 18 अगस्त को विस्तृत निदेंZश दिये थे जिन पर अब कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाय। उनसे यह भी अपेक्षा की कि मा0 उच्च न्यायालय द्वारा अयोध्या प्रकरण में घोषित किये जाने वाले निर्णय के परिप्रेक्ष्य में प्रदेश में अमन चैन सुनिश्चित किया जाये। माननीया मुख्यमन्त्री जी ने 30 सितम्बर को मा0 उच्च न्यायालय द्वारा दिये जाने वाले निर्णय के परिप्रेक्ष्य में मा0 उच्च न्यायालय की इलाहाबाद एवं लखनऊ बेंच में सुरक्षा की दृष्टि से पुख्ता इन्तजाम किये जाने के भी निर्देश दिये।

माननीया मुख्यमन्त्री जी ने यह भी निर्देश दिये कि सभी जिलों के पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि इस संवेदनशील प्रकरण की आड़ में असामाजिक तत्व कानून-व्यवस्था एवं साम्प्रदायिक सौहार्द को खराब न कर सकें। उन्होंने प्रशासिनक एवं अभिसूचना तन्त्र को भी पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश के सभी महत्वपूर्ण धार्मिक, सामाजिक व ऐतिहासिक स्थलों की हर मामले में कड़ी नज़र रखी जाये। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि यह भी सुनिश्चित किया जाये कि शरारती तत्व अफवाह फैला कर लोगों को गुमराह न करने पायें।

माननीया मुख्यमन्त्री जी के आवास पर बुलाई गई इस आपात बैठक में प्रदेश के कैबिनेट सचिव श्री शशांक शेखर सिंह, प्रमुख सचिव गृह श्री कुंवर फतेहबहादुर, पुलिस महानिदेशक श्री कर्मवीर सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था श्री बृजलाल के अलावा अन्य वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे।
सुरेन्द्र अग्निहोत्री
मो0 9415508695
upnewslive.com

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.

Advertise Here

Advertise Here

 

October 2026
M T W T F S S
« Sep    
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  
-->









 Type in